UPPSC Jobs: यूपी में सहायक प्रोफेसर-लेक्चरर के 2769 पदों पर भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन; ऐसे होगा चयन
UPPSC Recruitment 2025: यूपी में सहायक प्रोफेसर और लेक्चरर के 2,769 पदों पर भर्ती निकली है। यह उन उम्मीदवारों के लिए शानदार मौका है, जो इस भर्ती का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इस भर्ती में जो उम्मीदवार शामिल होना चाहते हैं, वे विस्तृत जानकारी नीचे पढ़ सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UPPSC Vacancy 2025: यूपी में सहायक प्रोफेसर और व्याख्याता के कुल 2,769 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इसमें सहायक प्रोफेसर के 1,253 पद और व्याख्याता/लेक्चरर के 1,516 पद शामिल हैं। व्याख्याता पदों के लिए आवेदन 12 अगस्त से शुरू हुए हैं, जबकि सहायक प्रोफेसर के लिए आवेदन 4 सितंबर से चालू हैं। पात्र उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर समयसीमा से पहले आवेदन कर सकते हैं।
UPPSC Assistant Professor Vacancy: सहायक प्रोफेसर के 1,253 पदों पर भर्ती
राज्य के राजकीय महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर के पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 अक्तूबर, 2025 तक जारी रहेगी। इसके बाद सुधार विंडो 13 अक्तूबर तक खुली रहेगी।
उम्मीदवारों को आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) नंबर प्राप्त करना जरूरी है। बिना OTR आवेदन स्वीकार नहीं होंगे। आयु सीमा के अनुसार, चयन के लिए उम्मीदवार की 1 जुलाई, 2025 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। दिव्यांग उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
असिस्टेंट प्रोफेसर का चयन: प्री, मेंस और इंटरव्यू
राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के चयन की प्रक्रिया अब तीन चरणों में होगी - प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), मुख्य परीक्षा (Mains) और साक्षात्कार (Interview)।
पहले यह चयन केवल इंटरव्यू के अंकों के आधार पर होता था, जबकि इंटरव्यू से पहले अभ्यर्थियों के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाती थी। अब आयोग ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लिखा परीक्षा प्रणाली लागू की है। उम्मीदवारों का अंतिम चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा।
वेतनमान और आवेदन शुल्क
सहायक प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए वेतनमान लेवल-10 है। न्यूनतम वेतन 57,700 रुपये और अधिकतम वेतन 1,82,400 रुपये है। यह वेतनमान UGC एजीपी के अनुसार है। अनारक्षित/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवेदकों को 125 रुपये, पूर्व सैनिक/एससी/एसटी श्रेणी के आवेदकों को 65 रुपये और दिव्यांग उम्मीदवारों को 25 रुपये का शुल्क देना होगा।
जरूरी निर्देश
- जन्मतिथि प्रमाण: उम्मीदवार की जन्मतिथि केवल हाई स्कूल प्रमाण पत्र के अनुसार मान्य होगी। आवेदन के साथ यह प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। अन्य कोई प्रमाण पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- शैक्षिक योग्यता प्रमाण: उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के आवेदन पत्र के साथ अपनी योग्यता प्रमाण पत्रों और अंकतालिकाओं की स्व-सत्यापित प्रतियाँ संलग्न करनी होंगी। यदि यह संलग्न नहीं है, तो आवेदन अस्वीकार कर दिया जाएगा।
UPPSC Lecturer Vacancy 2025: लेक्चरर के 1,516 पदों पर होगा चयन
राजकीय इंटर कॉलेजों में लेक्चरर/प्रवक्ता के 1,516 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 अगस्त, 2025 से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 12 सितंबर, 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। यदि आवेदन में कोई त्रुटि हो, तो इसे 19 सितंबर, 2025 तक सुधारा जा सकता है।
इस भर्ती में पुरुष वर्ग के 777 पद और महिला वर्ग के 694 पद शामिल हैं। इसके अलावा स्पर्श दृष्टिबाधित राजकीय इंटर कॉलेज/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय में 43 पद और उत्तर प्रदेश जेल प्रशिक्षण विद्यालय (अध्यापक वर्ग) में 2 प्राध्यापक पद भी शामिल हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को पदानुसार बीएड/पोस्ट ग्रेजुएशन के साथ बीएड होना अनिवार्य है। कुछ विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन और संबंधित क्षेत्र में बीएससी भी मान्य है।
चयन के लिए उम्मीदवार की 1 जुलाई, 2025 को न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। यानी जन्म तिथि 2 जुलाई, 1985 से पहले और 1 जुलाई, 2004 के बाद का नहीं होना चाहिए। दिव्यांग उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कैसे होगा चयन?
असिस्टेंट प्रोफेसर/लेक्चरर की भर्ती अब तीन चरणों में होगी - प्रारंभिक परीक्षा, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार। पहले यह चयन केवल स्क्रीनिंग और साक्षात्कार के आधार पर होता था, लेकिन स्क्रीनिंग के अंक अंतिम मेरिट में शामिल नहीं किए जाते थे। विस्तृत विवरण यहां पढ़ सकते हैं।