Alert: पूरे शरीर की तुलना में तेजी से बूढ़ा हो रहा है दिल, पुरुषों में खतरा अधिक; फ्री में ऐसे करें जांच
- विशेषज्ञों की टीम ने बड़ा दावा किया है, जिसमें कहा जा गया है कि अधिकांश वयस्कों का दिल उनके शरीर के बाकी हिस्सों की तुलना में तेजी से बूढ़ा हो रहा है। इसके चलते कम उम्र में हृदय स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं का जोखिम भी बढ़ता जा रहा है।
- आप भी घर बैठे इसका पता लगा सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हृदय रोगों का खतरा वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ता जा रहा है, सभी उम्र के लोग इसका शिकार हो रहे हैं। हाल के वर्षों में जिस तरह से कम उम्र वालों में हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, वह गंभीर चिंता बढ़ाने वाली है। आनुवांशिकता के अलावा लाइफस्टाइल और खान-पान में गड़बड़ी को इसका प्रमुख कारण माना जाता रहा है।
हृदय स्वास्थ्य को लेकर हाल ही में विशेषज्ञों की टीम ने बड़ा दावा किया है, इसमें कहा गया है कि अधिकांश वयस्कों का दिल उनके शरीर के बाकी हिस्सों की तुलना में तेजी से बूढ़ा हो रहा है। इसके चलते कम उम्र में हृदय स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं का जोखिम भी बढ़ता जा रहा है। जिन लोगों में हृदय रोगों का खतरा आनुवांशिक रूप से पहले से रहा है, उन्हें और भी सावधान हो जाना चाहिए।
इस समस्या को समझने के लिए विशेषज्ञों की टीम ने एक फ्री ऑनलाइन टेस्ट भी तैयार किया है, जिसकी मदद से हृदय की उम्र का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसके अलावा टीम ने चिंता जताई है कि बड़ी संख्या में ऐसे भी लोग हैं जिन्हें अपनी हार्ट हेल्थ के बारे में सही जानकारी नहीं है और न ही वो इसे ठीक करने के लिए उपचार ले रहे हैं।
अधिकतर लोगों को अपने हार्ट हेल्थ की जानकारी नहीं
जामा कार्डियोलॉजी जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने 2011 से 2020 के बीच नेशनल हेल्थ एंड न्यूट्रिशियन एग्जामिनेशन के तहत 30 से 79 वर्ष की आयु के 14,000 से अधिक अमेरिकी लोगों पर अध्ययन किया गया। इस डेटा का उपयोग करके शोधकर्ताओं की टीम ने प्रतिभागियों के हार्ट एज को समझने की कोशिश की।
नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी में कार्डियोलॉजी की प्रोफेसर और अध्ययन की प्रमुख लेखिका डॉ. सादिया खान कहती हैं, कई लोग जिन्हें दिल का दौरा, स्ट्रोक या हार्ट फेलियर के जोखिम को कम करने के लिए दवाएं लेनी चाहिए और उपचार कराना चाहिए, वे नहीं कर रहे हैं। ये स्थिति आपके जोखिमों को और भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
हृदय की उम्र का पता लगाने वाला टूल
आपके हृदय की उम्र कितनी है, इसका पता लगाने के लिए शोधकर्ताओं ने एक नया मुफ्त ऑनलाइन परीक्षण विकसित किया है, दावा किया जा रहा है कि यह हृदय कितना स्वस्थ है और इसकी उम्र कितनी है इसका अनुमान लगाने और हृदय को स्वस्थ रखने में मददगार हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, रूटीन हेल्थ डेटा में रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल का स्तर, क्रॉनिक बीमारियों का खतरा और धूम्रपान जैसे जीवनशैली से संबंधित जोखिम कारक शामिल हैं, जिन्हें सेहत को नुकसान पहुंचाने वाला मार्कर माना जाता रहा है। इस टेस्ट में इन सभी चीजों का आकलन किया जाता है।
(यहां क्लिक करके जानिए अपने दिल की उम्र)
हृदय रोग और इससे संबंधित जोखिम
अब तक, हृदय रोग के जोखिमों की गणना प्रतिशत में की जाती रही है, जिससे कई मरीज इस बात को लेकर अनिश्चित रहते थे कि उनमें संभावित रूप से घातक हृदय रोग विकसित होने की कितनी संभावना है। परंपरागत रूप से, डॉक्टर किसी मरीज के मेडिकल रिपोर्ट्स का आकलन करके बताते हैं कि आपके प्रोफाइल वाले दस में से आठ लोग अगले 10 वर्षों में हृदय की घटना से पीड़ित हो सकते हैं।
हालांकि अब अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों पर आधारित यह नया टूल, हृदय रोग के जोखिमों को उम्र के आधार पर परिभाषित कर सकता है, जिससे यह समझना आसान हो जाता है कि आपके हृदय पर कितना दबाव है।
यह टूल आपसे आपका लिंग, आयु, कोलेस्ट्रॉल-एचडीएल कोलेस्ट्रॉल, सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर, आपको मधुमेह है या नहीं, और क्या आप रक्तचाप या स्टैटिन की दवा लेते हैं, यह सब दर्ज करने के लिए कहता है। आपको अपना eGFR (ग्लोमेरुलर फिल्ट्रेशन रेट) भी दर्ज करना होता है, जिसका उपयोग यह मापने के लिए किया जाता है कि आपके गुर्दे कितनी अच्छी तरह काम कर रहे हैं।
पुरुषों का दिल तेजी से हो रहा है बूढ़ा
निष्कर्ष में विशेषज्ञों ने बताया, औसतन महिलाओं की जैविक हृदय आयु उनकी वास्तविक आयु से चार वर्ष अधिक थी। पुरुषों में ये परिणाम अधिक गंभीर थे। उनकी औसत आयु 50 वर्ष से कम होने के बावजूद, परीक्षण से पता चला कि उनका हृदय 56 वर्ष के व्यक्ति जैसा था।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा, जिस तरह से हमारी दिनचर्या और खान-पान की आदतें गड़बड़ होती जा रही हैं, वो निश्चित ही चिंता बढ़ाने वाली है। समय के साथ हमारा हार्ट हेल्थ खराब हो रहा है। हृदय समय से पहले बूढ़ा हो रहा है जिसपर अगर समय रहते ध्यान न दिया गया तो आने वाले वर्षों में हृदय स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं का खतरा और भी अधिक हो सकता है।
-----------------------------
स्रोत
PREVENT Risk Age Equations and Population Distribution in US Adults
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।