UP Police Recruitment: यूपी पुलिस में भर्तियों की बहार! 60 हजार के बाद अब करीब 24 हजार पदों पर निकलेगी भर्ती
UP Police Recruitment 2025: डीजीपी मुख्यालय ने भर्ती बोर्ड को सिपाही के 19,220 पदों और उप निरीक्षक के 4543 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव बीते दिनों भेजा था। शासन की हरी झंडी मिलते ही इसका विज्ञापन जारी कर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे।
विस्तार
UP Police Constable & SI Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। यूपी पुलिस में 60,244 कांस्टेबल के बाद अब जल्द ही 24,000 से अधिक पदों पर फिर से सीधी भर्ती होने जा रही है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है और 15 जून 2025 तक विज्ञापन जारी होने की संभावना है। इससे पहले अप्रैल में विज्ञापन जारी होने की संभावना थी लेकिन प्रक्रिया में देरी हुई।
इन पदों पर होगी भर्ती
डीजीपी मुख्यालय ने भर्ती बोर्ड को सिपाही के 19,220 पदों और उप निरीक्षक के 4543 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव बीते दिनों भेजा था। इनमें सिपाही पीएसी के 9837, सिपाही पीएसी महिला वाहनी के 2282, सिपाही नागरिक पुलिस के 3245, सिपाही पीएसी/सशस्त्र पुलिस 2444, सिपाही विशेष सुरक्षा बल के 1341 और घुड़सवार पुलिस के 71 पद (कुल 19220) पद शामिल थे।
इसी तरह उप निरीक्षक के 4543 पदों का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 4242 पद, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस/प्लाटून कमांडर महिला वाहिनी बदायूं, गोरखपुर, लखनऊ के 106 पद, प्लाटून कमांडर/उप निरीक्ष सशस्त्र पुलिस के 135 पद, उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर विशेष सुरक्षा बल के 60 पद शामिल हैं।
सिपाही पदों का विवरण (कुल: 19,220)
| पद का नाम | पदों की संख्या |
|---|---|
| सिपाही PAC | 9,837 |
| सिपाही PAC महिला वाहिनी | 2,282 |
| सिपाही नागरिक पुलिस | 3,245 |
| सिपाही PAC/सशस्त्र पुलिस | 2,444 |
| सिपाही विशेष सुरक्षा बल | 1,341 |
| सिपाही घुड़सवार पुलिस | 71 |
| कुल | 19,220 |
उप निरीक्षक (SI) पदों का विवरण (कुल: 4,543)
| पद का नाम | पदों की संख्या |
|---|---|
| उप निरीक्षक नागरिक पुलिस | 4,242 |
| उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर महिला वाहिनी (बदायूं, गोरखपुर, लखनऊ) | 106 |
| प्लाटून कमांडर/उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस | 135 |
| उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर विशेष सुरक्षा बल | 60 |
| कुल | 4,543 |
SI भर्ती में आयु सीमा में मिलेगी 3 साल की छूट
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। योगी सरकार ने दरोगा भर्ती के लिए आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट देने का फैसला लिया है। हालांकि यह छूट केवल एक बार प्रदान की जाएगी। गृह विभाग की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।
अग्निवीरों को मिलेगा 20% आरक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार (3 जून) को हुई कैबिनेट बैठक में पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को 20 फीसदी आरक्षण देने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई। यूपी पुलिस में सिपाही, पीएसी, सिपाही घुड़सवार और फायरमैन की सीधी भर्ती में आरक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 20 फीसदी पदों को आरक्षित कर क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। साथ ही अग्निवीर के रूप में की गई सेवा अवधि को घटाते हुए अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट भी दी जाएगी।