02:45 PM, 21-Jul-2022
दिल्ली में बुधवार को दोपहर में बादल छाने पर दोपहर दो बजे के आसपास ही मौसम ऐसा हो गया था जैसे रात हो गई है। दोपहर में बादलों के कारण बिल्कुल अंधेरा हो गया था। सड़क पर लोग गाड़ियों की लाइट्स ऑन करके चल रहे थे।
01:41 PM, 21-Jul-2022
दिल्ली और आसपास के जिलों में गुरुवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। इस कारण यहां मौसम सुहाना बना हुआ है। लोगों को धूप, गर्मी और उमस से राहत मिली है। शाम तक बारिश हो सकती है।
12:58 PM, 21-Jul-2022
नोएडा में थोड़ी देर की बारिश में ही सड़कों और गलियों पर भारी जलभराव हो गया। यहां सड़कों पर बाइक वालों को गाड़ी चलाने में बहुत परेशानी हुई क्योंकि कई स्थानों पर गड्ढे पानी के कारण दिख नहीं रहे थे।
11:51 AM, 21-Jul-2022
बारिश के दौरान द्वारका सेक्टर-1, तुगलकाबाद गांव, दिल्ली गेट, पश्चिम विहार और नेताजी सुभाष पैलेस में पेड़ या पेड़ों की शाखाएं गिर गईं। एमसीडी की टीम ने देर शाम तक इन जगहों से मलबा हटाने का काम किया।
11:19 AM, 21-Jul-2022
अधिक बारिश होने की वजह से कई इलाकों में जलजमाव हो गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नई दिल्ली के भी कई पॉश इलाकों में जलजमाव होने से लोगों को परेशानी हुई।
10:43 AM, 21-Jul-2022
बुधवार को राजधानी के पालम इलाके में सबसे अधिक 92.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद 64 मिमी बारिश लोधी रोड इलाके में हुई थी।
10:25 AM, 21-Jul-2022
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में बादल छाए रहेंगे व हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
10:07 AM, 21-Jul-2022
स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक, मानसूनी गर्त मध्य भारत से खिसकते हुए उत्तर भारत में पहुंच गई है। इस वजह से बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश दर्ज की गई है।
09:54 AM, 21-Jul-2022
मौसम विभाग ने एक दिन पहले बुधवार को बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया था। हालांकि, दोपहर तक यह अलर्ट यलो से ऑरेंज कर दिया गया था।
09:34 AM, 21-Jul-2022
तीन घंटे की तेज बारिश से सात फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ी जबकि लगभग 40 फ्लाइट देरी से अपने गंतव्य तक पहुंचीं।