फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Parliament Live: राज्यसभा कल 11 बजे तक के लिए स्थगित, लोकसभा में उठी जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग

Wed, 07 Dec 2022 09:38 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: संजीव कुमार झा Updated Wed, 07 Dec 2022 09:38 PM IST
खास बातें

Lok Sabha and Rajya Sabha Winter Session Live: आज से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो गया है। इस सत्र में कुल 17 कार्य दिवस होंगे। संसद के शीतकालीन सत्र के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के एजेंडे में 16 नए बिल शामिल हैं। लोकसभा पहले दिन उन सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई जिनका निधन सत्र के दौरान हुआ है।

विज्ञापन
Parliament winter session 2022 Live: Lok Sabha Rajya Sabha Proceedings, PM Modi Speech News in Hindi
पीएम मोदी ने की उपराष्ट्रपति धनखड़ की तारीफ - फोटो : ANI

लाइव अपडेट

09:35 PM, 07-Dec-2022

लोकसभा में उठी जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग

लोकसभा में देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने, हरियाणा के खनन श्रमिकों को ध्यान में रखकर अस्पताल खोले जाने और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में असमय वर्षा के कारण आई बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कराने की मांग उठी। भाजपा के सत्यदेव पचौरी ने जनसंख्या का मुद्दा शून्यकाल में उठाते हुए कहा कि देश में खेती और आवास के लिए सीमित भूमि है, जल समेत विभिन्न संसाधन सीमित हैं और बेरोजगारी बढ़ रही है, ऐसे में जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाया जाना चाहिए।
09:33 PM, 07-Dec-2022

महंगाई समेत कई मुद्दों को उठाएंगे विपक्षी दल

कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने संसद के शीतकालीन सत्र में अपनाई जाने वाली रणनीति को लेकर चर्चा की। उन्होंने फैसला किया इस सत्र में महंगाई , बेरोजगारी , चीन के साथ सीमा विवाद , राष्ट्रीय सुरक्षा को बाहरी खतरे समेत जनता से जुड़े कई मुद्दों को उठाएंगे। विपक्षी दलों ने यह उम्मीद भी जताई कि विपक्ष को दोनों सदनों में अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलेगा तथा महत्वपूर्ण विधेयकों की पड़ताल के लिए उन्हें संसदीय समितियों के पास भेजा जाएगा। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से बुलाई गई बैठक में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के टी. आर. बालू, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय, आम आदमी पार्टी (आप) के संजय सिंह, नेशनल कांफ्रेस (नेकां) के फारूक अब्दुल्ला समेत 14 विपक्षी दलों नेता शामिल हुए। 

इन मुद्दों पर बनी सहमति 
महंगाई , बेरोजगारी , चीन के साथ सीमा विवाद , राष्ट्रीय सुरक्षा को बाहरी खतरे , विदेश नीति , मोरबी पुल हादसा , न्यायपालिका पर केंद्र के हमले, सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, राज्यपालों के पद का कथित दुरुपयोग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण, सुप्रीम कोर्ट के फैसलों से जुड़े विषय।
विज्ञापन
09:32 PM, 07-Dec-2022

आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं: सरकार

सरकार नेकहा कि आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था में किसी तरह का बदलाव करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में इसकी जानकारी दी। भौमिक ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत के आरक्षण बरकरार रखे जाने के करीब एक महीने बाद यह टिप्पणी की है। सरकार से सवाल किया गया था कि क्या सरकार की कोई योजना आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा में छूट देने की है? इसके जवाब में मंत्री ने कहा कि आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं है।
09:31 PM, 07-Dec-2022

सितंबर 2022 तक 6.22 लाख से अधिक महिलाओं को 730 वन स्टॉप सेंटरों से मदद मिली: सरकार

इस साल सितंबर तक 6.22 लाख से अधिक महिलाओं को 730 वन स्टॉप सेंटरों से मदद मिली है। सरकार ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। लोकसभा में एक सवाल के जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि उनके मंत्रालय ने देश भर के 734 जिलों में 758 वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) स्थापित करने की मंजूरी दी है। जिनमें से 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 730 ओएससी चालू हो चुके हैं, जिन्होंने सितंबर, 2022 तक 6.22 लाख से अधिक महिलाओं की सहायता की है।
09:27 PM, 07-Dec-2022

वन्यजीव विधेयक पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने जताई आपत्ति

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार को वन्य जीव (संशोधन) विधेयक को 'अवांछनीय विधेयक' करार दिया। जयराम रमेश मे ट्वीट कर लिखा कि राज्यसभा में आज वन्य जीवन (संशोधन) विधेयक, 2021 पर चर्चा हुई। ये चर्चा तब हुई जब मैं भारत जोड़ो यात्रा में अपनी उपस्थिति के कारण सदन में उपस्थित नहीं हो सका था। हालांकि मैंने आज सुबह मंत्री के सामने अपनी आपत्तियां दोहराईं थीं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इससे कोई प्रभाव पड़ा है। अब एक कम-वांछनीय विधेयक कानून बन जाएगा। 

 गौरतलब है कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नौ अगस्त को केंद्रीय पर्यावरम मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर कहा था कि विधेयक के प्रावधानों पर गौर करने वाली स्थायी समिति की कुछ सिफारिशों को स्वीकार नहीं किया गया है।
09:18 PM, 07-Dec-2022

केंद्रीय सूचना आयोग के समक्ष लंबित शिकायतें रह गई आधी 

सरकार ने लोकसभा को बताया है कि केंद्रीय सूचना आयोग के समक्ष लंबित अपीलें और शिकायतें आधी रह गई हैं। एक सवाल के जवाब में, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि 31 मार्च, 2021 तक केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के समक्ष लंबित दूसरी अपीलों और शिकायतों की संख्या 38,116 थी। वहीं, 31 मार्च, 2022 को यह संख्या घटकर 29,213 हो गई और 30 नवंबर, 2022 तक और घटकर 19,289 हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
09:12 PM, 07-Dec-2022

राज्यसभा में वन्य जीवन (संरक्षण) विधेयक पेश किया गया

देश में वन्य जीव संरक्षण प्रावधानों को संकटापन्न प्रजाति के जीवों के संरक्षण की एक अंतर्राष्ट्रीय संधि के अनुरुप बनाने और संबंधित जुर्माने को बढ़ाने वाला वन्य जीव संरक्षण (संशोधन) विधेयक 2022 बुधवार को राज्यसभा में पेश कर दिया गया। लोकसभा इसे पिछले सत्र में दो अगस्त को पारित कर चुकी है।

राज्यसभा में आज वन्य जीवन (संरक्षण) विधेयक पेश किया गया। पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव द्वारा पेश किए गए इस विधेयक में देश में वन्य जीव संरक्षण प्रावधानों को संकटापन्न प्रजाति के जीवों के संरक्षण की एक अंतर्राष्ट्रीय संधि के अनुरुप बनाने और संबंधित जुर्माने को बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र में लोकसभा ने बिल को मंजूरी दे दी थी।

यह विधेयक संरक्षित क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन के लिए मूल अधिनियम में संशोधन करना चाहता है। यह कुछ अनुमत गतिविधियों जैसे चराई या पशुओं की आवाजाही, स्थानीय समुदायों द्वारा पीने और घरेलू पानी के वास्तविक उपयोग के लिए प्रदान करने के लिए एक स्पष्टीकरण सम्मिलित करता है।
07:19 PM, 07-Dec-2022
 वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 
07:17 PM, 07-Dec-2022

 लोकसभा में समुद्री डकैती रोधी विधेयक पर चर्चा

अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में समुद्री डकैती से निपटने के लिए कानून बनाने से जुड़े एक विधेयक को लोकसभा में बुधवार को पेश किया गया। लोकसभा में चर्चा के लिए लाए गए एंटी मैरीटाइम पाइरेसी बिल का उद्देश्य समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन (यूएनसीएलओएस) के अनुरूप एक घरेलू एंटी-मैरीटाइम पाइरेसी कानून बनाना है।

सदन में विधेयक पेश करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि यह हमारे व्यापार मार्गों सहित भारत की समुद्री सुरक्षा को बढ़ाएगा। विधेयक पर बहस की शुरुआत करते हुए कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने हिंद महासागर में चीन की बढ़ती उपस्थिति पर चिंता जताई। विदेश मंत्री ने कहा कि सरकार ने विधेयक में संसदीय पैनल की सिफारिशों को "उचित रूप से शामिल" करने का प्रयास किया है।
06:30 PM, 07-Dec-2022

अंतरिक्ष मलबे के प्रबंधन के लिए काम कर रहा इसरो 

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि पृथ्वी की निचली कक्षा में निष्क्रिय उपग्रहों, छोड़े गए रॉकेट और अन्य कक्षीय कचरे के कारण बढ़ते अंतरिक्ष मलबे के प्रबंधन के लिए भारत ने उचित उपाय किए हैं। एक लिखित प्रश्न के उत्तर में सिंह ने कहा कि भारत की अंतरिक्ष एजेंसी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अंतर-एजेंसी अंतरिक्ष मलबा समन्वय समिति (आईएडीसी) का एक सक्रिय सदस्य रहा है और उसने सुरक्षित और टिकाऊ अंतरिक्ष संचालन के लिए आईएडीसी और संयुक्त राष्ट्र के दिशानिर्देशों के मुताबिक अपना योगदान दिया है। 

उन्होंने कहा कि इसरो सिस्टम फॉर सेफ एंड सस्टेनेबल स्पेस ऑपरेशंस मैनेजमेंट (IS4OM) को अंतरिक्ष पर्यावरणीय खतरों से भारतीय अंतरिक्ष संपत्तियों की सुरक्षा के लिए, संबंधित अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए और बाहरी अंतरिक्ष की दीर्घकालिक स्थिरता पर जागरूकता बढ़ाने में योगदान देने के लिए भी चालू किया गया है।  
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed