Rozgar Mela: पीएम मोदी आज देंगे बड़ा तोहफा, 10 लाख युवाओं के लिए लॉन्च करेंगे रोजगार मेला
Prime Minister Narendra Modi will launch Rozgar Mela: मेले का आरंभ सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये होगा। सरकार इस अभियान के तहत अगले 18 महीने में इन सभी रिक्त पदों को भरेगी। केंद्र के सभी विभाग इसके लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं।
विस्तार
PM Modi Diwali Gift Rozgar Mela : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र सरकार के 10 लाख पदों पर भर्ती के लिए 22 अक्तूबर को रोजगार मेले का शुभारंभ करेंगे। देश में रोजगार के इस सबसे बड़े अभियान की शुरुआत पीएम 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर करेंगे। मेले का आरंभ सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये होगा।
सरकार इस अभियान के तहत अगले 18 महीने में इन सभी रिक्त पदों को भरेगी। केंद्र के सभी विभाग इसके लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून में केंद्र के सभी मंत्रालयों और विभागों को इस दिशा में काम करने का निर्देश दिया था। रोजगार मेले के तहत देशभर से चयनित युवाओं को भारत सरकार के 38 मंत्रालयों व विभागों में नियुक्त किया जाएगा। नवनियुक्त कर्मचारी केंद्र सरकार में विभिन्न स्तरों पर शामिल होंगे।
इनमें समूह-ए, समूह-बी (राजपत्रित), समूह-बी (अराजपत्रित) और समूह-सी की नियुक्तियों के साथ ही केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल, कनिष्ठ लिपिक (एलडीसी), स्टेनो, पीए, आयकर निरीक्षक, रेलवे एमटीएस जैसे पद शामिल हैं।
विभिन्न राज्यों से जुड़ेंगे केंद्रीय मंत्री
कई केंद्रीय मंत्री राज्यों से कार्यक्रम में जुड़ेंगे। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा, मनसुख मांडविया गुजरात, अनुराग ठाकुर चंडीगढ़ और पीयूष गोयल महाराष्ट्र से जुड़ेंगे। अन्य मंत्री भी अलग-अलग शहरों, जबकि सभी सांसद अपने संसदीय क्षेत्र के उन युवाओं के बीच रहेंगे, जिन्हें नियुक्ति पत्र मिलने वाला है।
भारत सरकार के 38 मंत्रालयों और संबद्ध विभागों में मिलेंगी नौकरियां
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मोदी की ओर से हाल ही में दिए गए निर्देशों के अनुसार, सभी मंत्रालय और विभाग स्वीकृत पदों के खिलाफ मौजूदा रिक्तियों को "मिशन मोड" में भरने की दिशा में काम कर रहे हैं। देश भर से चयनित नई भर्तियां भारत सरकार के 38 मंत्रालयों और उनसे संबद्ध विभागों में की जाएंगी। नियुक्त व्यक्ति समूह ए और बी (राजपत्रित), समूह बी (अराजपत्रित) और समूह सी में विभिन्न स्तरों पर सरकार में शामिल होंगे। जिन पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं उनमें केंद्रीय सशस्त्र बल के कर्मी, उप-निरीक्षक, काॅन्स्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, पीए, आयकर निरीक्षक और एमटीएस सहित अन्य के पद शामिल हैं।
8.72 लाख पद थे रिक्त
- कार्मिक प्रशिक्षण विभाग के मुताबिक आठ साल में 7.22 लाख लोगों को स्थायी नौकरी देने के बावजूद 1 मार्च, 2020 को केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों में 8.72 लाख पद रिक्त थे।
- कार्मिक मंत्री जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कार्यबल गठित किया गया था... इसमें रक्षा मंत्री, गृह मंत्री, रेल मंत्री सहित पांच मंत्री शामिल हैं। सरकार ने 2020-21 में 78,264 नौकरियां दी हैं।
एजेंसियों के माध्यम से की जा रही हैं भर्तियां
ये भर्तियां मंत्रालयों और विभागों द्वारा या तो स्वयं या यूपीएससी, एसएससी और रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जा रही हैं। पीएमओ ने कहा कि तेजी से भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है।
अफसरों के साप्ताहिक अवकाश निरस्त, यूपीएससी, एसएससी के जरिये हो रही हैं भर्तियां
केंद्र के मंत्रालयों और विभागों की इन रिक्तियों को यूपीएससी, एसएससी व रेलवे भर्ती बोर्ड सरीखी एजेंसियों के जरिये पूरा किया जा रहा है। मिशन पूरा करने के लिए सरकारी विभागों में भी काम चल रहा है। कई विभागों में अधिकारियों के साप्ताहिक अवकाश रद्द कर दिए गए हैं।