11:05 PM, 10-Jan-2022
कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन मामले में शीर्ष कांग्रेस नेताओं पर मामला दर्ज
कर्नाटक में विपक्षी दल कांग्रेस की मेकेदातू पदयात्रा सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रही। कोविड संबंधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार समेत कई शीर्ष नेताओं पर पुलिस के मामला दर्ज करने के बावजूद पदयात्रा जारी रही। कावेरी नदी पर मेकेदातू बांध परियोजना का काम शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस यह पदयात्रा निकाल रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के करीब 30 नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिन प्रमुख लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है उनमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार, विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया और बेंगलुरु ग्रामीण से सांसद डीके सकुरेश शामिल हैं। इसके अलावा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली, पूर्व उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर, अभिनेता दुनिया विजय और संगीत निदेशक एवं अभिनेता साधु कोकिला के भी नाम प्राथमिकी में शामिल हैं।
इस बीच राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने कर्नाटक के डीजीपी को पत्र लिखकर मेकेदातु पदयात्रा के दौरान स्कूली बच्चों के साथ कोविड-19 के उचित व्यवहार का पालन नहीं करने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई और जांच शुरू करने को कहा है।
09:25 PM, 10-Jan-2022
तमिलनाडु सरकार ने 31 जनवरी तक लॉकडाउन की पाबंदियां बढ़ाईं
तमिलनाडु सरकार ने 31 जनवरी तक लॉकडाउन की पाबंदियां बढ़ा दी है। 14 जनवरी से 18 जनवरी के बीच सभी धार्मिक स्थलों पर लोगों को जाने की इजाज़त नहीं है। पोंगल के मौके पर 75% क्षमता के साथ विशेष इंटर-स्टेट बसें चलेंगी।
09:07 PM, 10-Jan-2022
जेपी नड्डा भी संक्रमित
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कोरोना रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने अपना कोविड टेस्ट करवाया। मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है।अभी मैं स्वस्थ महसूस कर रहा हूं। डॉक्टर्स की सलाह पर मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग भी मेरे संपर्क में आए हैं, उनसे अनुरोध है कि अपनी जांच करवा लें।'
07:52 PM, 10-Jan-2022
केंद्रीय मंत्री भट्ट भी संक्रमित
केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उनमें भी कोरोना के हल्के लक्षण थे। इसके बाद उन्होंने अपनी जांच कराई थी। उन्होंने घर पर खुद को अलग कर लिया है।
07:51 PM, 10-Jan-2022
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई संक्रमित
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हल्के लक्षणों के बाद उन्होंने अपना टेस्ट कराया था। उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि मेरा स्वास्थ्य ठीक है, मैं होम क्वारंटीन हूं।
06:27 PM, 10-Jan-2022
केरल में 17 लोग ओमिक्रॉन संक्रमित
केरल में ओमिक्रॉन के अब तक 345 मामले आए हैं। 24 घंटों में 17 नए मामले सामने आए हैं।
06:26 PM, 10-Jan-2022
हरियाणा में स्कूल-कॉलेज 26 तक बंद
ओमिक्रॉन के मामलों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने सभी स्कूल और कॉलेज को 26 जनवरी तक के लिए बंद किया है और ऑनलाइन क्लास की इजाजत दी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसका एलान किया।
06:26 PM, 10-Jan-2022
कर्नाटक में ओमिक्रॉन के 146 नए केस
कर्नाटक में 24 घंटे में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 146 मामले सामने आए हैं। कर्नाटक में ओमिक्रॉन के कुल 479 मामले हैं। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुधाकर के ने यह जानकारी दी।
06:24 PM, 10-Jan-2022
बिहार में ओमिक्रॉन के 27 केस
जीनोम सीक्वेंसिंग लैब में कोरोना के 32 नमूनों का परीक्षण किया गया, जिसमें से 27 नमूनों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इसके अलावा इसमें से चार में डेल्टा वरिएंट पाया गया है। इसके अलावा एक में एक अज्ञात प्रकार के वायरस की पुष्टि हुई है। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक ने यह जानकारी दी है।
04:15 PM, 10-Jan-2022
राजनाथ सिंह कोरोना से संक्रमित
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।