दिग्गी का सीएम पर निशाना:मामा ऐसे है जो बिल वसूलने जीजा के घर पुलिस भेजते है, भाजपा का शासन दलाल चला रहे
राजधानी भोपाल के बैरसिया में सैकड़ों गाय की मौत के मामले में कांग्रेस ने सरकार-प्रशासन पर गौशाला संचालक भाजपा नेत्री को बचाने का आरोप लगा प्रदर्शन किया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह और भाजपा पर एक के बाद एक गंभीर आरोप लगाए।
विस्तार
राजधानी भोपाल के बैरसिया में सैकड़ों गाय की मौत के मामले में कांग्रेस ने सरकार-प्रशासन पर गौशाला संचालक भाजपा नेत्री को बचाने का आरोप लगा प्रदर्शन किया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह और भाजपा पर एक के बाद एक गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस ने बैरसिया स्थित गौशाला संचालिका के अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई के एक सप्ताह बाद सरकार के संरक्षण में कब्जा करने का आरोप लगा प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने एसडीएम बैरसिया को ज्ञापन सौंप कर गौशाला संचालिका के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इससे पहले दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं हमेशा कहता आया हूं कि भाजपा का शासन पूरी तरह से भ्रष्टाचारियों और दलालों के द्वारा चलाया जा रहा है। यहां हर चीज के लिए कमशीन लगता है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के पास टूटी साइकिल नहीं थी, अब बड़ी बड़ी गाड़ियों से घूम रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने जनता से लूट से पैसा कमा कर बड़ी बड़ी गाड़ियां खरीद ली है। बड़े ठेकेदार बन कह रहे है कि विकास हो गया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिवराज अपने आप को मामा बताते है। यह ऐसे मामा है जो बिजली के बिल की वसूली के लिए पुलिस को अपने जीजा जी के यहां भेजते है। यह मामा नहीं मामू हैं। यह पूरी दलाली की भीड़ मामू की गैंग है। यह गैंग लूट रही है।
एक सप्ताह में फिर अतिक्रमण
सिंह ने कहा कि एक महिला भाजपा की नेता 25 साल से बैरसिया में गौशाला चला रही है। धंधा कर रही है। यह मैं नहीं यहां के स्थानीय लोग कह रहे है कि वह हड्डियों, चमड़े का व्यापार कर रही है। अनुदान प्राप्त कर दूध देने वाली गाय को खिला देती थी, बाकी भूखों मरते थे। सिंह ने कहा कि शासन और प्रशासन उसे बचाने में लगा हुआ है। यहां पर कलेक्टर ने अतिक्रमण हटाया, उस पर एक सप्ताह में दोबारा कब्जा कर लिया गया। उसे बचाने में पूरी सरकार लगी हुई है। यहीं नहीं उसे बचाने के लिए हल्की धाराएं जोड़ी गई। हमारी मांग है कि उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धाराएं लगाए। गौ हत्या का प्रकरण दायर किया जाए। उन्होंने सवाल किया कि यह कैसी गौ सेवा। यह तो व्यवसाय है। उन्होंने सरकार से तुरंत अतिक्रमण हटाने और सख्त कार्रवाई की मांग की।
गाय के चारे के लिए पैसा नहीं मिला
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कमलनाथ की सरकार ने 1 हजार गौशालाएं खोलने का निर्णय लिया। अपनी 15 महीने की सरकार में 26 खुलवा भी दी। कमलनाथ सरकार ने शिवराज की सरकार के समय के प्रति गाय के चारे की राशि 1 रुपए 60 पैसे से बढ़ाकर 20 रुपए की। जब हम लोगों ने इन लोगों की पोल खाेलना शुरू की। इंदौर, सुसनेर, रीवा सब जगह गाय की मौत हुई, बैरसिया में तो हम सबने देखा। फिर सरकार को ख्याल आया कि 20 रुपए कर देना चाहिए। लेकिन अभी भी वह 20 रुपए आया नहीं है। पूरे जगह भ्रष्टाचार का आलम है।
गौ माता के नाम पर धंधा चला रहे
सिंह ने आरोप लगाया कि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद गौ माता के नाम पर धंधा चला रहे है। सिंह ने कहा कि मैं पूरे प्रदेश में घूमता हूं इनकी नश नश मुझे पता है। कोई इनसे वाकिफ है तो दिग्विजय सिंह है। जब मैं इनकी नश दबाता हूं तो चमक जाते है और मुझे गाली देते है। सिंह ने कहा कि बजरंग दल के वाट्सएप ग्रुप बने हुए है। उनमें मैसेज चलते है कि ट्रक में गाय भरी आ रही है, उससे वसूली कर लो। यह वसूली पूरे प्रदेश भर में चली हुई है। यहीं नहीं यह लोग खुद ट्रक से गाय भेजते थे, ऐसे दो ट्रक पकड़ाए। जिसमें उनको भेजने वाले बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के लोग निकले।
मुसलमान पकड़ता तो एनएसए लगा देते
सिंह ने कहा कि यदि गाय किसी मुसलमान के संरक्षण वाली जगह मर जाती तो बवाल हो जाता। उसके खिलाफ एनएसए लग जाता और दुनिया भर में प्रचार करते कि मुसलमान ने ऐसा कर दिया। अब भाजपा नेत्री पकड़ाई तो उसे बचाने में जुट गए। मैं ललेरिया के मुसलमानों को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने 800 क्विंटल भूसा दान में दे दिया। मेरे यह कहने पर कहेंगे कि देखा दिग्विजय मूसलमानों का संरक्षण करता है। मैं सच्चाई और इंसानियत के साथ हूं। इंसानियत ही धर्म है। बाकी सब धर्म के नाम पर सौदा करते है, चंदा उगाते है। राम मंदिर के नाम पर चंदा उगाया।
सीएम रहते एक दाग नहीं लगा
दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं 10 साल मुख्यमंत्री रहा, लेकिन मुझ पर भ्रष्टाचार का एक प्रकरण नहीं बना। मुझ पर उमा भारती ने आरोप लगाया तो मैंने कोर्ट में खड़ा कर दिया। आज 18 साल हो गए। उमा भारती आरोप छोड़ो अब समझौता करने के लिए खबर भेज रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने 2 रुपए प्रति किलो गोबर खरीदने का निर्णय लिया, हम उनको बधाई देते है। जो गाय बाहर घूम रही थी, लोगों ने उनको भी घर पर बांधना शुरू कर दिया।
अधिकारियों को चेतावनी
भाजपा सरकार में अधिकारी कांग्रेस के नेताओं पर मुकदमें ठोक रहे है। हमने सभी लोगों की जन्मकुंडली बना रखी है। शिवराज सिंह चौहान को चेतावनी देते हुए कि सिंह ने कहा कि मामू व्यापमं में तुम्हारी एक-एक नश हमारे पास दबी हुई है। जिस दिन तुम्हारी सरकार नहीं रहेगी, उस दिन तुम्हें पत चल जाएगा सरकार चलाना क्या होता है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं जनता की लड़ाई लड़ता हूं और लड़ता रहूंगा।
11 तारीख को पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ेगे
दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं संघी विचारधारा के खिलाफ हूं। यह देश को बर्बाद कर देंगे। उन्होंने कहा कि 11 तारीख को देश में फिर डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने वाले है। इसके पहले अपनी टंकियां भरवा लो। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इनके राज में देश में हालात बिगड़ रहे है। हमारे रुपए का अमूल्यन हो रहा है।
