झारखंड: एम्स देवघर के दीक्षांत समारोह में 11 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, पांच पाठ्यक्रमों की मिली डिग्री
एम्स देवघर ने शनिवार को अपना दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि थे। समारोह में पांच पाठ्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गई।
विस्तार
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) देवघर में शनिवार को दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एमडी) और मास्टर ऑफ सर्जरी (एमएस) के सफल विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन, मेहनत और समर्पण के लिए 11 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। संस्थान के शैक्षणिक सफर में यह दीक्षांत समारोह एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रहे मुख्य अतिथि
दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
पांच पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को मिलीं डिग्रियां
समारोह के दौरान एम्स देवघर के पांच शैक्षणिक कार्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एमडी) और मास्टर ऑफ सर्जरी (एमएस) के विद्यार्थी शामिल रहे। इसके अलावा शैक्षणिक उपलब्धियों और चिकित्सा शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए 11 मेधावी विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सुरक्षा और तैयारियों की गई थी समीक्षा
उपराष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए एम्स प्रशासन ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया था। कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी।
एम्स देवघर ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। संस्थान ने उम्मीद जताई कि सभी स्नातक पूर्ण समर्पण और संवेदनशीलता के साथ देश की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को मजबूत करने में अपना योगदान देंगे।