RRB NTPC 2021: 2.78 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म, 23 जुलाई से होगी परीक्षा, यहां देखें पूरा शेड्यूल
आरआरबी एनटीपीसी सातवें चरण की परीक्षा 23, 24, 26 और 31 जुलाई को आयोजित की जाएंगी।
विस्तार
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर आरआरबी एनटीपीसी सातवें चरण की परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। सीबीटी 1 परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार यह परीक्षाएं 23, 24, 26 और 31 जुलाई को आयोजित की जाएंगी। बता दें कि इस भर्ती परीक्षा के लिए तकरीबन 2.78 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
चार दिन पहले जारी होगा प्रवेश पत्र
परीक्षा केंद्र और तारीख देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा से 10 दिन पहले लिंक एक्टिव होगी। वहीं परीक्षा से चार दिन पहले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
15 क्षेत्रीय भाषाओं में होगा आयोजन
गौरतलब है कि आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा का आयोजन हिंदी, कन्नड, अंग्रेजी और मराठी समेत 15 क्षेत्रीय भाषाओं में किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरआरबी एनटीपीसी सातवें फेज की परीक्षा के जरिए तकरीबन 35280 पदों पर आवेदकों की भर्ती की जाएगी। बता दें कि कोरोना काल में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की अधिक संख्या होने की वजह से रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा विभिन्न फेज में परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा का अंतिम फेज है।
परीक्षा केंद्र में इन उपकरणों नहीं कर सकेंगे उपयोग
आरआरबी ने अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल और ऑनलाइन आवेदन पत्र में दिए गए मोबाइल नंबरों पर आवश्यक सूचना भेजी है। आधिकारिक बयान के अनुसार परीक्षा परिसर के अंदर मोबाइल फोन, पेजर, घड़ियां, ब्लूटूथ सक्षम उपकरण, कैलकुलेटर, चूड़ियां, बेल्ट और कंगन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग सख्ती से प्रतिबंधित है।
इस वर्ष 1.26 करोर्ड अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
आरआरबी एनटीपीसी 7वें चरण की परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। इस वर्ष, आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा के लिए कुल 1.26 करोड़ अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा कई चरणों में आयोजित की गई है। आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट, जूनियर टाइमकीपर, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट, सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट, जूनियर अकाउंट असिस्टेंट कम टाइपिस्ट, सीनियर टाइमकीपर और अन्य पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाती है।
आधिकारिक अधिसूचना देखने के लिए यहां क्लिक करें।