COVID-19: मध्यप्रदेश में 15 दिन में बढ़े 78 हजार नए मामले, लेकिन इन जिलों से राहत की खबर
मध्यप्रदेश में पिछले 15 दिन में 78 हजार मरीज बढ़े हैं। कोरोना की दूसरी लहर मध्यप्रदेश के कई इलाकों में बहुत तेजी से फैल रही है। भोपाल में एक दिन में 118 कोरोना शवों का अंतिम संस्कार किया गया है, जो अबतक का सर्वाधिक आंकड़ा है।
विस्तार
देश में कोरोना की दूसरी लहर व्यापक तरीके से फैल रही है और महाराष्ट्र के अलावा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, गुजरात, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में कोरोना का संक्रमण पहले के मुकाबले तेजी से फैल रहा है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में संक्रमण के दैनिक मामलों के साथ-साथ मौतों का आंकड़ा भी तेज गति से बढ़ रहा है।
राज्य में शुक्रवार को 11,045 मरीज सामने आए। जबकि भोपाल में 1,669 नए मरीज मिले। वहीं भोपाल में एक दिन में 118 कोरोना के शवों का अंतिम संस्कार भी हुआ। इसी के साथ अप्रैल महीना कोरोना काल में अबतक का सबसे भयावह महीना बन गया।
ऐसा इसलिए क्योंकि मात्र 15 दिनों में ही 78 हजार मरीज बढ़ चुके हैं। इतने मामले सालभर में किसी महीनेे में नहीं बढ़े, जितने अकेले अप्रैल में बढ़े। इससे पहले वाले साल में सितंबर महीने में 64,082 कोरोना के संक्रमित मरीज सामने आए थे। हालांकि थोड़ी राहत की बात यह है कि खंडवा, बुरहानपुर, देवास और छिंदवाड़ा में संक्रमण की दर घटने लगी है।
वहीं बता दें कि राज्य सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 12 अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू लागू किया है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान राज्य के भोपाल शहर में दुकानें बंद दिखाई पड़ी।
मध्य प्रदेश: कोरोना कर्फ्यू के दौरान भोपाल में दुकानें बंद दिखीं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 17, 2021
सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 12 अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू लागू किया है। #COVID19 pic.twitter.com/vgUMMcTw0C
देश में बीते 24 घंटे में सामने आए 2.34 लाख मामले
देश में बीते 24 घंटों में सर्वाधिक रिकॉर्ड 2,34,692 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं, इसी के साथ देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,45,26,609 पहुंच गई है। वहीं बीते 24 घंटों में 1,341 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया, इसी के साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 1,75,649 हो गई।
