RPSC: सहायक आचार्य के साक्षात्कार की तिथियां घोषित, वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा 12 से 18 जुलाई तक; देखें सभी अपडेट
RPSC: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने विभिन्न भर्तियों के साक्षात्कार कार्यक्रम जारी किए हैं। कॉलेज शिक्षा भर्ती इंटरव्यू 18-27 मई और मेडिकल भर्ती 14 मई को होगी। साथ ही 6-12 मई तक आवेदन संशोधन व विथड्रॉ का मौका दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
RPSC: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने विभिन्न भर्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण अपडेट जारी किए हैं। आयोग ने एक ओर जहां कई पदों के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम घोषित किया है, वहीं दूसरी ओर कुछ परीक्षाओं के लिए आवेदन संशोधन और आवेदन वापस लेने (विथड्रॉ) का मौका भी दिया है।
विभिन्न भर्तियों के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम जारी
आयोग सचिव के अनुसार, कॉलेज शिक्षा विभाग भर्ती-2023 के तहत सहायक आचार्य (इतिहास), सहायक आचार्य (ईएएफएम) और शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक (PTI) पदों के लिए साक्षात्कार 18 मई 2026 से शुरू होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सहायक आचार्य इतिहास के सातवें चरण और सहायक आचार्य ईएएफएम व पीटीआई भर्ती के तीसरे चरण के साक्षात्कार 18 मई से 27 मई 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र और सभी शैक्षणिक व अन्य प्रमाण पत्रों की मूल प्रति व फोटो कॉपी साथ लाना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेज न होने पर साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आवेदन में संशोधन का मौका
आयोग ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 और कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) परीक्षा-2025 के लिए आवेदन में संशोधन का अवसर भी प्रदान किया है।
अभ्यर्थी 6 मई से 12 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपने आवेदन में बदलाव कर सकते हैं। हालांकि नाम, पिता का नाम, फोटो, जन्म तिथि और जेंडर में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
संशोधन के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसे ई-मित्र या ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए जमा करना होगा। यह प्रक्रिया RPSC की आधिकारिक वेबसाइट या SSO पोर्टल के माध्यम से पूरी की जा सकती है।
परीक्षा तिथियां और जरूरी निर्देश
वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा का आयोजन 12 से 18 जुलाई 2026 तक किया जाएगा, जबकि कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा 26 और 27 जुलाई 2026 को होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल पात्रता शर्तों के अनुरूप ही संशोधन मान्य होंगे और ऑफलाइन संशोधन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन विथड्रॉ करने की सुविधा
जिन अभ्यर्थियों ने पात्रता के बिना आवेदन किया है, वे 6 से 12 मई 2026 के बीच अपना आवेदन वापस ले सकते हैं। आयोग ने चेतावनी दी है कि गलत जानकारी के आधार पर आवेदन करना दंडनीय अपराध है और ऐसे उम्मीदवारों को एक वर्ष के लिए भर्ती परीक्षाओं से वंचित किया जा सकता है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग में साक्षात्कार
इसके अलावा, सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) भर्ती-2024 के तहत पेडियाट्रिक यूरोलॉजी (सुपर स्पेशियलिटी) पद के लिए साक्षात्कार 14 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा।
इस साक्षात्कार में भी अभ्यर्थियों को सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। साक्षात्कार पत्र आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।