Coronavirus: महाराष्ट्र में कोविड-19 के 11766 नए मामले, मृतकों की संख्या में 2213 का इजाफा
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार अब धीमी पड़ती जा रही है। एक तरफ जहां संक्रमण के मामले तेजी से कम हो रहे हैं, वहीं दैनिक मौतों का आंकड़ा भी तीन हजार से कम आ रहा है। हालांकि कोरोना की दूसरी लहर ने पीक के दौरान देश में तबाही मचा दी थी। दूसरी लहर के दौरान लाखों लोगों की जान गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों की माने तो इस साल एक मार्च यानी कोरोना वायरस की दूसरी लहर शुरू होने के बाद औसतन करीब 2000 लोगों की मौत हुई है। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के दैनिक मामले लगातार चौथे दिन एक लाख से कम आए हैं और इस दौरान 3403 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है। उत्तराखंड में ब्लैक फंगस के 356 मामले सामने आए हैं। दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने कहा है कि भारत में सात मई को कोविड-19 के सर्वाधिक नए मामले सामने आने के बाद देश में प्रतिदिन सामने आने वाले नए मामलों में लगभग 78 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। देश में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स जानने के लिए यहां पढ़िए...
लाइव अपडेट
महाराष्ट्र में 11766 नए मामले, मृतकों की संख्या में 2213 का इजाफा
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 11,766 नए मामले सामने आये जबकि कुल मिला कर 2213 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 58,87,853 और मृतक संख्या 1,06,367 हो गई है।
राज्य सरकार ने प्रयोगशाला में कोविड-19 जांच और अन्य आंकड़ों की जांच करने के बाद मृतकों की संख्या में यह इजाफा किया है। हालांकि बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 406 मरीजों की मौत हुई है।
इससे पहले राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 26 मई से 10 जून तक कोविड-19 के 8074 मरीजों की मौत हुई है। यह संशोधित आंकड़ा है। अप्रैल और मई में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण सरकारी तंत्र को आंकड़ों के मिलान करने में समय लगा। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 8,104 मरीज ठीक हुए। राज्य में अब तक कुल 56,16,857 संक्रमण मुक्त हो चुके है। । प्रदेश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,61,704 है।
बयान में कहा गया है कि संक्रमण से ठीक होने की दर 95.4 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 1.81 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के लिए 2,54,301 नमूनों की जांच की गयी। राज्य में अब तक कुल 3,76,11,005 नमूनों की जांच हो चुकी है।
इस दौरान राजधानी मुंबई में कोविड-19 के 721 नए मामले सामने आए जबकि 24 मरीजों की मौत हो गई। देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में कुल संक्रमितों की संख्या 7,14, 216 पहुंच गई जबकि मृतकों की तादाद 15,079 हो गई।
गुजरात में कोविड-19 के 481 नए मामले
चेन्नई में शुरू हुआ ड्राइव-इन टीकाकरण शिविर
Tamil Nadu: A drive-through #COVID19 vaccination camp started at MGM Healthcare in Chennai today. The facility is open for people above 45 years of age. pic.twitter.com/HXxSSsBftk
— ANI (@ANI) June 11, 2021
मध्यप्रदेश: कोरोना के 397 नए मामले, 35 की मौत
मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 397 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या सात लाख 87 हजार 572 तक पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में तीन महीने से अधिक समय बाद 400 से कम मामले आए हैं। इसके साथ ही राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से प्रदेश में 35 व्यक्तियों की मौत हो गई। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या 8510 हो गई है।मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में 21 जून तक लॉकडाउन बढ़ा
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने क्षेत्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पूर्वी खासी हिल्स जिले में एक और सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ाने की शुक्रवार को घोषणा की। जिले में अब 21 जून तक लॉकडाउन लागू रहेगा। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि जिले में संक्रमण की दर 10 फीसदी से अधिक बनी हुई है। मेघालय में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 514 नए मामले सामने के बाद मामलों की कुल संख्या 41,100 पर पहुंच गई। राज्य में इस महामारी से 10 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 714 हो गई है।
प्रसिद्ध कन्नड़ कवि सिद्धलिंगैया का कोविड के कारण निधन
मशहूर कन्नड़ कवि सिद्धलिंगैया का शुक्रवार को कोविड-19 बीमारी के कारण निधन हो गया। उनके करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 67 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उन्हें दलित कवि भी कहा जाता था। सूत्रों के अनुसार, वह एक महीने से भी अधिक समय से एक निजी अस्पताल में भर्ती थे और पिछले कुछ समय से वेंटिलेटर पर थे। उनकी पत्नी भी कोविड से पीड़ित थीं और अब वह उससे उबर गई हैं। कवि, नाटककार, निबंधकार और दलित कार्यकर्ता सिद्धलिंगैया दलित संघर्ष समिति के संस्थापकों में से एक थे। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी सहित अन्य लोगों ने सिद्धलिंगैया के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
टीके की 24.93 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं: केंद्र
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि देश में अभी तक दी गई कोविड-19 रोधी टीके की खुराकों की कुल संख्या बढ़कर 24.93 करोड़ से अधिक हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को 18-44 आयु वर्ग के 19 लाख 49 हजार 902 लाभार्थियों को पहली खुराक जबकि इस आयु वर्ग के 72,279 लोगों को दूसरी खुराक दी गई। देशभर में टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से 18-44 आयु वर्ग के कुल मिलाकर तीन करोड़ 79 लाख 67 हजार 237 लोगों को पहली और पांच लाख 58 हजार 862 लोगों को दूसरी खुराक दी गई है। शाम सात बजे संकलित एक अस्थाई रिपोर्ट के अनुसार, देश में दी गई कोविड-19 टीके की खुराक की कुल संख्या 24 करोड़ 93 लाख 16 हजार 572 हो गई है।
मिजोरम: आइजन में एक सप्ताह और बढ़ा लॉकडाउन
बिहार: छह महीने में छह करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य
हरियाणा: कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मनाया जाएगा योग दिवस
हरियाणा के स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में 21 जून को कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार प्रत्येक जिले में सुबह सात बजे से कार्यक्रम शुरू किये जाएंगे। विज ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जश्न के संबंध में आज विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में होने वाले कार्यक्रम के लिए उपायुक्त नोडल अधिकारी होंगे।