दतिया: पुरानी जमीन की रंजिश में युवक को स्कॉर्पियो से उठाया, मारपीट कर सड़क किनारे फेंका; 4 गिरफ्तार
दतिया में पुरानी जमीन की रंजिश में युवक को स्कॉर्पियो से जबरन उठाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से स्कॉर्पियो, लाठी-डंडे और फरसे बरामद हुए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
विस्तार
दतिया में पुरानी जमीन संबंधी रंजिश को लेकर एक युवक को रास्ते से जबरन उठाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। दतिया कोतवाली पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन, लाठी-डंडे और फरसे बरामद किए हैं। मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को महेवा गांव निवासी दशरथ यादव, शैलेन्द्र यादव, संजू यादव और राघवेंद्र यादव को निचरौली रोड से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को बाजार से भी निकालकर ले गई।
पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार शाम की है। महेवा निवासी 24 वर्षीय पवन यादव अपने भाई संजय के साथ बाइक से वकील से मिलने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को रोक लिया। वाहन में सवार लोगों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान संजय किसी तरह वहां से निकल गया, जबकि आरोपियों ने पवन को पकड़ लिया और जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद परिजनों और पुलिस ने पवन की तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान रात करीब आठ बजे पवन लक्ष्मणपुरा गांव के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। उसके हाथ-पैर में चोटें थीं। परिजन उसे उपचार के लिए इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दतिया जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पढ़ें: आखिरी कॉल के बाद इन्फ्लुएंसर निधि का भावुक पोस्ट, कमरे में हुईं बंद; मोबाइल से तलाशे जा रहे मौत के सुराग
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश की। वारदात के दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों ने घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस जांच में सामने आया कि पवन और आरोपियों के बीच करीब 10 बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार पवन के चाचा ने पूर्व में आरोपियों को जमीन बेच दी थी और इसके बाद गांव छोड़ दिया था। हालांकि, संबंधित जमीन पर पवन का कब्जा बताया जा रहा था। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते पवन के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।
कोतवाली थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर हेमा गौतम ने बताया कि चार आरोपियों को निचरौली रोड से गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन और मारपीट में प्रयुक्त लाठी-डंडे व फरसे बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
