फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

MP Election 2023 Live: मोदी-शिवराज को प्रियंका ने घेरा, कहा- मामा कंस भी थे,हमें जिताएं फकीर से छुटकारा मिलेगा

Thu, 09 Nov 2023 01:50 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: अंकिता विश्वकर्मा Updated Thu, 09 Nov 2023 01:50 PM IST
खास बातें

PM Modi in Satna News Live: मध्यप्रदेश में मतदान के पहले भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज अपनी-अपनी ताकत झोंक रहे हैं। आज पीएम मोदी सतना, छतरपुर जिले के दौरे पर हैं। प्रियंका चित्रकूट में हैं। वहीं, राहुल गांधी चंदेरी और अशोकनगर का दौरा कर रहे हैं। राहुल गांधी जबलपुर में रोड शो भी करेंगे।

विज्ञापन
MP Election News Live: Madhya Pradesh Vidhan Sabha Chunav, PM Modi Satna Visit, Priyanka Gandhi in Vindhya
सतना में पीएम मोदी, चित्रकूट में प्रियंका गांधी - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

01:31 PM, 09-Nov-2023
छतरपुर में जनसभा को संबोधित करते मोदी - फोटो : अमर उजाला
जहां-जहां कांग्रेस आई तबाही लाई: मोदी
पीएम मोदी आज छतरपुर के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए पूरा देश दिल्ली से शुरू होता था और दिल्ली में ही खत्म हो जाता था। कांग्रेस के नेता विदेशी दोस्तों को भारत की गरीबी दिखाने के लिए ले जाते थे। सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए कांग्रेस के नेताओं के लिए गरीब एक मजाक बन गया था। कांग्रेस के नेता जिन झुग्गियों में फोटो खिंचाकर वापस आ जाते थे, उन गरीबों को आज मोदी पक्के घर दे रहा है। आज बच्चों को पोषण की चिंता ये गरीब का बेटा मोदी कर रहा है। 



पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस देश को पीछे ले जाएगी। कांग्रेस ने वर्षों तक महिला आरक्षण कानून को लटकाकर रखा। जब हम तीन तलाक पर बिल लेकर आये कांग्रेस ने इसका भी विरोध किया। कांग्रेस ने भगवान राम को काल्पनिक बता दिया था। आदिवासी महिला देश की राष्ट्रपति बने इसका विरोध भी कांग्रेस ने किया था। रिवर्स गियर वालों से एमपी के लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। आजादी के बाद बूंद-बूंद पानी के लिए किसने तरसाया? क्या उस कांग्रेस को सत्ता के लिए तरसाएंगे आप। 100 साल तक सत्ता के लिए तरसाइए, तब इनको पता चलेगा पानी के लिए तरसना क्या होता। दशकों तक जब कांग्रेस की सरकार थी, तब भी केन बेतवा नदियां बहती थीं, फिर इन नदियों को मोदी की इंतजार क्यों करना पड़ा। उनका नेचर है लटकाना, भटकाना, फंसाना। कांग्रेस को हमेशा सिर्फ वोट की फसल की चिंता रही है। किसान के खेत प्यासे हैं इसकी चिंता न कांग्रेस को कल थी, न आज है। जहां-जहां कांग्रेस आई तबाही लाई। कांग्रेस के पास सिर्फ एक पंजा है और पंजा सिर्फ गरीबों से छीनने के काम आता है। कांग्रेस के पंजे से आपको खुद को भी बचाना है और मध्यप्रदेश के भी बचाना है।
01:00 PM, 09-Nov-2023
राहुल गांधी - फोटो : अमर उजाला
राहुल गांधी ने जाति जनगणना के मुद्दे पर मोदी को घेरा
राहुल गांधी आज अशोकनगर जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने नई सराई में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने अडानी के मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा। राहुल गांधी ने कहा कि ये एक दूसरे को धर्म के नाम पर लड़ा रहे हैं। राहुल ने कहा कि दो सरकारें चलती हैं एक गरीबों की मदद करती है एक बिजनेसमैन की मदद करती है। आपका पैसा मोदी जी अडानी को देते हैं और अडानी दुबई में जाकर बड़ा सा घर खरीद लेते हैं। जाति जनगणना इन सभी से निपटने का तरीका है, जिसे मैं एक्स-रे कहता हूं। जिस दिन जाति जनगणना होगी उस दिन मध्यप्रदेश के लोगों को पता चल जाएगा कि लोग बेरोजगार क्यों हैं। मैं मोदी जी से कहता हूं जाति जनगणना के लिए तो मोदी जी कहते हैं कि जात तो है ही नहीं। अपने आप को ओबीसी कहते हैं, लेकिन जब जाति जनगणना की बात होती है तो कहते हैं जाति तो एक ही है, गरीब हैं। 

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो 27 लाख किसानों का कर्जा माफ करेंगे। 100 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। दो लाख रुपये तक का किसानों का कर्जा कांग्रेस सरकार माफ करेगी। यहां पर 2600 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं का दाम करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये करेंगे। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सीधी के पेशाब कांड पर भी भाजपा को जमकर घेरा। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे के करोड़ों के लेनदेन की बात भी की। राहुल गांधी ने कहा कि अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाते हैं जनता से कहते हैं हिन्दी सीखो। आपको बच्चों को विदेशी कंपनी में नौकरी के लिए अंग्रेजी की जरूरत है। राहुल गांधी ने कहा कि ओबीसी, दलित और आदिवासियों को जो मिलना चाहिए वो मिलेगा। मैंने जाति जनगणना कराने का मन बना लिया है।
विज्ञापन
12:05 PM, 09-Nov-2023
प्रियंका गांधी - फोटो : अमर उजाला
प्रियंका गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी आज चित्रकूट के दौरे पर हैं। उन्होंने यहां कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि पुराना संसद भवन चल रहा था, इसके सौंदर्यीकरण पर पीएम मोदी ने 20 हजार करोड़ खर्च किए, लेकिन किसानों को बकाया पैसे नहीं दिए। मोदी जी कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया तो मोदी जी अपने बिजनेसमैन मित्रों का क्या दे रहे हैं। मोदी जी को कोई जानकारी देगा कि 12 सौ 14 सौ में सिलेंडर खरीद रहे हैं। जब शिवराज से लोग कहते हैं कि समस्या है तो शिवराज कहते हैं कि मैं आपका मामा हूं घबराओ मत। किसान को यूरिया नहीं मिल रहा है वो कहते हैं मामा हूं। परीक्षा में घोटाले हो रहे हैं। रोजगार की लिस्ट नहीं आती। भर्ती घोटाले से युवाओं की जिंदगी बर्बाद हो रही है। हर दिन प्रदेश में 17 महिलाओं का शोषण हो रहा है। लाडली है लेकिन सुरक्षा नहीं है। सुरक्षा तो दे देते मामा जी। अत्याचार पर अत्याचार हो रहा है आप कहते हैं मामा हैं। रिश्ता निभाने से बनता है वरना कंस भी मामा थे। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि आप अपनी श्रद्धा को कम कर लो उन नेताओं के लिए जो धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं। 

महंगाई पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने कहा कि उद्योगपतियों के कर्ज माफ हो रहे हैं, किसानों की रोज की कमाई सिर्फ 27 रुपये है। प्याज 100 रुपये किलो हो गई है। अडानी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी ने देश के एयरपोर्ट से लेकर पोर्ट तक सब कुछ अडानी को दे दिया है। कहते हैं कि जंग चल रही है तो सब कुछ महंगा हो रहा है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आपके अधिकारों की बात की है। हमने कभी नहीं कहा कि हमने ये आपको दान दिया है। हमने आपको आपका अधिकार दिया है। इंदिरा जी ने पट्टे दिए हैं। लोकतंत्र में शर्म होनी चाहिए अगर कोई भी बच्चा शिक्षित न हो। हर किसी के लिए भोजन का अधिकार बनाया। ये सब अधिकार कांग्रेस ने इसलिए बनाए ताकि सबको सब कुछ मिले। जब गांधी जी को गोली लगी उन्होंने हे राम कहा, क्योंकि उनका जीवन उन्ही उसूलों पर टिका था। उन्हीं की परंपराओं से कांग्रेस पार्टी बनी है। आजादी के लिए लड़े हैं खून बहाया है। मेरे पिता ने, मेरी दादी ने बहाया है। देश प्यारा तभी होता है, जब जनता प्यारी होती है। प्रियंका ने कहा कि हमें भारी बहुमत से जिताओ ताकि हमारी सरकार को कोई चोरी न कर पाए। आपको फकीरों और मामा जी से छुटकारा मिले।  
11:54 AM, 09-Nov-2023
मैंने कांग्रेस की दुकान बंद करा दी: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके चेले चपाटों को इतना बड़ा नुकसान हो गया, भ्रष्टाचार की काली कमाई को रोक दिया तो वो मोदी को गाली देंगे कि नहीं देंगे। ये जो गालियां पड़ रहीं हैं ना उसका कारण यही है। मैंने दुकान बंद करा दी। आपने चौकीदार को दिल्ली में बिठा दिया।  पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार पर्यटन के क्षेत्र में सतना में बड़ा काम कर रही है। तीन दिसंबर को भाजपा की जीत के बाद सभी विकास कार्यों के लिए काम तेज हो जाएगा। पहली बार वोट देने वाले युवाओं से कहना चाहता हूं कि इस चुनाव को लीड आप कीजिए। ये विधायक चुनने का नहीं अपना भविष्य चुनने का चुनाव है। भाजपा कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मेरे लिए श्रद्धेय है। 
11:30 AM, 09-Nov-2023
सतना में पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला
सतना में बंदूक से संगीत निकल रहा: मोदी
पीएम मोदी आज सतना जिले के दौरे पर हैं। पीएम मोदी के संबोधन के पहले सतना जिले की ज्योति ने बंदूक की नली से बने वाद्ययंत्र से संगीत सुनाया, पीएम मोदी ने ज्योति की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ दुनिया में युद्ध छिड़ा है, वहीं सतना में बंदूक से संगीत निकल रहा है।



विश्व में भारत का डंका बज रहा है: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। आपके वोट में त्रिविद शक्ति का साहस है। आपका वोट यहां भाजपा की सरकार बनाने जा रहा है, आपका वोट मोदी को मजबूत करेगा। आपका वही वोट एमपी को कांग्रेस की भ्रष्टाचारी सरकार से 100 कोष दूर ले जाएगा। मतलब एक वोट तीन कमाल।

कांग्रेस के गुब्बारे की हवा निकल गई है: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश का चुनाव बहुत दिलचस्प है। इस बार एमपी की भविष्य माताएं-बहनें तय करने वाली हैं। कांग्रेस के झूठ के गुब्बारे की हवा निकल गई है। जब गुब्बारे की हवा निकलती है तो वो लड़खड़ाता है। वैसे ही कांग्रेस के नेता लड़खड़ा रहे हैं। कांग्रेस के पास एमपी के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। एमपी के नेताओं को यहां के युवाओं का कोई भविष्य नहीं दिखता। देशवासी जानता है कि मोदी की गारंटी मतलब हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। पीएम मोदी ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं राम मंदिर की चर्चा होती है। पूरे देश में खुशी की लहर है। हम तो भक्ति में डूबे हुए लोग हैं। हम राम मंदिर बनाते हैं भक्ति से और उसी भक्ति से गरीब के घर बनाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ये मोदी है जिसने चार करोड़ घर बनाए लेकिन खुद के लिए घर नहीं बनाया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस थी, तब देश का पैसा कोयला घोटाला, 2 जी घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाले में जाता था। भाजपा सरकार ने गरीबों का पैसा खातों में सीधे जमा किया है।
10:46 AM, 09-Nov-2023
धार में प्रचार वाहन से पकड़ी गई अवैध शराब
धार जिले में प्रचार वाहन से 26 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी गई है। प्रचार वाहन गंधवानी से कांग्रेस प्रत्याशी उमंग सिंघार का है। FST प्रभारी ने मुखबिर की सूचना पर टवेरा वाहन को पकड़ा, जिसमें शराब पकड़ी गई है। जब्त शराब की कीमत लगभग एक लाख 74 हजार रुपये है। गंधवानी थाने में कांग्रेसी प्रत्याशी पूर्व मंत्री उमंग सिंघार, सीताराम केशरिया और सचिन मुलेवा के खिलाफ धारा 34(2 ),123 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 120-B, 188, 171-B भादवी में प्रकरण दर्ज किया गया है। उमंग सिंघार कांग्रेस के दबंग छवि के नेता और पूर्व वन मंत्री हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
10:40 AM, 09-Nov-2023
priyanka gandhi - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
विंध्य के दौरे पर रहेंगी प्रियंका गांधी
कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी गुरुवार को विंध्य क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए आ रही हैं। वे सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में मझगवां के समीप मिचकुरिन गांव में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी के समर्थन में आमसभा को संबोधित करेंगी। सभा गांव में सड़क किनारे मैदान में है। प्रियंका की सभा मिचकुरिन में उसी स्थान पर हो रही है, जहां से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की थी।

प्रियंका गांधी दिल्ली से प्रयागराज होते हुए सुबह 10:55 बजे चित्रकूट के मझगंवा पहुंचेंगी। करीब एक घंटे यहां रुकेंगी और आमसभा को संबोधित करेंगी। दोपहर 12:00 बजे चित्रकूट से रीवा के रवाना होंगी। यहां दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक रीवा के एसएएफ़ ग्राउंड में जनसभा करेंगी। 1:30 बजे रीवा से इलाहाबाद के लिए रवाना होंगी।

वहीं राहुल गांधी आज अशोकनगर और चंदेरी में जनसभा को संबोधित करेंगे, वे जबलपुर में रोड शो भी करेंगे।
09:22 AM, 09-Nov-2023
सतना में पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला
सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक डायवर्ट रहेंगे रूट
यातायात पुलिस ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भ्रमण के दौरान 9 नवंबर को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक शहर की यातायात व्यवस्था के सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालन के लिए यातायात मार्ग को डायवर्ट किया गया है। सुव्यवस्थित यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग डायवर्सन प्लान एवं पार्किंग व्यवस्था तय की गई है।

ये है डायवर्सन प्लान
 VVIP भ्रमण के दौरान आकाशवाणी तिराहे, छत्रसाल चौराहा, पन्ना नाका, रेलवे स्टेशन, रुद्राक्ष होटल तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पन्ना रोड एवं राजनगर रोड बाया विक्रमपुर से बस स्टैंड की ओर जाने-आने वाले वाहन महोबा रोड ओवरब्रिज बायपास होते हुए आवागमन करेंगे। सागर एवं नौगांव रोड से पन्ना जाने वाले सभी प्रकार के वाहन बस स्टैंड महोबा रोड अन्डरब्रिज होते हुए फोरलेन हाईवे से जायेंगे। पन्ना की ओर से सागर, बस स्टैंड, नौगांव रोड तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहन महोबा रोड अन्डर ब्रिज से बस स्टैंड होते हुए जायेंगे। सटई रोड की ओर से आने वाले दो पहिया एवं चार पहिया वाहन सटई रोड से कलेक्टर बंगला के पीछे से चौबे कॉलोनी होते हुए कॉलेज तिगड्डा निकलेंगें।
08:18 AM, 09-Nov-2023

MP Election 2023 Live: मोदी-शिवराज को प्रियंका ने घेरा, कहा- मामा कंस भी थे, हमें जिताएं फकीर से छुटकारा मिलेगा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज (9 नवंबर) विशाल आमसभा में शामिल होने छतरपुर पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा प्रत्याशी ललिता यादव सहित संभाग भर के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव सभा लेने छतरपुर आएंगे। जहां प्रधानमंत्री मोदी अपना उद्बोधन दोपहर 12 बजे स्टेडियम में देंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को सुबह 8:50 पर दिल्ली से वायुसेना के विमान से रवाना होकर खजुराहो होकर सतना की सभा करने जाएंगे। वे सतना से खजुराहो होते हुए छतरपुर पहुंचेगे। प्रधानमंत्री दोपहर 12 बजे छतरपुर आएंगे और यहां शहर के बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले की 13 विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल चुनाव सभा को सम्बोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए रेलवे स्टेशन के पास हेलीपेड बनाया गया है, जहां से वे सड़क मार्ग से सभा स्थल स्टेडियम आएंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। भाजपा प्रत्याशी ने लोगों से परेशानी से बचने के लिए दोपहर 12 बजे के पूर्व स्टेडियम पहुंचकर सभा में शामिल होने की अपील की है। 

विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed