07:31 PM, 02-Nov-2021
हुजूराबाद में भाजपा जीत के लिए जनता को धन्यवाद: किशन रेड्डी
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता जी किशन रेड्डी ने कहा कि इस चुनाव में सत्ताधारी टीआरएस ने सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए थे, लेकिन हुजूराबाद के मतदाताओं ने भाजपा उम्मीदवार एटाला राजेंद्र को वोट दिया। मैं पैसे की ताकत को ठुकराने के लिए और भाजपा को वोट देने के लिए हुजूराबाद की जनता को धन्यवाद कहता हूं।
07:17 PM, 02-Nov-2021
लालू के प्रचार ने किया राजद का नुकसान: पशुपति पारस
केंद्रीय मंत्री और लोजपा नेता पशुपति कुमार पारस ने कहा कि बिहार की कुशेश्वर स्थान और तारापुर विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव में राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के लिए किया गया लालू प्रसाद यादव का प्रचार, पार्टी के लिए लाभ के स्थान पर नुकसानदायक सिद्ध हुआ। बिहार की दोनों विधानसभा सीटों पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने जीत हासिल की है।
06:42 PM, 02-Nov-2021
बंगाल: चारों सीटों पर हार के बाद भाजपा ने लगाया आरोप
पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सभी सीटों पर हारने के बाद भाजपा नेता दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के दौरान भाजपा के उम्मीदवारों को कभी कार, माइक या रहने की सुविधा नहीं मिली। पुलिस ने मतदान करवाया, जो एकतरफा था और निष्पक्ष नहीं था। इससे पहले भी हम उपचुनाव हारे थे, लेकिन उसी समय हमने आम चुनाव में जीत हासिल की थी।
06:04 PM, 02-Nov-2021
असम की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत
असम की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की सभी सीटों पर जीत को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असाधारण करार दिया। उन्होंने कहा कि हमने पांचों सीटों पर बड़े अंतर से जीत हासिल की है। असम में आज की ये जीत कोई साधारण जीत नहीं है क्योंकि हर सीट पर जीत का अंतर आम चुनाव के मुकाबले अधिक रहा है। सरमा ने कहा कि उत्तर पूर्व के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा अब एक राष्ट्रीय दल है। अब यह पांच-छह राज्यों तक ही सीमित नहीं है। भाजपा में यह क्षमता है कि वह किसी भी राज्य से चुनाव जीत सकती है।
05:41 PM, 02-Nov-2021
शिवसेना के खाते में दादरा एवं नगर हवेली लोकसभा सीट
दादरा एवं नगर हवेली लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिवसेना को जीत मिली है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि यहां शिवसेना उम्मीदवार कलावती डेलकर ने 51,269 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
05:26 PM, 02-Nov-2021
हिमाचल: सीएम जयराम ने जनता को कहा धन्यवाद
हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सभी सीटों पर कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हम जनता का फैसला स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। मंडी लोकसभा सीट पर भाजपा बहुत कम अंतर से हारी।
05:02 PM, 02-Nov-2021
हरियाणा: ऐलनाबाद में इलेनो की जीत
हरियाणा की ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में इनेलो ने जीत दर्ज की है। इनेलो उम्मीदवार अभय सिंह चौटाला ने भाजपा के गोविंद कांडा को 6700 से अधिक मतों के अंतर से हराया है।
04:41 PM, 02-Nov-2021
हिमाचल: कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कांगड़ा में जश्न
हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस की सभी सीटों पर जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांगड़ा में जीत का जश्न मनाया।
04:34 PM, 02-Nov-2021
तेलंगाना: भाजपा कार्यकर्ताओं का हैदराबाद में जश्न
तेलंगाना की एक विधानसभा सीट हुजूराबाद पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। फिलहाल यहां से भाजपा उम्मीदवार एटाला राजेंद्र आगे चल रहे हैं। राजेंद्र के आगे निकलने की खुशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में जश्न मनाया।
04:25 PM, 02-Nov-2021
बदलाव की ओर देख रही है जनता: डीके शिवकुमार
कर्नाटक की हंगल विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह राज्य की जनता की इच्छा है... लोग बदलाव की ओर आगे बढ़ रहे हैं। यहां की सिंडगी सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को जीत मिली है।