{"_id":"66f12db0f997114ca30ec573","slug":"damoh-news-private-school-teacher-cuts-student-s-hair-in-class-2024-09-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP News: शिक्षक कैंची चलाता रहा ...और हंसते रहे बच्चे; कक्षा के खौफनाक मंजर के बाद सदमे में छात्र, जानें मामला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP News: शिक्षक कैंची चलाता रहा ...और हंसते रहे बच्चे; कक्षा के खौफनाक मंजर के बाद सदमे में छात्र, जानें मामला
Mon, 23 Sep 2024 02:28 PM IST
अर्पित याज्ञनिक
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Mon, 23 Sep 2024 02:28 PM IST
सार
दमोह जिले के हटा ब्लॉक के मडियादो गांव में एक निजी स्कूल के शिक्षक की क्रूर हरकत के बाद स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक गोकुल अहिरवार को निलंबित कर दिया है, लेकिन परिजन अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
विज्ञापन
स्कूल में शिक्षक की क्रूर हरकत।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दमोह जिले के हटा ब्लॉक के मडियादो गांव में संचालित निजी स्कूल के एक शिक्षक ने शनिवार को स्कूल में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले छात्र के बाल काट दिए। शिक्षक ने ये हरकत अन्य शिक्षक और छात्रों के सामने की है। घटना के बाद से छात्र काफी दुखी हैं और मानसिक तनाव में हैं। उसने खाना पीना भी छोड़ दिया है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक की इस हरकत पर उसे निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
पीड़ित छात्र ने बताया कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक गोकल अहिरवार शनिवार दोपहर कक्षा में आए और कहा कि तुम्हारे बाल बहुत बड़े हैं। इसके बाद उन्होंने ऑफिस से कैंची मंगवाकर मेरे बाल काट दिए। मैंने काफी निवेदन किया। यह भी कहा कि मैं दुकान से बाल कटवा लूंगा, लेकिन उन्होंने कहा कि नहीं मैं ही तुम्हारे बाल कटूंगा। छात्र का यह भी आरोप है कि शिक्षक ने बाल काटने के दौरान उसका एक वीडियो भी बनाया और छात्र को धमकी भी दी है कि यह वीडियो वह सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम करेंगे। छात्र इस बात से भी दुखी है कि जिस समय उसके बाल काटे जा रहे थे। पूरी क्लास के छात्र उस पर हंस रहे थे।
विज्ञापन
छात्र के चाचा ने बताया कि भतीजे के पिता यानी मेरे भाई की करीब आठ साल पहले मौत हो चुकी है। उसका भरण पोषण मैं ही करता हूं। मैं चाहता हूं कि मेरा भतीजा पढ़ लिखकर कुछ अच्छा करें, इसलिए मैं उसे निजी स्कूल में पढ़ा रहा हूं। स्कूल से घर आने के बाद मेरा भतीजा एक बाइक सुधारने की दुकान पर जाकर काम करता है, जिससे उसका खर्च निकलता है।
विज्ञापन
शनिवार शाम भतीजे ने घर आकर बताया कि शिक्षक ने उसके बाल काट दिए और उसे सबके सामने अपमानित किया। मैंने जब स्कूल के संचालक से इसकी शिकायत की तो उन्होंने कहा कि मैं शिक्षक को समझा दूंगा। छात्र के चाचा कहा कि इस घटना के बाद से भतीजा सदमें में है। खाना-पीना भी बंद कर दिया है। वह स्कूल जाने से डर रहा है, आत्महत्या करने जैसी बातें कर रहा है। उन्होंने कहा कि वो शिक्षक के खिलाफ पुलिस में भी शिकायत करेंगे।
शिक्षक को किया निलंबित
निजी स्कूल के संचालक शालिगराम उपाध्याय का कहना है कि वह घटना के समय स्कूल में नहीं थे। स्कूल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि शिक्षक ने एक छात्र के बाल काट दिए हैं। इसके बाद उन्होंने संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं, शिक्षक गोकुल अहिरवार का कहना है कि उन्होंने गलत मंशा से ऐसा नहीं किया वह छात्रों को अपने भाई-बहन की तरह ही मानते हैं।
