G20 Summit: जी-20 सम्मेलन में शामिल हुए जो बाइडेन का कैसा रहा राजनीतिक सफर, जानें कैसे बने अमेरिकी राष्ट्रपति
G20 Summit 2023: देश में 9 से 10 सितंबर को होने जा रहे जी-20 सम्मेलन के लिए भारत पूरी तरीके से तैयार है। विदेशी मेहमानों की खातिरदारी के लिए भारत ने जोरो शोरों से तैयारियां की है। इस सम्मेलन का आयोजन राजधानी दिल्ली में होने जा रहा है। खास बात ये है कि, देश को पहली बार इसकी अध्यक्षता करने का मौका मिला है। इसलिए दिल्ली को दुल्हन की तरह सजाया है। विदेशी मेहमानों के लिए सरकार ने 30 से अधिक होटल बुक किए हैं। साथ ही बुलेट प्रूफ लिमोजिन कारों का भी इंतजाम किया है ताकि उन्हें खास सुरक्षा मुहैया कराई जा सके। वहीं इस सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी शामिल होंगे। इस दौरान वह अन्य देशों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह 10 सितंबर को वॉशिंगटन के लिए वापस लौट जाएंगे। आइए जी-20 में शामिल होने आ रहे खास मेहमान जो बाइडेन के बारे में विस्तार से जान लेते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन का पूरा नाम जोसेफ रॉबिनेट बाइडेन जूनियर है। उनका जन्म 20 नवंबर 1942 को हुआ था। जो बाइडेन स्क्रैंटन, पेंसिल्वेनिया और न्यू कैसल काउंटी, डेलावेयर में पले बढ़े हैं। उन्होंने डेलावेयर यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की है। इसके अलावा जो बाइडेन ने सिरैक्यूज यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री को हासिल किया।
जो बाइडेन की पहली पत्नी का नाम निलिया था। निलिया की एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। इस घटना में उन्होंने बेटी नाओमी को भी खो दिया था। दोनों बेटे हंटर और बियू बुरी तरह जख्मी हो गए। इसके बाद बाइडेन ने जिल जैकब से शादी की। जो बाइडेन के पिता का नाम जोसेफ रॉबिनेट बाइडेन, सीनियर और माता का नाम कैथेरिन यूजेनिया फिनेगल बाइडेन है।
जो बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति हैं। वह लगभग 36 सालों से अमेरिका की राजनीति में सक्रिय हैं। आज भी जो बाइडेन ने कई जिम्मेदारियों को अपने कंधों पर संभाला हुआ है। 12 साल सीनेट फॉरेन रिलेशंस कमेटी प्रमुख रहने के दौरान जो बाइडेन ने यूएस फॉरेन पॉलिसी बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा साल 2009 से 2017 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में जो बाइडेन अमेरिका के उपराष्ट्रपति रहे। इसके बाद बाइडेन ने 2020 के संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में भारी जीत हासिल करते हुए 46वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन जी-20 समिट में हिस्सा लेने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। सभी कार्यों को पूरा करने बाद वह दिल्ली के सबसे आलीशान होटलों में से एक आईटीसी मौर्या में ठहरेंगे। जिसका लाख रुपये रेंट हैं। इस होटल में बाइडेन समेत अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के 400 कमरे बुक किए गए हैं।