{"_id":"5e8c7bce8ebc3e6fa62187bc","slug":"corona-lives-of-people-are-more-important-economy-can-be-built-again-says-shivraj-chauhan","type":"story","status":"publish","title_hn":"अर्थव्यवस्था बाद में भी खड़ी कर लेंगे, लेकिन लोगों की जिंदगी वापस कैसे लाएंगे: शिवराज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अर्थव्यवस्था बाद में भी खड़ी कर लेंगे, लेकिन लोगों की जिंदगी वापस कैसे लाएंगे: शिवराज
Tue, 07 Apr 2020 06:40 PM IST
Amit Mandal
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: Amit Mandal
Updated Tue, 07 Apr 2020 06:40 PM IST
विज्ञापन
शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : ANI
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संकेत दिए हैं कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए 14 अप्रैल तक राज्य में लगे 21 दिन के लॉकडाउन की अवधि को और आगे भी बढ़ाया जा सकता है। चौहान ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो मध्य प्रदेश में लॉकडाउन को आगे भी बढ़ाएंगे।
विज्ञापन
चौहान ने कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन पर मंगलवार को वीडियो जारी करके कहा, परिस्थिति देख कर फैसला करेंगे। जनता की जिंदगी ज्यादा जरूरी है। लॉकडाउन सह लेंगे, अर्थव्यवस्था बाद में भी खड़ी कर लेंगे, लेकिन लोगों की जिंदगी चली गई तो वापस कैसे लाएंगे?
विज्ञापन
Lives of people are more important, economy can be built again but if people die, how will we bring them back? That is why, if the need arises we will extend the lockdown, a decision will be taken based on the situation: Madhya Pradesh CM Shivraj Singh Chouhan #CoronaLockdown pic.twitter.com/4lr97YA9em
— ANI (@ANI) April 7, 2020
विज्ञापन
चौहान ने कहा, अभी जो परिस्थिति मैं भोपाल में देख रहा हूं, इंदौर में देख रहा हूं, उसमें हमें सावधानी बहुत रखने की जरूरत है। इसलिए अगर जरूरत पड़ी तो इसको आगे भी बढ़ाएंगे। जनता की जिंदगी हमारे लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। परिस्थितियां देख कर फैसला करेंगे।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 24 मार्च की मध्यरात्रि 12 बजे से 21 दिन का देशव्यापी लॉकडाउन लागू है, ताकि लोगों में दूरी बना कर इस महामारी को देश में खत्म किया जा सके। लॉकडाउन की अवधि 14 अप्रैल को पूरी होनी है। लेकिन मध्य प्रदेश के भोपाल व इंदौर शहरों में इस महामारी के मरीजों की संख्या में पिछले कुछ दिनों से बड़ी तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
भोपाल में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस मरीजों की तादाद बढ़कर 268 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि भोपाल में मंगलवार को सामने आये 12 नए कोरोना मरीजों में से सात पुलिसकर्मी व उनके परिवार से और पांच स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हैं।
उन्होंने बताया कि इन 12 नए कोरोना संक्रमित मरीजों को मिलाकर भोपाल में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है। इनमें से दो कोरोना संक्रमित मरीजों स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है तथा एक मरीज की मौत हो गई थी।
प्रदेश में कुल 268 कोरोना संक्रमित मरीजों में से इन्दौर में सबसे अधिक 151 मरीज पाए गए हैं।
