12:31 PM, 10-Aug-2024
'सुप्रीम कोर्ट ने संविधान का इस्तेमाल करते हुए तानाशाही को कुचला'
मनीष सिसोदिया ने कहा, 'बाबा साहेब अंबेडकर के दिए हुए संविधान की बदौलत हम पर कल भगवान की कृपा हुई। बाबा साहेब ने 75 साल पहले ही ये अंदाजा लगा लिया था कि कभी-कभी इस देश में ऐसा होगा कि तानाशाही बढ़ जाएगी। तानाशाह सरकार जब एजेंसियों, कानूनों और जेलों का दुरुपयोग करेगी तो हमें कौन बचाएगा? बाबा साहेब ने लिखा था संविधान बचाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने संविधान का इस्तेमाल करते हुए कल तानाशाही को कुचला। मैं उन वकीलों का भी शुक्रगुजार हूं जो यह लड़ाई लड़ रहे थे। वो वकील एक कोर्ट से दूसरे कोर्ट धक्के खा रहे हैं। मेरे लिए अभिषेक मनु सिंघवी भगवान स्वरूप हैं।'
12:19 PM, 10-Aug-2024
मनीष सिसोदिया ने कहा, 'इन आंसुओं ने ही मुझे ताकत दी है। मुझे उम्मीद थी कि 7-8 महीने में न्याय मिल जाएगा लेकिन कोई बात नहीं 17 महीने लग गए। 17 महीने लग गए लेकिन जीत ईमानदारी और सच्चाई की हुई है। भगवान के घर में देर है अंधेर नहीं है। उन्होंने(भाजपा) बहुत कोशिशें की। उन्होंने सोचा अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को जेल में डालेंगे तो हम सड़ जाएंगे।'
12:07 PM, 10-Aug-2024
'हमारे खिलाफ साजिश की गई'
पार्टी दफ्तर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमारे खिलाफ साजिश की गई। अरविंद केजरीवाल का नाम आज पूरे देश में ईमानदारी का प्रतीक बन गया है। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद एक राज्य में एक उदाहरण नहीं दे पाई। इसी छवि को बिगाड़ने के लिए ये सारे षडयंत्र रचे जा रहे हैं। जनता के दिलों के दरवाजे खुले हुए हैं। आप जेल के दरवाजे बंद कर सकते हैं लेकिन जनता के दिलों के दरवाजे बंद नहीं कर सकते हैं। संविधान की ताकत से मैं यहां खड़ा हूं।
12:02 PM, 10-Aug-2024
आप दफ्तर पहुंचे मनीष सिसोदिया
मनीष सिसोदिया आम आदमी पार्टी (आप) मुख्यालय पहुंचे। वह यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
11:42 AM, 10-Aug-2024
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान आप नेता सौरभ भारद्वाज, अतिशी और संजय सिंह भी मौजूद रहे। दिल्ली आबकारी नीति मामले में 17 महीने बाद कल उन्हें तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा किया गया है।
11:09 AM, 10-Aug-2024
हम यहां हनुमान जी का आशीर्वाद लेने आए हैं: सौरभ भारद्वाज
दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'हनुमान जी संकटमोचन हैं। जब-जब आम आदमी पार्टी पर संकट आया है, तब-तब उन्होंने संकट हरा है इसलिए आज हम यहां उनका आशीर्वाद लेने यहां आए हैं।'
10:45 AM, 10-Aug-2024
हनुमान मंदिर में सिसोदिया ने की पूजा-अर्चना
आप नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। मनीष सिसोदिया ने कहा, 'भगवान बजरंग बली ने मुझे आशीर्वाद दिया है। अरविंद केजरीवाल पर भी बजरंग बली का विशेष आशीर्वाद है और आप देखिए कि अरविंद केजरीवाल को भी बजरंग बली का इसी तरह आशीर्वाद मिलेगा।'
10:16 AM, 10-Aug-2024
भगवान के घर में देर है, अंधेर नहीं है : सुनीता केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भगवान के घर में देर है, अंधेर नहीं है। जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मनीष सिसोदिया की जमानत सत्य की जीत है। वहीं, सांसद संजय सिंह, मंत्री सौरभ भारद्वाज, विधायक दुर्गेश पाठक समेत आप के कई अन्य वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के घर पहुंचे और उनके परिवार को बधाई दी।
09:41 AM, 10-Aug-2024
आप ने मनाया जश्न, कहा- मनीष सिसोदिया की जमानत सत्य की जीत
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को शुक्रवार को जमानत दे दी है। करीब 17 महीने जेल में रहने के बाद मनीष सिसोदिया की जमानत की खबर आते ही आम आदमी पार्टी जश्न में डूब गई। पार्टी मुख्यालय पर ढोल-नगाड़े बजने लगे और नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सत्य की जीत बताया।
09:19 AM, 10-Aug-2024
सोशल मीडिया पर सिसोदिया ने पत्नी संग पोस्ट की फोटो
शनिवार की सुबह उन्होंने अपनी पत्नी सीमा सिसोदिया के साथ चाय पीते हुए एक फोटो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट की। फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'आजादी की सुबह की पहली चाय.... 17 महीने बाद! वह आजादी जो संविधान ने हम सब भारतीयों को जीने के अधिकार की गारंटी के रूप में दी है। वह आजादी जो ईश्वर ने हमें सबके साथ खुली हवा में सांस लेने के लिए दी है।'