APSC CCE 2023: एपीएससी संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा की तिथि में हुआ संशोधन, अब इस दिन होगा एग्जाम
APSC CCE Prelims 2023: असम लोक सेवा आयोग ने संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा 2023 की तिथि में बदलाव किया है। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा 17 मार्च को होनी थी, जिसमें अब संशोधन किया गया है। नई परीक्षा तिथि नीचे जानें।
विस्तार
APSC CCE Prelims 2023: असम लोक सेवा आयोग ने संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा 2023 कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। पंजीकृत उम्मीदवार आधिकारिक वेबासइट apsc.nic.in पर जाकर परीक्षा शेड्यूल देख सकते हैं। एपीएससी संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा 2023 पहले 17 मार्च को आयोजित होनी थी, जिसमें आयोग ने अब बदलाव किया है। अब एपीएससी संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा 18 मार्च को आयोजित की जाएगी।
इस दिन आएगा एडमिट कार्ड
आयोग ने कहा, "रोल नंबर और ई-प्रवेश प्रमाणपत्र के साथ उम्मीदवारों की सूची 26 फरवरी और 27 फरवरी को आयोग की वेबसाइट www.apsc.nic.in पर अपलोड कर दी जाएगी।" गौरतलब है, आयोग ने कहा है कि किसी भी उम्मीदवार का एडमिट कार्ड डाक द्वारा अलग से नहीं भेजा जाएगा, सभी को अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा।
एपीएससी सीसीई प्रारंभिक परीक्षा 2023 में दो पेपर होंगे - सामान्य अध्ययन 1 और सामान्य अध्ययन 2। दोनों पेपर में वस्तुनिष्ठ प्रकार और बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) होंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी।
उत्तीर्ण करने के लिए कितने अंक चाहिए ?
प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवारों को एपीएससी सीसीई मुख्य परीक्षा 2024 में उपस्थित होना होगा। प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए न्यूनतम उत्तीर्ण प्रतिशत 33% है।
APSC CCE Prelims 2023: परीक्षा का समय
सामान्य अध्ययन -1 का समय 10 से 12 बजे तक रहने वाला है। वहीं सामान्य अध्ययन-2 का समय 2 बजे से 4 बजे तक रहेगा।
ऐसे PwBD उम्मीदवार जिन्होंने अंधापन (VI), लोकोमोटर विकलांगता (दोनों हाथ प्रभावित-BA) और सेरेब्रल पाल्सी की श्रेणियों में एपीएससी सीसीई प्रारंभिक परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है और उन्हें लेखक की आवश्यकता है, उन्हें 29 फरवरी तक कार्यालय समय के दौरान अपने नाम, रोल नंबर और आवेदन आईडी के साथ आयोग को एक रिक्वेस्ट भेजनी होगी। वहीं, ऐसे PwBD उम्मीदवार जो अपनी व्यवस्था स्वयं करेंगे, उन्हें 29 फरवरी तक आयोग को सूचित करना होगा।
इसके अतिरिक्त, अपना कोई भी प्रश्न उम्मीदवारों को ई-मेल cceapsc@gmail.com पर 27 फरवरी से 10 मार्च शाम 5 बजे तक भेजना होगा।