04:53 PM, 19-Nov-2022
पीएम मोदी दिल्ली रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी एयरपोर्ट के विमानतल से शाम 4:48 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत कई भाजपा नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
04:25 PM, 19-Nov-2022
एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीएचयू हेलीपैड से बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। उनके साथ सीएम योगी और राज्यपाल का हेलीकॉप्टर भी उड़ा।
04:06 PM, 19-Nov-2022
पीएम मोदी बोले- दुनिया की सबसे प्राचीन भाषा तमिल
हमारे पास दुनिया की सबसे प्राचीन भाषा तमिल है। आज तक ये भाषा उतनी ही लोकप्रिय है। ये हम 130 करोड़ देशवासियों की ज़िम्मेदारी है कि हमें तमिल की इस विरासत को बचाना भी है, उसे समृद्ध भी करना है। हमें अपनी संस्कृति, अध्यात्म का भी विकास करना है।
04:04 PM, 19-Nov-2022
आजादी के बाद राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना था, दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ
पीएम मोदी ने कहा कि हमें आजादी के बाद हजारों वर्षों की परंपरा और इस विरासत को मजबूत करना था, इस देश का एकता सूत्र बनाना था, लेकिन दुर्भाग्य से इसके लिए बहुत प्रयास नहीं किए गए। काशी तमिल संगमम इस संकल्प के लिए एक प्लेटफॉर्म बनेगा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए ऊर्जा देगा।
04:00 PM, 19-Nov-2022
काशी की गलियों में मिलेंगे तमिल संस्कृति के मंदिर
पीएम मोदी ने कहा कि काशी और तमिलनाडु का प्राचीन काल से संबंध हैं। इसका प्रमाण काशी की गलियों में मिलेगा। यहां आपको तमिल संस्कृति के मंदिर मिलेंगे। हरिश्चंद्र घाट और केदार घाट पर 200 से ज्यादा वर्ष पुराना मंदिर है।
03:56 PM, 19-Nov-2022
पीएम मोदी ने जोड़ा काशी और तमिलनाडु का नाता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि काशी और तमिलनाडु दोनों ही संस्कृति और सभ्यता के कालातीत केंद्र हैं। दोनों क्षेत्र संस्कृत और तमिल जैसी विश्व की सबसे प्राचीन भाषाओं के केंद्र हैं।
03:51 PM, 19-Nov-2022
काशी और तमिलनाडु ऊर्जा-ज्ञान के केंद्र
पीएम मोदी ने कहा कि काशी और तमिलनाडु दोनों संगीत, साहित्य और कला के स्त्रोत हैं। काशी में बनारसी साड़ी मिलेगी तो कांचीपुरम का सिल्क पूरे विश्व में मशहूर है। तमिलनाडु संत तिरुवल्लुवर की पुण्य धरती है। दोनों ही जगह ऊर्जा और ज्ञान के केंद्र हैं। आज भी तमिल विवाह परंपरा में काशी यात्रा का जिक्र होता है। यह तमिलनाडु के दिलों में अविनाशी काशी के प्रति प्रेम है। यही एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना है जो प्राचीन काल से अब तक अनवरत बरकरार है।
03:42 PM, 19-Nov-2022
काशी और तमिलनाडु दोनों शिवमय और शक्तिमय
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में संगमों का बड़ा महत्व रहा है। नदियों और धाराओं के संगम से लेकर विचारों-विचारधाराओं, ज्ञान-विज्ञान और समाजों-संस्कृतियों के संगम का हमने जश्न मनाया है। इसलिए काशी तमिल संगमम् अपने आप में विशेष है, अद्वितीय है। एक ओर पूरे भारत को अपने आप में समेटे हमारी सांस्कृतिक राजधानी काशी है, तो दूसरी और, भारत की प्राचीनता और गौरव का केंद्र, हमारा तमिलनाडु और तमिल संस्कृति है। ये संगम भी गंगा यमुना के संगम जितना ही पवित्र है। काशी और तमिलनाडु दोनों शिवमय हैं, दोनों शक्तिमय हैं। एक स्वयं में काशी है, तो तमिलनाडु में दक्षिण काशी है। काशी-कांची के रूप में दोनों की सप्तपुरियों में अपनी महत्ता है।
03:34 PM, 19-Nov-2022
पीएम मोदी का संबोधन शुरू
पीएम मोदी ने हर हर महादेव, वणक्कम काशी और वणक्कम तमिलनाडु बोलकर अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने यूपी सरकार, तमिलनाडु सरकार, बीएचयू, आईआईटी मद्रास और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
03:13 PM, 19-Nov-2022
काशी तमिल संगमम में स्वरांजलि
तमिल के प्रसिद्ध संगीतकार व राज्यसभा सांसद इळैयराजा और उनके शिष्यों ने साज-सज्जा के साथ ऊँ, गणेश, शिव, शक्ति, समेत अन्य देवगणों का मंत्र स्तुति के साथ आह्वान किया। इस स्वरांजलि की प्रस्तुति ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पीएम मोदी और सीएम योगी समेत तमाम मौजूद लोग ताली बजाते रहे।