सिविल सर्विसेज-2015 का नोटिफिकेशन जारी, पढ़िए परीक्षा का पूरा शेड्यूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सर्विसेज-2015 के लिए शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया। इसके तहत आईएएस, आईएफएस, आईपीएस समेत विभिन्न वर्ग के 1129 पदों पर भर्ती होगी।
आयोग ने इसी के साथ भारतीय वन सेवा के 110 पदों के लिए भी नोटिफिकेशन कर दिया है। दोनों भर्तियों के लिए 23 मई से 19 जून तक आवेदन किया जा सकता है। इस तरह से दोनों भर्तियों के अंतर्गत आयोग 1239 पदों पर भर्ती करेगा। दोनों भर्तियों की प्रारंभिक परीक्षा 23 अगस्त को होगी।
कार्मिक मंत्रालय के फैसले के परिपेक्ष्य में सिविल सेवा-2015 भर्ती परीक्षा में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इसके तहत प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र (सीसैट) अब सिर्फ क्वालीफाइंग पेपर रह गया है। इसमें 33 फीसदी या इससे अधिक अंक पाने वाले क्वालीफाई करेंगे।
इस तरह से मेरिट सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्न पत्र के आधार पर तय होगी। इतना ही नहीं 2011 के आवेदकों को भी आयोग ने आवेदन का एक अवसर प्रदान किया है। इस फैसले से हिन्दी पट्टी के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है और इस प्रतिष्ठित परीक्षा में यहां के अभ्यर्थियों के सफलता का ग्राफ ऊपर उठने की उम्मीद की जा रही है। मुख्य परीक्षा दिसंबर में संभावित है। मुख्य परीक्षा में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
32 साल हुई उम्र सीमा, मिलेंगे छह अवसर
सिविल सेवा-2015 में सीसैट का महत्व कम होने से राहत महसूस कर रहे हिन्दी पट्टी प्रतियोगियों को उम्र सीमा में छूट और अधिक अवसर के रूप में भी बड़ा सौगात मिली है। अब 32 साल की उम्र तक इसके लिए आवेदन किया जा सकता है। अवसर भी अब छह मिलेंगे।
देश की इस सबसे प्रतिष्ठित भर्ती परीक्षा के लिए अधिकतम उम्र सीम 30 साल (सामान्य वर्ग) निर्धारित थी। अवसर भी मात्र चार मिलते थे लेकिन प्रारंभिक परीक्षा में सीसैट लागू होने का प्रतियोगियों ने तीव्र विरोध किया था।
इस बदलाव के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए प्रतियोगियों ने उम्र सीमा में छूट तथा अतिरिक्त अवसरों की मांग की थी। इस मांग को पूरा करते हुए सिविल सेवा-2014 में ही आयोग ने सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को दो अतिरिक्त अवसर देने के साथ अधिकतम आयु सीमा भी 32 वर्ष करने का निर्णय लिया था। यह व्यवस्था इस वर्ष भी लागू है।
माना जा रहा है कि अगले नोटिफिकेशन तक सिविल सेवा के लिए अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष रहेगी। साथ में छह अवसर भी मिलेंगे। इससे परीक्षा प्रारूप में बदलाव की वजह से सफलता से वंचित रह गए अधिक उम्र के प्रतियोगियों को बड़ी राहत मिली है।
पीसीएस-2014 मेंस का रिजल्ट जून में
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर आयोजित पीसीएस-2014 मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जून के पहले सप्ताह में संभावित है। आयोग सूत्र के अनुसार परिणाम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसके विपरीत समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी-2013 और लोअर सबऑर्डिनेट-2013 मुख्य परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ सकता है। इससे प्रतियोगियों में नाराजगी भी है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने कंबाइंड जेई भर्ती परीक्षा-2008 का रिजल्ट शुक्रवार को घोषित कर दिया। रिजल्ट में सफल अभ्यर्थियों के नाम नहीं दिए गए हैं। रोल नंबर के आधार पर रिजल्ट घोषित हुआ है।
सिंचाई विभाग में जेई सिविल के 64 तथा मैकेनिकल के 242 पदों के लिए रिजल्ट घोषित हुआ है। जल संस्थान में जेई जल के 21 पदों के लिए सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर जारी किए गए हैं। इस तरह से कुल 327 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं।