{"_id":"6474a384d433e7d8f50d62c3","slug":"mp-politics-narottam-told-rahul-s-claim-of-150-seats-as-a-daydream-said-age-is-dominating-kamal-nath-2023-05-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"MP Politics: राहुल के 150 सीट के दावे को नरोत्तम ने बताया दिवास्वप्न, बोले- कमलनाथ पर उम्र हावी हो रही है","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
MP Politics: राहुल के 150 सीट के दावे को नरोत्तम ने बताया दिवास्वप्न, बोले- कमलनाथ पर उम्र हावी हो रही है
Mon, 29 May 2023 06:37 PM IST
रवींद्र भजनी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: रवींद्र भजनी
Updated Mon, 29 May 2023 06:37 PM IST
सार
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी के मध्य प्रदेश में 150 सीट जीतने के दावे को दिवास्वप्न बताया है। साथ ही यह भी कहा कि कमलनाथ पर उम्र हावी हो रही है।
विज्ञापन
नरोत्तम मिश्रा, गृहमंत्री
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि 150 सीट जीतने का दावा राहुल गांधी का दिवास्वप्न है। इसी तरह वह यह भी बोल गए कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ जी पर उम्र हावी हो रही है। इस वजह से वह अजीब बयान दे रहे हैं।
विज्ञापन
दरअसल, राहुल गांधी ने दिल्ली में मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कर्नाटक रिपीट होगा और पार्टी 150 से अधिक सीटें जीतेगी। इस पर कटाक्ष करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि 'इसे दिवास्वप्न कहते हैं। कहा तो उन्होंने कर्जामाफी और बेरोजगारी भत्ते का भी था। जो हश्र उनकी उन बातों का हुआ था, वही हश्र उनकी इस बात का भी होगा।'
विज्ञापन
कमलनाथ पर बोला हमला
इससे पहले नरोत्तम मिश्रा ने नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कमलनाथ पर जोरदार हमला बोला। उनसे कमलनाथ के मंत्रालय (वल्लभ भवन) में कांग्रेसियों को फ्री इंट्री देने के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी को यह बात सोचनी चाहिए कि वह वल्लभ भवन है। वहां से सरकार चलती है। यह कोई आईफा अवार्ड्स थोड़े ही है कि वहां से पास जारी करेंगे। पहले भी हम कहते थे कि वल्लभ भवन को दलाली का अड्डा बना दिया है। वह जनता का वल्लभ भवन है, कांग्रेस का नहीं। आम जनता वहां जाती है। वहां से सरकार चलती है। वे इस तरह के बयान दे रहे हैं। साफ है कि उन पर उम्र हावी होती जा रही है।
विज्ञापन
उज्जैन मामले में किया सरकार का बचाव
उज्जैन में महाकाल महालोक में सप्तऋषि की मूर्तियों के गिरने के मसले पर कांग्रेस के आरोपों को उन्होंने बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ट्विटर और टीवी तक रह गई है। वह लोग आपदा में मदद तो करते नहीं है, ऐसा ही करते हैं। कोरोना काल में कभी कमलनाथ जी, दिग्विजय सिंह जी किसी राहत शिविर में, दवा बांटते हुए, किसी अस्पताल में, अनाज बांटते हुए दिखे? बाढ़ आई थी मंदसौर में। तब भी वल्लभ भवन में बैठे रहे। हमारे नौजवान वहां गए थे। उज्जैन में तो बवंडर आया था। यह एक प्राकृतिक आपदा थी। इसमें भी कोई दिक्कत नहीं है। निर्माण कार्य गारंटी पीरियड में है। वहां जो भी नुकसान होगा, ठेकेदार मरम्मत करेगा। नया बनाकर देगा। पांच साल का पीरियड है। खर्च भी उसका ही होगा।
मोदी जी से पहले देश कराह रहा था
नरोत्तम मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल पर कहा कि उनसे पहले देश कराह रहा था। उन्होंने कहा कि मोदी जी के इन 9 साल के पहले देश कराह रहा था। कहीं 2जी, कहीं 3जी तो कहीं जीजाजी का घोटाला था। पनडुब्बी से लेकर हेलीकॉप्टर तक घोटाला हुआ। पाताल से आकाश तक घोटाला हुआ। जैसे ही मोदी जी आए, देश अंगड़ाई लेकर खड़ा हो गया। आज भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। विश्व के अंदर मोदी जी सबसे लोकप्रिय व्यक्ति हैं। आज अमेरिका के राष्ट्रपति उनका ऑटोग्राफ मांगते हैं। जो कभी प्रतिबंध लगाते थे, वह रेड कारपेट बिछाकर अगवानी करते हैं। दूसरे देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्राध्यक्ष पैर छूकर सम्मान करते हैं। मोदी जी ने देश के सम्मान को ऊपर उठाने का काम किया है। यह ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने नौ साल के अंदर विकास को मुद्दा बनाया।
