MP Weather: मध्यप्रदेश में तीन दिन में पांच डिग्री तापमान बढ़कर 40 पहुंचा, आगामी दो दिन तक तेज गर्मी का अलर्ट
MP Weather Today: मध्यप्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले तीन दिन में पांच डिग्री तक तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। पारा 40 डिग्री पहुंच गया है। अगले दो दिन तक और तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं।
विस्तार
मध्यप्रदेश में गर्मी का असर दिखने लगा है। पिछले तीन दिन में पांच डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। प्रदेश में पहली बार 40 डिग्री तक तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार को रतलाम सबसे गर्म रहा। यहां का तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, धार और शिवपुरी जिले में पारा 39 डिग्री के पार रहा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी तेज धूप खिली रही। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन तेज गर्मी पड़ने का अलर्ट है।
बता दें कि मंगलवार को रतलाम में सामान्य से 4.8 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई और पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को धार में 39.3 डिग्री, शिवपुरी में 39 डिग्री, खजुराहो में 38.8 डिग्री, गुना में 38.6 डिग्री, दमोह-नर्मदापुरम में 38.5 डिग्री, सागर में 38.2 डिग्री, मंडला-टीकमगढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा। यहां पारा 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। उज्जैन में 38.5 डिग्री, इंदौर में 37.6 डिग्री, भोपाल में 37 डिग्री और जबलपुर में 35.8 डिग्री पहुंच गया। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है।
यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में बढ़ी गर्मी, 2 दिन बाद लू चलने के आसार, 40 डिग्री पार पहुंचेगा दिन का पारा
मालवा-निमाड़ में चल सकती है लू
अगले दो दिन में मालवा-निमाड़ यानी, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में लू का असर रह सकता है। इनमें रतलाम, उज्जैन, खरगोन, खंडवा, धार आदि शामिल हैं। रतलाम को छोड़ बाकी शहरों में तापमान 38 से 39 डिग्री के बीच है। मौसम विभाग के अनुसार, सामान्यतः दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक या सामान्य से 4.6 डिग्री तक अधिक हो तो हीट वेव यानी लू की स्थिति मानी जाती है।
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
26 मार्च को- तीखी धूप खिली रहेगी। गर्मी का असर बढ़ा रहेगा।
27 मार्च को- दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी और हो सकती है। दिन में तीखी धूप खिली रहेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
