भोपाल: वड़ोदरा से 2 हजार में MD खरीदकर 10 हजार में बेचता था, क्लबों तक फैला रखा था ड्रग्स का नेटवर्क; गिरफ्तार
वड़ोदरा से 2 हजार रुपये प्रति ग्राम में एमडी खरीदकर भोपाल में 10 हजार रुपये तक बेचने वाले तस्कर संदीप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी क्लबों और पॉश इलाकों में ड्रग्स सप्लाई करता था। उसके दुबई और वड़ोदरा कनेक्शन सामने आए हैं।
विस्तार
गुजरात के वड़ोदरा से करीब 2 हजार रुपये प्रति ग्राम में एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स खरीदकर भोपाल में 10 हजार रुपये प्रति ग्राम तक बेचने वाले तस्कर को अयोध्या नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर के पॉश इलाकों, बार और होशंगाबाद रोड स्थित कुछ क्लबों में युवाओं को एमडी की सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 10.83 ग्राम एमडी, मोबाइल फोन और स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में वड़ोदरा कनेक्शन और भोपाल में फैले ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब उसके मुख्य सप्लायरों और ड्रग्स खरीदने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है।
क्लब में बनी पहचान, फिर शुरू कर दी ड्रग्स की सप्लाई
अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि आरोपी संदीप सिंह (40) मूल रूप से हरियाणा के करनाल जिले का रहने वाला है। वह वर्ष 2021 से 2025 तक दुबई में रहा। इसके बाद वड़ोदरा की शांति निकेतन सोसाइटी में किराये का मकान लेकर ट्रांसपोर्ट का काम करने लगा।
वर्ष 2025 में ट्रांसपोर्ट के सिलसिले में भोपाल आया और बावड़िया कलां में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग करने लगा। पुलिस के अनुसार, दुबई में रहने के दौरान भी वह कभी-कभी ड्रग्स की तस्करी में शामिल रहा था। भोपाल में रहने के दौरान होशंगाबाद रोड स्थित एक क्लब में उसका आना-जाना शुरू हुआ। क्लबिंग के दौरान उसकी पहचान ड्रग्स का सेवन करने वाले युवक-युवतियों से हुई। इसके बाद उसने इसी पहचान का फायदा उठाकर भोपाल में एमडी की सप्लाई शुरू कर दी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वड़ोदरा से करीब 2 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से एमडी खरीदकर भोपाल लाता था। यहां वह इसे ग्राहकों को 10 हजार रुपये प्रति ग्राम तक में बेचता था।
पढ़ें: ‘जब भगवान खुद नहीं हटना चाहते तो क्यों हटाएं’?: खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को लेकर संतों का विरोध, देखें वीडियो
भोपाल की पॉश कॉलोनियों और क्लबों में बनाए ग्राहक
पुलिस के मुताबिक आरोपी का मुख्य फोकस शहर के पॉश इलाकों और क्लब-बार में आने वाले युवाओं पर था। वह बावड़िया कलां, मिनाल रेसीडेंसी, इंद्रपुरी समेत शहर के अन्य प्रमुख इलाकों में ड्रग्स की सप्लाई करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन-किन क्लबों, बार और अन्य स्थानों पर एमडी की सप्लाई करता था। इसके अलावा उन लोगों की भी पहचान की जा रही है, जो उससे ड्रग्स खरीदते थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपी के संपर्क में भोपाल के अलावा गुजरात से जुड़े अन्य लोग भी हो सकते हैं।
पुलिस से बचने महीनेभर पहले बदला था ठिकाना
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के अनुसार, आरोपी कार्रवाई से बचने के लिए करीब एक महीने पहले अपना ठिकाना बदलकर अयोध्या नगर के जी-सेक्टर में किराये के मकान में रहने लगा था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से उसके बारे में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दशहरा मैदान के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस वड़ोदरा में मौजूद उसके मुख्य सप्लायरों के साथ-साथ भोपाल में ड्रग्स खरीदने वाले ग्राहकों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
