झारखंड: परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर जल्द फैसला लेगा झामुमो, एक-दो दिनों में होगा पार्टी का रुख स्पष्ट
झारखंड में झामुमो परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर एक-दो दिनों में अपना रुख स्पष्ट करेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सांसदों से विधेयकों का अध्ययन करने और विशेषज्ञों की राय लेने के बाद निर्णय करने को कहा है।
विस्तार
झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को कहा कि वह प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर एक-दो दिनों में अपना रुख स्पष्ट करेगा। पार्टी पहले विधेयकों के प्रावधानों का अध्ययन करेगी और झारखंड पर उनके संभावित प्रभावों का आकलन करेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शनिवार को उनके सरकारी आवास पर झामुमो सांसदों की बैठक हुई। बैठक में विधेयकों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने पत्रकारों से कहा कि हमें शुक्रवार रात विधेयकों की प्रतियां मिलीं। मुख्यमंत्री ने पार्टी के सभी सांसदों से विधेयकों का अच्छी तरह अध्ययन करने को कहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये झारखंड के हित में हैं या नहीं। मुख्यमंत्री विशेषज्ञों की राय भी लेंगे। अध्ययन के बाद एक-दो दिनों में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।" बैठक में राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद और बैद्यनाथ राम के अलावा लोकसभा सांसद विजय हांसदा, जोबा मांझी और नलिन सोरेन भी मौजूद थे।
नलिन सोरेन ने कहा कि पार्टी इस बात का अध्ययन कर रही है कि प्रस्तावित बदलावों के तहत झारखंड में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में आनुपातिक रूप से वृद्धि होगी या नहीं। उन्होंने कहा, "अगर आदिवासी सीटों में आनुपातिक वृद्धि होती है, तो यह ठीक है और हम इस पर विचार करेंगे। सरफराज अहमद ने कहा कि विधेयकों में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में कितनी वृद्धि होगी।
केंद्र सरकार महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के लिए सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए सीटों की संख्या के साथ-साथ उनकी संबंधित विधानसभाओं की सदस्य संख्या में भी 50 प्रतिशत की वृद्धि करने का प्रस्ताव है। प्रस्ताव के अनुसार, सीटों का नया आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं वर्ष 2051 तक स्थिर रहेंगी।
