नौकरी: आईआईटी दिल्ली में निदेशक पद पर भर्ती, शिक्षा मंत्रालय ने मांगे आवेदन, 2.25 लाख वेतन; क्या है पात्रता?
IIT Delhi Director Recruitment 2026: शिक्षा मंत्रालय ने आईआईटी दिल्ली के निदेशक पद के लिए आवेदन मांगे हैं। पात्र उम्मीदवार 31 अक्तूबर 2026 तक पंजीकृत या स्पीड पोस्ट के जरिए आवेदन भेज सकते हैं। पद के लिए पीएचडी, प्रोफेसर के रूप में अनुभव और प्रशासनिक अनुभव जरूरी है।
विस्तार
IIT Delhi Director Recruitment 2026: शिक्षा मंत्रालय ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (आईआईटी दिल्ली) के निदेशक पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार अपने जरूरी दस्तावेज शिक्षा मंत्रालय को पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकते हैं।
आवेदन 31 अक्तूबर 2026 तक मंत्रालय पहुंच जाना चाहिए। आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
निदेशक पद के लिए उम्मीदवार के पास पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ पिछली डिग्री में प्रथम श्रेणी या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
उम्मीदवार के पास किसी प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी संस्थान अथवा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 वर्ष का शिक्षण अनुभव भी होना चाहिए।
इसके अलावा उम्मीदवार के पास प्रशासनिक अनुभव और पीएचडी छात्रों के मार्गदर्शन का अनुभव होना चाहिए। पात्रता संबंधी नियमों के अनुसार, प्रशासनिक अनुभव की अवधि कम से कम पांच वर्ष होनी चाहिए।
योग्यता एक नजर में
- पीएचडी की डिग्री जरूरी
- पिछली डिग्री में प्रथम श्रेणी या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए
- प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी संस्थान अथवा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 वर्ष का शिक्षण अनुभव
- कम से कम पांच वर्ष का प्रशासनिक अनुभव
- पीएचडी छात्रों के मार्गदर्शन का अनुभव
- उम्मीदवार का शैक्षणिक रिकॉर्ड उत्कृष्ट होना चाहिए
कितना मिलेगा वेतन?
आईआईटी दिल्ली के निदेशक पद के लिए 2.25 लाख रुपये प्रति माह का निश्चित वेतन निर्धारित है। इसके अलावा नियमानुसार भत्ते भी मिलेंगे। निदेशक संस्थान के शैक्षणिक और प्रशासनिक प्रमुख के रूप में काम करेंगे।
उम्र को लेकर क्या है शर्त?
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार की उम्र आवेदन की अंतिम तारीख पर 60 वर्ष से कम होना बेहतर माना गया है।
अधिसूचना में कहा गया है, “उम्मीदवारों की आयु 60 वर्ष से कम होना बेहतर है। निर्धारित दस्तावेजों के साथ आवेदन 31 अक्तूबर 2026 तक पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से मंत्रालय में पहुंच जाना चाहिए। विवरण के लिए dohe.education.gov.in पर जाएं।”