झारखंड: निशा भगत की मौत पर भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरा आदिवासी समाज; सीबीआई जांच की मांग
आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के बाद झारखंड में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को नगड़ी में समर्थकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के बाद आदिवासी समाज और उनके समर्थकों में आक्रोश का माहौल है। उनकी मौत को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं। समर्थक इसे आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
इसी क्रम में शनिवार को आदिवासी समाज के लोगों और निशा भगत के समर्थकों ने नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित चेकपोस्ट के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आदिवासी नेता सुनील कच्छप के नेतृत्व में किया गया। सड़क जाम होने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान सुनील कच्छप ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और ज्योत्सना क्रेकेट्टा के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने निशा भगत की मौत के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें और दोषियों की पहचान हो सके।
वहीं, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने कहा कि निशा भगत की आत्महत्या ने सिस्टम की पोल खोल दी है। आत्महत्या से ठीक पहले निशा भगत का फेसबुक लाइव पर आकर रोते हुए सिस्टम और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाना बताता है कि वह किस हद तक मानसिक प्रताड़ना और लाचारी से गुजर रही थीं। उन्हें पहले से ही सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने साइबर थाने और पुलिस प्रशासन से भी गुहार लगाई थी, लेकिन समय रहते त्वरित कार्रवाई नहीं की गई। इसके कारण एक जुझारू नेत्री निशा भगत को इस तरह अपनी जान गंवानी पड़ी।
ये भी पढ़ें- बिहार न्यूज: दो बाइकों की टक्कर में मां-बेटी की मौत, पांच माह की मासूम ने भी तोड़ा दम; पिता गंभीर
उन्होंने कहा कि आज झारखंड की इस माटी में आदिवासी समाज की महिलाएं और समाज के हक की लड़ाई लड़ने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसे में आम महिलाओं और पिछड़े वर्ग के लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। धमकियों के मामलों में पुलिस की लचर कार्यशैली और उन्हें दबाने की प्रवृत्ति ने अपराधियों के हौसले बुलंद कर रखे हैं।
बबलू मुंडा ने मांग की कि निशा भगत के फेसबुक लाइव में लगाए गए सभी आरोपों और पुलिस की लापरवाही की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। पदों और बयानों का विरोधाभास स्पष्ट करेंदोहराव हटाकर खबर संक्षिप्त करें
