{"_id":"6adb2d15477e6bd6190d6c99","slug":"one-dead-six-injured-as-goods-train-collides-with-pickup-at-unmanned-railway-crossing-anuppur-news-c-1-1-noi1222-4863448-2026-10-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"मध्य प्रदेश: फाटक रहित क्रॉसिंग पर मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत; छह घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मध्य प्रदेश: फाटक रहित क्रॉसिंग पर मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत; छह घायल
Fri, 23 Oct 2026 03:45 PM IST
अनूपपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अनूपपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अनूपपुर
Published by: अनूपपुर ब्यूरो
Updated Fri, 23 Oct 2026 03:45 PM IST
सार
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के संजयनगर में फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी की टक्कर से पिकअप सवार 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे, बेहतर इलाज और रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक लगाने की मांग की।
विज्ञापन
घटना में घायल लोग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग पर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। चचाई थाना क्षेत्र के संजयनगर में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे चचाई पावर प्लांट से संगमा खदान की ओर जा रही खाली मालगाड़ी ने रेलवे लाइन पार कर रहे पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में 26 वर्षीय रवि वर्मा की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षा इंतजामों की मांग को लेकर विरोध जताया।
विज्ञापन
दुर्गा विसर्जन के बाद लौट रहे थे, तभी हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्राम चकैठी निवासी युवक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद पिकअप वाहन में लदे डीजे साउंड को संजयनगर में खाली करके वापस गांव लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे वाहन संजयनगर की फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था। इसी दौरान चचाई की ओर से आ रही खाली मालगाड़ी ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन लगभग 100 मीटर तक घसीटता चला गया।
विज्ञापन
घनी झाड़ियों के कारण ट्रेन दिखाई नहीं देने का दावा
वाहन चालक कन्हैया वर्मा के अनुसार, घटनास्थल के आसपास घनी झाड़ियां और जंगल होने से दृश्यता प्रभावित होती है। क्रॉसिंग पर न तो रेलवे फाटक है और न ही गेटमैन की व्यवस्था। अचानक मालगाड़ी सामने आने पर वाहन में सवार कई लोग कूदकर बाहर निकल गए, लेकिन रवि वर्मा की गर्दन वाहन में फंस गई। वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
छह घायलों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे में घायल अर्जुन कोल (17), विकास सिंह (22), शिवम बैग (18), कन्हैया वर्मा (25), करण कोल (19) और राजेश सिंह (26), सभी निवासी ग्राम चकैठी, को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, इनमें से चार घायलों के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजने का आश्वासन दिया गया।
मुआवजे और रेलवे फाटक की मांग पर अड़े ग्रामीण
हादसे के बाद ग्रामीण जिला अस्पताल में एकत्रित हो गए। उन्होंने पावर प्लांट प्रबंधन की कथित लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता, घायलों के बेहतर इलाज, रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक और प्रकाश व्यवस्था की मांग रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने और शव गांव नहीं ले जाने देंगे।
सुबह से अधिकारियों के अस्पताल नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। बाद में करीब 11 बजे पावर प्लांट के अधिकारी पहुंचे। इसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बैठक हुई। बैठक में घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजने, फैक्ट्री एक्ट के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार मुआवजा देने और रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा के लिए गेट लगाने का आश्वासन दिया गया।
एक साल पहले भी कार को मारी थी टक्कर
संजयनगर की इसी रेलवे क्रॉसिंग पर करीब एक साल पहले भी मालगाड़ी और कार के बीच टक्कर हुई थी। उस हादसे में कार लगभग 100 मीटर तक घसीटती चली गई थी, हालांकि किसी की जान नहीं गई थी। उस समय भी ग्रामीणों ने दुर्घटनाओं की आशंका जताते हुए बैरिकेडिंग या गेटमैन की व्यवस्था करने की मांग की थी। इसके बावजूद क्रॉसिंग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर अब ग्रामीणों में नाराजगी है।
पुलिस ने जांच और आगे की कार्रवाई की बात कही
एसडीओपी अनूपपुर सुजीत कुमार ने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराते हुए मर्ग कायम करेगी। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था और पहले उठाई गई मांगों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
