Diwali 2025: देशभर में पूरे उत्साह और आनंद के साथ दिवाली का त्योहार मनाया गया। विभिन्न स्थानों से प्राप्त हो रही जानकारियों के मुताबिक लोगों में इस त्योहार को लेकर खूब उत्साह देखने को मिला। हालांकि पटाखों और मौसम में हो रहे बदलाव के कारण राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के शहरों में वायु प्रदूषण काफी बढ़ गया है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 पार कर गया है। कई स्थानों को रेड जोन घोषित कर दिया गया है, लोगों को प्रदूषण से बचाव के उपाय करते रहने की सलाह दी गई है।
Health Tips: दिवाली पर मिठाइयों के मजे ने बढ़ा दिया शुगर लेवल? ये आसान उपाय करेंगे डायबिटीज कंट्रोल
- मिठाइयों में मौजूद रिफाइंड शुगर, घी और मैदा का अत्यधिक सेवन ब्लड शुगर को अचानक बढ़ा देता है। वहीं, दिवाली के बाद शारीरिक गतिविधि में कमी, देर रात तक जागना और नींद की कमी भी शुगर को नियंत्रित करने में बाधा बनती है।
दिवाली के बाद शुगर बढ़ने की समस्या
डॉक्टर बताते हैं, मिठाइयों में मौजूद रिफाइंड शुगर, घी और मैदा का अत्यधिक सेवन ब्लड शुगर को अचानक बढ़ा देता है। वहीं, दिवाली के बाद शारीरिक गतिविधि में कमी, देर रात तक जागना और नींद की कमी भी शुगर को नियंत्रित करने में बाधा बनती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर त्योहार के बाद तुरंत डिटॉक्स और ब्लड शुगर कंट्रोल रूटीन नहीं अपनाया गया तो यह इंसुलिन रेसिस्टेंस और अन्य जटिलताओं का कारण बन सकता है।इसलिए जरूरी है कि दिवाली की खुशियों के बाद अब शरीर को राहत दी जाए।
आइए जानते हैं कि किन उपायों की मदद से ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है?
गुनगुने पानी और मेथी का सेवन
दिवाली के बाद अगले एक-दो दिन तक शरीर में शुगर और टॉक्सिन्स की मात्रा बढ़ी रहती है। इस समस्या से राहत पाने के लिए कुछ दिनों तक सुबह खाली पेट एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच मेथी दाना भिगोकर पीने से ब्लड शुगर नियंत्रण में रहता है।
मेथी में मौजूद फाइबर और गैलेक्टोमैनन ब्लड में शुगर के अवशोषण को धीमा करते हैं, जिससे ग्लूकोज लेवल संतुलित रहता है। जिन लोगों को पहले से डायबिटीज की समस्या रही है उन्हें इस उपाय का नियमित पालन करने से भी शुगर कंट्रोल रखने में आराम मिल सकता है।
तली-भुनी और मीठी चीजों से परहेज
दिवाली के बाद कम से कम एक हफ्ते तक मिठाइयां, समोसे, नमकीन और जंक फूड से पूरी तरह दूरी बनाएं। इन चीजों में फैट और रिफाइंड शुगर की मात्रा अधिक होती है, इसके सेवन से इंसुलिन रेसिस्टेंस का खतरा बढ़ाता है। अगर आपका शुगर लेवल बढ़ा हुआ रह रहा है तो खानपान में सुधार और भी जरूरी हो जाता है।
बढ़ाएं शारीरिक गतिविधियां
त्योहारों और छुट्टियों के दौरान शारीरिक गतिविधि कम होने से ब्लड शुगर बढ़ सकता है। इसे कंट्रोल में रखने के लिए रोजाना 30 मिनट तेज गति से चलना ग्लूकोज कंट्रोल में मदद करता है। हार्वर्ड के विशेषज्ञ बताते हैं, रोज वॉकिंग से शरीर इंसुलिन को 40% तक बेहतर तरीके से उपयोग करता है। खाने के तुरंत बाद 10-15 मिनट की हल्की वॉक जरूर करें, यह भोजन के बाद अचानक से शुगर बढ़ने से रोकता है।
इन उपायों से भी पा सकते हैं लाभ
- दिवाली के बाद डिटॉक्स के लिए ग्रीन टी, दालचीनी का पानी या करेला-जूस पी सकते हैं दालचीनी में मौजूद पॉलीफेनॉल्स शुगर को कम करने और इंसुलिन सेंसिटिविटी बढ़ाने में मदद करते हैं।
- रोज सुबह और शाम एक कप ग्रीन-टी पीने से शरीर से टॉक्सिन्स निकलते हैं और ब्लड शुगर संतुलित रहता है।
- त्योहारों के बाद अनियमित नींद भी शुगर बढ़ाने का प्रमुख कारण हैं। अपनी नींद में सुधार करें।
- अगर इन उपायों के बाद भी आपका शुगर लेवल कंट्रोल नहीं हो रहा है तो किसी डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
-------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।