Odisha Govt Jobs: ओडिशा में युवाओं के लिए मौका! 12000 से अधिक पदों पर होगी भर्ती, मुख्यमंत्री माझी का एलान
Odisha Government: सीएम माझी ने कहा कि गृह मंत्री ने राज्य सरकार को कानून और व्यवस्था बनाए रखने और न्याय वितरण प्रणाली के लिए हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही गृह विभाग में 12,000 रिक्त पदों को भरेगी, जिससे राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
विस्तार
Odisha: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार (9 अप्रैल) को एक अहम घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गृह विभाग में 12,000 से अधिक रिक्त पदों को भरेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य प्रशासन 20 साइबर पुलिस स्टेशन स्थापित करने की भी योजना बना रहा है। माझी बुधवार रात नई दिल्ली से लौटने के बाद यहां हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात कर रहे थे, जहां उन्होंने दो दिवसीय निवेशक सम्मेलन की मेजबानी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
गृह मंत्री ने हर संभव समर्थन का दिया आश्वासन- सीएम माझी
सीएम माझी ने कहा कि गृह मंत्री ने राज्य सरकार को कानून और व्यवस्था बनाए रखने और न्याय वितरण प्रणाली के लिए हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही गृह विभाग में 12,000 रिक्त पदों को भरेगी, जिससे राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शाह के साथ बैठक में राज्य में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के कार्यान्वयन पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बैठक में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा की गई
20 नए साइबर थाने खोलने की योजना
सीएम माझी ने कहा कि राज्य में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए 20 नए साइबर थाने खोलने की योजना बनाई गई है। साथ ही, हर पुलिस स्टेशन में क्राइम सीन ऑफिसर की नियुक्ति भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "गृह मंत्रालय से हमें हर संभव सहयोग का आश्वासन मिला है। रिक्त पदों को भरकर कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।"
इन पदों पर होगी भर्ती
- ओडिशा स्पेशल स्ट्राइकिंग फोर्स (OSSF): 3,003 पद
- ओडिशा इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (OISF): 3,000 पद
- ट्रैफिक पुलिस: 2,000 पद
- होम गार्ड्स: 5,000 पद
- डायरेक्टरेट ऑफ पब्लिक प्रॉसिक्यूशन: 267 पद
- स्टेट फॉरेंसिक साइंस डिपार्टमेंट: 254 पद
यह घोषणा विपक्षी कांग्रेस द्वारा लगातार विरोध के बीच की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि पिछले जून में भाजपा के राज्य में सरकार बनाने के बाद महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि के साथ कानून और व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री माझी ने दिल्ली में आयोजित एक दो दिवसीय निवेशक सम्मेलन का भी जिक्र किया, जिसमें राज्य सरकार ने 13 समझौते किए और 15 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनकी अनुमानित लागत 1.03 लाख करोड़ रुपये है। इससे 95,000 से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न होने की संभावना है।