{"_id":"604983288ebc3ec39955ef1f","slug":"mp-husband-cuts-his-wife-s-arms-and-legs-on-suspicion-of-illicit-relations-doctor-done-hand-surgery-in-6-hours-bhopal-police","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"पति ने अवैध संबंधों के शक में काटे थे पत्नी के हाथ-पैर, डॉक्टरों ने 6 घंटे की सर्जरी के बाद जोड़ा हाथ, खतरे से बाहर पीड़िता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पति ने अवैध संबंधों के शक में काटे थे पत्नी के हाथ-पैर, डॉक्टरों ने 6 घंटे की सर्जरी के बाद जोड़ा हाथ, खतरे से बाहर पीड़िता
Thu, 11 Mar 2021 08:34 AM IST
दीप्ति मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: दीप्ति मिश्रा
Updated Thu, 11 Mar 2021 08:34 AM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : social media
मध्यप्रदेश में भोपाल के निशातपुरा में शराबी पति की हैवानियत का शिकार हुई महिला की जिंदगी अब खतरे से बाहर है। पति ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी के हाथ-पैर कुल्हाड़ी से काट दिए थे। महिला को गंभीर हालत में हमीदिया में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने 6 घंटे तक चली सर्जरी के बाद उसकी कटी हुई हथेली को फिर से जोड़ दिया है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, हमीदिया में चार विभागों के डॉक्टरों की टीम ने 6 घंटे चले ऑपरेशन के बाद पीड़िता संगीता की कटी हुई हथेली को हाथ से जोड़ दिया। हालांकि, उसके पैर का कटा हुआ पंजा नहीं जुड़ सका। इसलिए, डॉक्टरों ने पैर में प्लास्टिक सर्जरी कर दी। हाथ बच पाएगा या नहीं, यह दो से तीन दिन में पता चलेगा।
विज्ञापन
क्या था मामला?
भोपाल के निशातपुरा क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अनिल त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे निशातपुरा स्थित पारस काॅलाेनी की है। यहां हाेशंगाबाद निवासी 32 वर्षीय प्रीतम सिंह सिसाेदिया पत्नी संगीता और सात साल के बेटे के साथ रहता है। प्रीतम मेहनत-मजदूरी करता है, जबकि संगीता इंदौर की एक फैक्टरी में सुपरवाइजर है। वह 15-15 दिन में इंदौर से भोपाल आती-जाती रहती है। बेटा पिता के पास ही रहता है। प्रीतम उसे प्रति सप्ताह भोपाल आने का दबाव डालता था और वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह भी करता था।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी संगीता भोपाल आई हुई थी, तभी नशे में घर पहुंचे प्रीतम ने महिला के हाथ-पैर के पंजे काट कर अलग कर दिए थे। महिला की चीख पुकार सुन पड़ोसियों ने घटना की पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके दोनों पंजे पॉलिथीन में रखकर अस्पताल लाई थी, जहां डॉक्टरों ने उसे जोड़ने के लिए देर रात 2:45 बजे ऑपरेशन शुरू किया था, जो सुबह 9 बजे तक चला। पुलिस ने उनके बेटे को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया है।
करतूत पर नहीं अफसोस
आरोपी प्रीतम को पत्नी के हाथ-पैर काटने की करतूत पर जरा भी अफसोस नहीं है। जबकि उसे इस बात पर गुस्सा आ रहा है कि उसकी पत्नी ने तलाक क्यों मांगा। आरोपी पति अपने बेटे को याद कर रो रहा है। वह बार-बार अपने सात साल के बेटे के बारे में ही पूछता है- मेरा बेटा कैसा है?
महिला लेना चाहती थी तलाक
पीड़िता ने बताया, ''वर्ष 2014 मे उसकी शादी करा दी गई, उस वक्त उसकी उम्र मात्र 14 वर्ष की थी। शादी के एक साल बाद बेटा हो गया। पति अक्सर शराब पीकर मारपीट करता था। मैं कई बार थाने गई लेकिन वो हर बार थाने के बाहर से पकड़ कर ले आता। नवंबर, 2020 में उसने बुरी तरह से पीटा, जिसके बाद मैंने तय किया कि इसके साथ नहीं रहना है। मैं तलाक लेना चाहती थी, लेकिन वो नहीं माना। इस बीच मैं एक लड़के से मिली। मैं उससे शादी करना चाहती हूं। मंगलवार को दिन में मैंने प्रीतम को बताया कि मैं तलाक की अर्जी देने कोर्ट जा रही हूं। बेटे को गुरुकुल में डालकर तुमसे से मुक्ति पा लूंगी। इसके बाद उसने बेटे से फोन लगवाया। इमोशनली ब्लैकमेल कर मुझे रात में घर बुला लिया। मेरे पहुंचने के पहले उसने खाना बना लिया था। जब घर पहुंची, तो उसी ने खाना परोसा। मैंने जैसे ही खाना खाया तो चक्कर आने लगे। इसके बाद उसने मेरे हाथ-पैर काट दिए।''
