01:01 PM, 04-Apr-2023
दिल्ली एनसीआर से सटे इन हिस्सों में भी बारिश के आसार
मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, किठौर, गढ़मुक्तेश्वर, पिलखुआ, हापुड़, गुलावटी, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद, अनूपशहर, बहाजोई, शिकारपुर, देबई में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश हो सकती है।
12:01 PM, 04-Apr-2023
फिर बदला मौसम, नोएडा में खिली धूप
दिल्ली एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सुबह बादल छाए और बारिश हुई और दोपहर तक धूप निकल आई।
11:12 AM, 04-Apr-2023
40 डिग्री से अधिक तापमान पर लू
लू (हीटवेव) असल में उस स्थिति को कहा जाता है, जब मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय इलाकों में 37 और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाए। या फिर तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो जाए।
10:14 AM, 04-Apr-2023
हिंद महासागर में बनेगी द्विध्रुवीय (आईओडी) स्थिति
हालांकि, दूसरी तरफ आने वाले महीनों में हिंद महासागर में द्विध्रुवीय (आईओडी) स्थिति बनेगी। आईओडी भी अल नीनो व ला नीनो जैसी स्थिति है। इसमें हिंद महासागर के पश्चिमी व पूर्वी भाग के सतही तापमान में अंतर की वजह से भारत में मानसून को मजबूती मिलती है।
10:02 AM, 04-Apr-2023
जून के बाद अल नीनो की स्थिति
देश में वार्षिक वर्षाजल का 70 फीसदी मानसून के दौरान गिरता है। इससे देश की 60 फीसदी कृषि भूमि की सिंचाई होती है। देश की आधी आबादी सीधे तौर पर मानसूनी बारिश से जुड़ी खेती पर आश्रित है। मौसम विभाग के मुताबिक, भारत में मानसून को मजबूती देने वाली ला नीना की स्थिति अब कमजोर पड़ रही है। अप्रैल से जून तक सामान्य स्थिति बनी रहेगी, इसके बाद अल नीनो की स्थिति बनना शुरू हो जाएगी, जिससे भारत में मानसून कमजोर होगा।
09:40 AM, 04-Apr-2023
सुबह-सुबह लोगों को हुई परेशानी
दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश की वजह से सुबह लोगों को ऑफिस पहुंचने में देरी हुई। बारिश की वजह से भीगते हुए ऑफिस पहुंचे साथ ही जलभराव से भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
09:29 AM, 04-Apr-2023
12 साल में अप्रैल को अधिकतम तापमान इतना कम नहीं रहा
बीते 12 साल में एक अप्रैल को अधिकतम तापमान इतना कम नहीं रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस कारण ठंड का अहसास हुआ। अब बारिश का दौर थमने पर अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।
09:09 AM, 04-Apr-2023
पांच अप्रैल तक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रहने के आसार
इससे पहले मौसम विभाग ने अप्रैल महीने की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ होने की संभावना जताई थी। बारिश के असर के चलते ऐसा हुआ भी। साथ ही कहा था कि चार अप्रैल तक अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री के बीच बना रहेगा। अमूमन एक अप्रैल से पांच अप्रैल तक अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होता है।
09:03 AM, 04-Apr-2023
बारापुल्ला फ्लाईओवर पर भी जलभराव
दिल्ली-एनसीआर में आज तड़के तेज बारिश हुई। बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव देखा गया। बारापुल्ला फ्लाईओवर पर भी जलभराव हो गया।
08:59 AM, 04-Apr-2023
Delhi NCR Weather Update Live:दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद फिर बदला मौसम, नोएडा में खिली धूप
दिल्ली- एनसीआर में मंगलवार तड़के जोरदार बारिश हुई। गरज चमक के साथ हुई बारिश की वजह से मौसम सर्द हो गया। दिल्ली-एनसीआर का मौसम पिछले कुछ दिनों से लगातार अपने तेवर बदल रहा है। यह सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। दोपहर तक धूप खिलने से जहां लोगों को गर्मी का अहसास हुआ, वहीं शाम होते-होते एक बार फिर मौसम बदल गया।