यूपी: टीजीटी भर्ती का कॉलेज आवंटन जारी, 2,373 को मिला विद्यालय; जानें अपना अलॉटमेंट स्टेटस कैसे देखें
UP TGT College Allotment Result 2026: उत्तर प्रदेश में टीजीटी भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों के लिए कॉलेज आवंटन परिणाम जारी कर दिया गया है। 13 विषयों में 2,373 अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटित किए गए हैं। 52 अभ्यर्थियों का आवंटन फिलहाल रोका गया है।
विस्तार
UP TGT College Allotment Result 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने टीजीटी भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों के लिए कॉलेज आवंटन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी है।
आयोग के अनुसार, इस चरण में 13 विषयों के लिए कॉलेज आवंटन किया गया है। इन विषयों में कुल 2,425 पदों के सापेक्ष 2,373 सफल अभ्यर्थियों को उनके आवंटित कॉलेज और विद्यालय दे दिए गए हैं।
हालांकि, 52 अभ्यर्थियों का आवंटन फिलहाल रोक दिया गया है। इन अभ्यर्थियों का आवंटन आवश्यक दस्तावेज जमा करने या अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जारी किया जाएगा।
चयन से कॉलेज आवंटन तक की प्रक्रिया कैसे पूरी हुई?
इस भर्ती में लिखित परीक्षा से लेकर कॉलेज आवंटन तक कई चरण पूरे किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया इस प्रकार रही:
- लिखित परीक्षा: टीजीटी भर्ती की लिखित परीक्षा 3 और 4 जून को आयोजित की गई थी।
- दस्तावेज सत्यापन: परीक्षा के बाद 30 जून को विज्ञापित पदों के मुकाबले 1.5 गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सफल घोषित किया गया था।
- संशोधित चयन परिणाम: दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने 23 अगस्त को संशोधित चयन परिणाम जारी किया।
- कॉलेज आवंटन: संशोधित मेरिट सूची के आधार पर 9 सितंबर को 13 विषयों का विषयवार तथा बालक-बालिका वर्ग के अनुसार कॉलेज आवंटन पैनल जारी किया गया।
अपना कॉलेज आवंटन परिणाम कैसे देखें?
चयनित अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना आवंटन पैनल देख सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए चरणों का पालन करें:
- सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाएं।
- मुखपृष्ठ पर सूचना या परिणाम वाले भाग में जाएं।
- यहां “विज्ञा० सं० 01/2022 टीजीटी संस्था आवंटित कर विषयवार जारी पैनल की विज्ञप्ति” लिंक पर क्लिक करें।
- अपने विषय और वर्ग यानी बालक या बालिका के अनुसार संबंधित पीडीएफ फाइल डाउनलोड करें।
- पीडीएफ में अपना रोल नंबर या नाम खोजकर आवंटित कॉलेज का नाम देखें।
कॉलेज आवंटन के बाद क्या करना होगा?
जिन अभ्यर्थियों का नाम जारी की गई आवंटन सूची में शामिल है, वे अब उन्हें आवंटित किए गए कॉलेज या विद्यालय में जाकर आगे की ज्वाइनिंग प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
वहीं, जिन 52 अभ्यर्थियों का आवंटन रोका गया है, उन्हें संबंधित जरूरी दस्तावेज और औपचारिकताओं से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद उनके कॉलेज आवंटन की स्थिति स्पष्ट होगी।