कुक्षी के आदिवासी अंचल को सौगात: 8 सितंबर से टांडा रोड से दौड़ेगी पहली यात्री ट्रेन, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
कुक्षी और आसपास के आदिवासी अंचल को 8 सितंबर से रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिलेगी। टांडा रोड-डेकाकुंड रेलखंड पर 12 कोच की मेमू ट्रेन सेवा शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
विस्तार
लंबे इंतजार के बाद कुक्षी और आसपास के आदिवासी अंचल के लिए रेल कनेक्टिविटी का सपना साकार होने जा रहा है। 8 सितंबर को टांडा रोड रेलवे स्टेशन से पहली बार यात्री ट्रेन का संचालन शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा से वर्चुअल माध्यम से 12 कोच की मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ करेंगे। वहीं, टांडा रोड स्टेशन पर रेलवे द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं धार की सांसद सावित्री ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और क्षेत्र की जनता शामिल होगी।
इसके साथ ही धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना के टांडा रोड-डेकाकुंड रेलखंड पर नियमित यात्री सेवा शुरू हो जाएगी। केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर जिले में रेल कनेक्टिविटी के लिए लगातार प्रयास करती रही हैं। गत दिनों उन्होंने रेल मंत्री से मुलाकात कर परियोजना के लिए विशेष पैकेज भी स्वीकृत करवाया था।
उद्घाटन में जुटेंगे हजारों लोग
टांडा रोड से डेकाकुंड (अलीराजपुर) तक बिछाए गए रेल मार्ग की सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी है। इसके बाद 1 सितंबर को 12 कोच की मेमू ट्रेन वडोदरा से टांडा रोड स्टेशन पहुंची थी। रेलवे बोर्ड से यात्री सेवा शुरू करने की मंजूरी मिलने के बाद उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यात्री ट्रेन के शुभारंभ को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। शुक्रवार को पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने टांडा और घोर पंचायत के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। जनप्रतिनिधियों के अनुसार लंबे समय से यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे क्षेत्र से हजारों लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है।
पढ़ें: दुकान में घुसा 12 फीट का विशाल अजगर, एक-एक कर पांच मुर्गियों को बनाया शिकार; खौफ में आया पूरा इलाका
16 किमी ट्रैक पर खर्च हुए 435 करोड़ रुपये
प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार मेमू ट्रेन सुबह 5:30 बजे प्रतापनगर वडोदरा से रवाना होकर जोबट के रास्ते सुबह करीब 9:30 बजे टांडा रोड पहुंचेगी। ट्रेन दिनभर टांडा रोड स्टेशन पर रुकेगी। इसके बाद शाम 5 बजे टांडा रोड से वडोदरा के लिए रवाना होकर रात करीब 9 बजे प्रतापनगर वडोदरा पहुंचेगी। पश्चिम रेलवे के बड़ोदरा मंडल के पीआरओ अनुपम सक्सेना के अनुसार धार-छोटाउदयपुर रेल परियोजना की कुल लागत करीब 3900 करोड़ रुपये है। टांडा रोड से डेकाकुंड तक 16 किलोमीटर रेल लाइन बिछाने में करीब 435 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। हालांकि, टांडा रोड से तिरला-धार तक 46 किलोमीटर रेल लाइन का काम अभी शेष है।
विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
केंद्रीय राज्यमंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि टांडा रोड से यात्री रेल सेवा शुरू होने से कुक्षी और आसपास के आदिवासी क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा और पर्यटन के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है। लंबे समय से रेल सेवा का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह ऐतिहासिक शुरुआत होगी।
सावित्री ठाकुर, केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद, धार
- सेवा: 12 कोच की मेमू ट्रेन
- शुभारंभ: 8 सितंबर
- टांडा रोड पहुंचने का समय: सुबह 9:30 बजे
- टांडा रोड से वापसी: शाम 5 बजे
- टांडा रोड-डेकाकुंड दूरी: 16 किमी
- इस रेलखंड की लागत: 435 करोड़ रुपये
- पूरी धार-छोटाउदयपुर परियोजना: करीब 3900 करोड़ रुपये
