{"_id":"643a9c01770a1d1ab9094fa4","slug":"mp-news-young-boy-died-in-hospital-record-by-coronavirus-is-return-home-after-two-years-2023-04-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP News: जिसको अस्पताल ने कोरोना से मृत बताकर कर दिया था अंतिम संस्कार, वही शख्स दो साल बाद जिंदा लौट आया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP News: जिसको अस्पताल ने कोरोना से मृत बताकर कर दिया था अंतिम संस्कार, वही शख्स दो साल बाद जिंदा लौट आया
Sat, 15 Apr 2023 06:13 PM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धार
Published by: अरविंद कुमार
Updated Sat, 15 Apr 2023 06:13 PM IST
सार
Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश में एक व्यक्ति के परिवार ने उसे कोविड से संक्रमित होकर मृत मान लिया और उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। लेकिन दो साल बाद वो व्यक्ति जिंदा अपने घर लौट आया है, जिसे देखकर घर वालों के खुशी की ठिकाना नहीं रहा।
विज्ञापन
कमलेश
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
धार जिले में दूसरे कोरोना काल के दौरान बड़ौदा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा 40 साल के एक व्यक्ति को मृत घोषित कर उसका वहीं अंतिम संस्कार कर दिया गया था। लेकिन ठीक दो साल बाद अचानक मृतक के जीवित घर लौटने पर परिवार वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हालांकि, इस दौरान वह किसी गिरोह के द्वारा बंधक बनाकर प्रताड़ित किए जाने की बात कह रहा है। जैसे ही मौका मिला, वह बदमाशों के चंगुल से भागकर शुक्रवार रात अपने मामा के घर सरदारपुर तहसील में पहुंच गया और वहां से पुलिस को सूचना दी। अब उसे कानवन थाने लाया जा रहा है।
विज्ञापन
बता दें कि ग्राम कड़ोदकला निवासी कमलेश पुत्र गेंदालाल पाटीदार मंत्री को साल 2021 में कोरोना हो गया था। कोरोना उपचार के लिए उसे बड़ौदा के निजी अस्पताल ले जाया गया था। यहां उपचार के दौरान डाक्टरों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया था। अस्पताल की सूचना पर परिजन पहुंचे। किंतु कोरोना पॉजिटिव होने से परिवार वालों को मृतक का शव दूर से ही दिखाया गया था। पॉलीथीन में लिपटी देह को पुष्टि के साथ पहचानना संभव नहीं था। किंतु डॉक्टरों के कहने पर परिवार वालों ने उसे कमलेश ही मान लिया था। कोरोना संक्रमित होने से मौत होने पर कोविड टीम ने उसका बड़ौदा में ही अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन
विधवा का जीवन बिता रही थी पत्नी...
अस्पताल प्रबंधन के रिकार्ड के अनुसार, मृत मानकर परिवार वालों ने घर पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोक निवारण कार्यक्रम की रस्म का आयोजन भी कर दिया था। बेटे के निधन से पिता गेंदालाल गहरे सदमे में पहुंच गए थे, जो आज तक भी उबर नहीं पाए। वहीं, पत्नी भी दो साल से विधवा का जीवन व्यतीत कर रही थी। किंतु जैसे ही कमलेश के जीवित होने की सूचना मिली तो उनके गमगीन चेहरों पर खुशियों की रौनक लौट गई।
विज्ञापन
परिवार वालों को देखकर भावुक हुआ कमलेश...
शनिवार सुबह बेटे कमलेश के जीवित होने की सूचना गेंदालाल के ससुराल बड़वेली (सरदारपुर) से मिली तो पिता को विश्वास नहीं हुआ। तत्काल वीडियो कॉल करके कमलेश के होने की पुष्टि की। कमलेश भी अपने पिता और परिवार वालों को देखकर भावुक हो गया। इसके बाद सभी परिवार वाले बड़वेली पहुंचे। मेल मुलाकात के बाद उसके जीवित होने की पुष्टि के लिए शासकीय प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए सरदारपुर थाने पर सूचना दी गई। किंतु व्यक्ति कड़ोदकला निवासी है, जो कानवन थाने के अंतर्गत आता है। इसलिए सरदारपुर पुलिस ने उसे संबंधित थाने पर ले जाने की सलाह दी।
कमलेश ने स्वजनों के बताया...
कमलेश ने कोरोना में ठीक होने के बाद अहमदाबाद में किसी गिरोह के चंगुल में होने की जानकारी दी। उसने बताया कि उसे अहमदाबाद में पांच से सात युवकों द्वारा बंधक बनाकर रखा गया था और उसे एक दिन छोड़कर नशीली दवाओं का इंजेक्शन दिया जाता था, जिससे वह हर समय बेसुध ही रहता था। शुक्रवार को चार पहिया वाहन से अहमदाबाद से कहीं और ले जा रहे थे। इसी दरमियान गिरोह के लोग एक होटल पर स्वल्पाहार के लिए रूके। इसी बीच मौका पाकर वह अहमदाबाद से इंदौर आ रही यात्री बस को देखकर चार पहिया वाहन से उतरकर बस में बैठ गया। देर रात्रि में सरदारपुर उतरा और वहां उपस्थित लोगों को अपने मामा के घर बड़वेली पहुंचने की बात कही। तब लोगों के सहयोग से वह बड़वेली पहुंचा था।

