चुनावी साल में किरकिरी: भाजपा सांसद-विधायक को महिलाओं ने सुनाई खरी-खोटी, सरकार की योजनाएं गिनाने निकले थे
खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और खंडवा विधानसभा के विधायक देवेंद्र वर्मा भाजपा सरकार की विभिन्न योजनाओं को गिनाने ग्रामीण दौरे पर निकले हैं। उनके दौरे के पहले ही दिन उन्हें ग्रामीण महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्यप्रदेश के खंडवा में भाजपा सांसद और विधायक को ग्रामीण महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ा। इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि खंडवा सांसद और विधायक महिलाओं के बीच घिरे हुए हैं और महिलाएं उन्हें सड़क, पानी और पीएम आवास को लेकर खरी-खोटी सुना रही हैं। बता दें कि चुनावी वर्ष होने के चलते भाजपा सांसद और विधायक ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर हैं। वे सरकार की योजनाओं को गिनाने के लिए ग्रामीणों के बीच पहुंच रहे हैं। ऐसे में जिस गांव से उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत की, वहीं उन्हें विरोध का सामना करना पड़ गया।
खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और खंडवा विधानसभा के विधायक देवेंद्र वर्मा ने एक साथ मिलकर करीब 12 ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कार्यक्रम बनाया था। सांसद और विधायक में अनबन की खबरें जग जाहिर हैं। ऐसे में दोनों ने संयुक्त कार्यक्रम बनाकर एकजुटता दिखाने की कोशिश की। लेकिन खंडवा विधानसभा क्षेत्र के दूधवास गांव में सरकार की योजनाओं को गिनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं ने सांसद और विधायक को ही घेर लिया।
विरोध को देखते हुए भाजपा नेताओं ने रोका कार्यक्रम
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों प्रतिनिधियों के ग्रामीण दौरे की शुरुआत दूधवास से ही होनी थी, लेकिन इसी गांव में महिलाओं के विरोध को देखते हुए उन्होंने अपने कार्यक्रम को रोक दिया। कार्यक्रम के दौरान जब विधायक और सांसद मंच से सरकारी योजनाओं को गिना रहे थे। तभी नाराज महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और सड़क-पानी, पीएम आवास और राशन पर्ची न बनने पर खरी-खोटी सुनाने लगीं। ग्रामीणों ने घटनाक्रम के वीडियो भी वायरल कर दिए।
हमारे मोहल्ले में चलो, बताते हैं विकास कहां है...
दूधवास में महिलाओं ने सांसद और विधायक को खरी-खोटी सुनाते हुए आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया। जब सांसद कहने लगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने खूब विकास कराया है, तभी कुछ लोग खड़े हो गए और कहने लगे कि देख लिया आपका विकास। हमारे मोहल्ले में चलो, बताते हैं विकास कहां है। अब इन वीडियो को विपक्षी दल कांग्रेस के नेता मुद्दा बना रहे हैं और सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। साथ ही सांसद और विधायक पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
कांग्रेस नेता कुंदन मालवीय ने इस घटना को लेकर कहा कि भाजपा विकास की बात करती है। लेकिन यह वीडियो बताते हैं कि 15 सालों में प्रदेश में विकास नहीं बल्कि विनाश हुआ है। इन 15 सालों में सिर्फ भाजपा के कुछ लोगों का ही विकास हो पाया है। जनता का विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कमलनाथ की 15 महीने की सरकार में जनता खुश थी लेकिन भाजपा ने धोखे से सत्ता हथिया ली।
