{"_id":"6ac3799d829432f27c0257c9","slug":"birthday-celebrations-turn-violent-15-year-old-student-injured-datia-news-c-1-1-noi1454-4799744-2026-10-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"हर्ष फायर फिर बना मुसीबत: जन्मोत्सव की खुशी में चला दी कट्टे से गोली, पास में खड़े किशोर को लगे छर्रे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हर्ष फायर फिर बना मुसीबत: जन्मोत्सव की खुशी में चला दी कट्टे से गोली, पास में खड़े किशोर को लगे छर्रे
Mon, 05 Oct 2026 08:19 PM IST
दतिया ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दतिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दतिया
Published by: दतिया ब्यूरो
Updated Mon, 05 Oct 2026 08:19 PM IST
सार
दतिया के कामद गांव में बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कथित हर्ष फायरिंग में 15 वर्षीय छात्र घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, अभिषेक वंशकार द्वारा कट्टे से की गई फायरिंग के छर्रे छात्र के घुटने में लगे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 110 में केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
हर्ष फायरिंग में 15 वर्षीय बालक को लगे छर्रे
विस्तार
दतिया जिले के उनाव थाना क्षेत्र के ग्राम कामद में बेटे के जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम उस समय चिंता में बदल गया, जब समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग की चपेट में एक किशोर आ गया। अचानक हुई फायरिंग से निकले छर्रे 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र के दाहिने घुटने में जा लगे। घायल छात्र को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
विज्ञापन
घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक गांव में प्रहलाद वंशकार के घर बेटे के जन्म के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। घर के बाहर भी लोग मौजूद थे। इसी दौरान ग्राम निवासी अभिषेक वंशकार ने कथित तौर पर कट्टे से फायर कर दिया। फायरिंग के बाद निकले छर्रों की चपेट में वहां मौजूद 15 वर्षीय अभिषेक पिता हरदयाल अहिरवार आ गया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- ग्वालियर में 20 रुपये के मोमोज को लेकर विवाद: ठेला संचालक ने छात्र पर फेंका खौलता तेल; चेहरा-कान झुलसे
विज्ञापन
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जैसे ही फायरिंग की आवाज सुनी, वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्र के घुटने में चोट लगने के बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल छात्र जिला अस्पताल में भर्ती है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उनाव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने ग्राम कामद निवासी अभिषेक वंशकार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
थाना प्रभारी अंशुल अरोड़ा के अनुसार, जन्मोत्सव के दौरान हुई फायरिंग में किशोर के घायल होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 110 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। गांव में खुशी के मौके पर की गई फायरिंग ने एक परिवार को अस्पताल पहुंचने पर मजबूर कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई और हथियार का इस्तेमाल किस तरह हुआ। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
