फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Asian Games 2026 Highlights: भारत के पदकों की संख्या हुई 37, आज एथलेटिक्स में आए पांच मेडल

Sun, 27 Sep 2026 06:38 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sun, 27 Sep 2026 06:38 PM IST
खास बातें

एशियन गेम्स 2026 का आठवां दिन भारत के लिए शानदार रहा। आज भारत ने कुल सात पदक अपने नाम किए। इनमें पांच एथलेटिक्स में आए। 

विज्ञापन
Asian Games 2026 Highlights: Manu Bhaker in action, Indian archers eye medals, squash finals today
सरवेश कुशारे - फोटो : SAI

लाइव अपडेट

06:37 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला 4x100 मीटर रिले के फाइनल में पहुंची भारत की टीम

भारत की अभिनया राजाराजन, स्नेहा शनुवली, शिवांकर सुदेशना और तमन्ना की चौकड़ी ने महिला 4x100 मीटर रिले के फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने हीट-1 में 43.65 सेकंड के सीजन बेस्ट समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। हालांकि, ओवरऑल टाइमिंग में भारत चीन और थाईलैंड के बाद तीसरे स्थान पर रहा। महिला 4x100 मीटर रिले का फाइनल सोमवार शाम 6:34 बजे खेला जाएगा।
06:14 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सरवेश कुशारे ने ऊंची कूद में जीता रजत, 2.25 मीटर की छलांग लगाई

बारिश के बीच भारत के सरवेश कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक जीता। उन्होंने 2.25 मीटर की ऊंचाई पार की, लेकिन चीन ताइपे के चाओ शुआन-फू ने इसी ऊंचाई को पहले प्रयास में पार कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सरवेश ने 2.25 मीटर की ऊंचाई दूसरे प्रयास में पार की। वह फाइनल के अधिकांश समय शीर्ष पर बने हुए थे, लेकिन आखिरी दौर में मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए।

विज्ञापन
06:12 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में जीता कांस्य

भारत की पारुल चौधरी ने महिलाओं की स्टीपलचेज स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 9:08.67 सेकंड के पर्सनल बेस्ट समय के साथ यह उपलब्धि हासिल की।

05:49 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में जीता कांस्य

भारत के तेजस्विन शंकर ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीत लिया है। तेजस्विन ने 10 स्पर्धाओं में कुल 7,934 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। दो दिन और 10 स्पर्धाओं तक चले मुकाबले में तेजस्विन ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आखिरी इवेंट 1500 मीटर में किया। उन्होंने 1500 मीटर दौड़ 4:33.09 के समय के साथ जीती और कांस्य पदक पर अपनी पकड़ मजबूत की।

डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर का प्रदर्शन
- 100 मीटर: 10.98 सेकंड
- लंबी कूद: 7.53 मीटर
- शॉट पुट: 13.16 मीटर
- ऊंची कूद: 2.18 मीटर
- 400 मीटर: 48.59 सेकंड
- 110 मीटर बाधा दौड़: 14.33 सेकंड
- डिस्कस थ्रो: 36.77 मीटर
- पोल वॉल्ट: 4.30 मीटर
- भाला फेंक: 53.37 मीटर
- 1500 मीटर: 4:33.09

जापान के मरुयामा ने 8,123 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन के चेन ने 8,012 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया। तेजस्विन 7,934 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। तेजस्विन ने लगातार दूसरे एशियन गेम्स में पदक जीता है। उन्होंने हांगझोऊ एशियन गेम्स में रजत पदक हासिल किया था, जबकि नागोया में उनके खाते में कांस्य पदक आया है।

05:32 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारतीय महिला टीम ने सिंगापुर को 7-0 से हराया, सेमीफाइनल में कोरिया से होगा मुकाबला

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में अपने पूल चरण का अंत अजेय रहते हुए किया। भारत ने रविवार को पूल बी के आखिरी मुकाबले में सिंगापुर को 7-0 से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत की ओर से कप्तान सलीमा टेटे, सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसल, निकी प्रधान और दीपिका ने गोल किए। सुनेलिता ने दो गोल दागे। सलीमा टेटे ने 17वें मिनट में भारत का खाता खोला। इसके बाद सुनेलिता ने 22वें और 24वें मिनट में दो गोल कर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया। लालरेमसियामी ने 26वें मिनट में गोल किया, जबकि रुतुजा ने 29वें मिनट में भारत को 5-0 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में निकी प्रधान ने 35वें मिनट में छठा गोल किया। इसके बाद मैच खत्म होने से पांच मिनट पहले दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार फ्लिक के जरिए भारत का सातवां गोल दागा।

पेनल्टी कॉर्नर में भारत को करना पड़ा संघर्ष
भारत ने पूरे मुकाबले में लगातार दबाव बनाए रखा, लेकिन सिंगापुर की डिफेंस ने शुरुआती क्वार्टर में भारतीय हमलों को रोकने के लिए शानदार बचाव किया। भारत को पहले दो क्वार्टर में 15 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम इनमें से सिर्फ तीन को गोल में बदल सकी। पहले तीन क्वार्टर तक भारत को कुल 24 पेनल्टी कॉर्नर मिले थे, जिनमें से केवल तीन पर गोल हो सका। इसके बावजूद भारतीय टीम ने लगातार आक्रमण जारी रखा और मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। इस जीत के साथ भारत ने पूल बी में पांच मैचों में पांच जीत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अब भारतीय महिला टीम 30 सितंबर को सेमीफाइनल में कोरिया का सामना करेगी। दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन और ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन की भिड़ंत मेजबान जापान से होगी।
05:29 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: मोहम्मद अफसल ने 800 मीटर फाइनल में बनाई जगह, कृष्ण कुमार चूके

भारत के मोहम्मद अफसल पुलिक्कलकाथ ने पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। अफसल अपनी हीट में 1:47.37 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे और सीधे क्वालीफाई करने से चूक गए थे। हालांकि, वह सभी हीट के बाद सबसे तेज गैर-स्वचालित क्वालीफायर में शामिल रहे और फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गए। वहीं, कृष्ण कुमार अपनी 800 मीटर हीट में 1:50.38 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उनका यह प्रदर्शन फाइनल में जगह बनाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा और वह प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
05:28 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शैली सिंह चौथे स्थान पर रहीं, आखिरी प्रयास में चूका पदक

भारत की शैली सिंह महिला लंबी कूद फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं। शैली आखिरी प्रयास तक तीसरे स्थान पर बनी हुई थीं, लेकिन चीन की तान मेंगयी ने अपने अंतिम प्रयास में 6.46 मीटर की छलांग लगाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया। शैली सिंह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6.42 मीटर रहा। इस तरह भारत को महिला लंबी कूद में दो पदक मिलने की उम्मीद थी, लेकिन एंसी सोजन ही पोडियम पर जगह बना सकीं। बारिश के कारण परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रहीं, लेकिन स्पर्धा का अंत बेहद रोमांचक रहा।
05:21 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: 800 मीटर हीट में तीसरे स्थान पर रहे मोहम्मद अफसल

भारत के मोहम्मद अफसल पुलिक्कलकाथ पुरुषों की 800 मीटर हीट में 1:47.37 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसके साथ ही वह सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई करने से चूक गए। अब अफसल को बाकी हीट के नतीजों का इंतजार करना होगा। ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन से चूकने वाले खिलाड़ियों में से दो सबसे तेज धावक फाइनल के लिए आगे बढ़ेंगे। इसलिए अफसल की फाइनल में जगह बाकी हीट के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

05:19 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: लंबी कूद में एंसी सोजन ने जीता रजत, दो सेंटीमीटर से चूका स्वर्ण

भारत की एंसी सोजन ने महिला लंबी कूद फाइनल में रजत पदक जीता। एंसी ने 6.53 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण की मजबूत दावेदारी पेश की थी, लेकिन चीन की हुआंग यिंगयिंग ने अपने आखिरी प्रयासों में 6.55 मीटर की छलांग लगाकर उनसे स्वर्ण छीन लिया। एंसी और स्वर्ण पदक के बीच महज दो सेंटीमीटर का अंतर रहा। इस तरह एंसी को रजत से संतोष करना पड़ा। एशियन गेम्स में भारत का महिला लंबी कूद का पिछला स्वर्ण अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2002 में जीता था।

05:11 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: 100 मीटर बाधा दौड़ में पदक से चूकीं नंदिनी कोंगन

भारत की नंदिनी कोंगन महिला 100 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में पदक हासिल नहीं कर सकीं। उन्होंने 13.45 सेकंड के समय के साथ छठे स्थान पर रेस पूरी की। नंदिनी ने 13.22 सेकंड के सीजन के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन फाइनल में वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकीं।

Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed