इंडियन रेलवे: दुर्गा पूजा पर घर जाने की राह मुश्किल, ट्रेनों में लंबी वेटिंग; यात्रियों की बढ़ी टेंशन
दुर्गा पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए कंफर्म रेल टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। रांची, हटिया और संबलपुर से बिहार, दिल्ली और जम्मू जाने वाली कई नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, जबकि कुछ श्रेणियों में बुकिंग ‘रिग्रेट’ हो चुकी है।
विस्तार
दुर्गा पूजा के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों को कंफर्म टिकट के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रांची, हटिया और संबलपुर स्टेशनों से देश के अलग-अलग शहरों के लिए चलने वाली नियमित और पूजा स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। 17 और 18 अक्तूबर को रवाना होने वाली कई प्रमुख एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है। कई ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं होने के कारण बुकिंग बंद हो गई है और ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है। सबसे ज्यादा परेशानी बिहार, नई दिल्ली और जम्मू की ओर जाने वाले यात्रियों को हो रही है। हालांकि, कुछ पूजा स्पेशल ट्रेनों में आने वाले दिनों के लिए सीटें उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिल सकती है।
बिहार जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग, कई श्रेणियों में बुकिंग बंद
बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में 17 अक्तूबर के लिए आरक्षित सीटें लगभग भर चुकी हैं। रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस (22350) में 17 अक्तूबर को चेयर कार में 57 और एग्जीक्यूटिव श्रेणी में 11 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची है। वहीं, रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस (12366) में सेकंड सिटिंग (2एस) में 84 और चेयर कार में 27 की वेटिंग चल रही है। हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (18626) में 17 अक्तूबर को सेकंड सिटिंग में 110 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची है। स्लीपर श्रेणी में बुकिंग की स्थिति ‘रिग्रेट’ हो चुकी है, यानी फिलहाल टिकट बुक नहीं हो पा रहे हैं। इस ट्रेन के थर्ड एसी इकॉनमी में 21 और थर्ड एसी में 43 यात्रियों की वेटिंग है। वहीं, 18 अक्तूबर को स्लीपर श्रेणी में 64 और थर्ड एसी में 21 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची दर्ज की गई है।
हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस (18624) में 17 अक्तूबर को स्लीपर में 82, थर्ड एसी इकॉनमी में 21, थर्ड एसी में 48 और सेकंड एसी में 29 यात्रियों की वेटिंग है। इसी तरह हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (18622) में स्लीपर श्रेणी में 80, थर्ड एसी में 30 और सेकंड एसी में 12 यात्री प्रतीक्षा सूची में हैं।
इसके अलावा संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस (15027) में 17 अक्तूबर को स्लीपर में 78 और थर्ड एसी में 28 यात्रियों की वेटिंग चल रही है। राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस (18105) में 18 अक्तूबर को थर्ड एसी में 47 और सेकंड एसी में 18 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची है।
दिल्ली और जम्मू जाने वाली ट्रेनों में भी टिकट मिलना मुश्किल
दिल्ली और उत्तर भारत की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में भी कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20839) में 17 अक्तूबर को थर्ड एसी में 161 और सेकंड एसी में 30 यात्रियों की लंबी प्रतीक्षा सूची है। वहीं, रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12453) में 18 अक्तूबर को थर्ड एसी में 35 और सेकंड एसी में 28 यात्रियों की वेटिंग चल रही है। हटिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस (12817) में 18 अक्तूबर को स्लीपर में 72, थर्ड एसी में 20 और सेकंड एसी में 11 यात्री प्रतीक्षा सूची में हैं। संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस (18309) में भी स्थिति काफी गंभीर है। इस ट्रेन में 17 अक्तूबर को स्लीपर श्रेणी में 148 और थर्ड एसी में 110 यात्रियों की वेटिंग है। वहीं, सेकंड एसी में बुकिंग ‘रिग्रेट’ हो चुकी है। ऐसे में जम्मू की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए कंफर्म टिकट हासिल करना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
पूजा स्पेशल ट्रेनों में भी वेटिंग, कुछ में सीटें उपलब्ध
त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से पूजा स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। हालांकि, इन ट्रेनों में भी अलग-अलग तारीखों पर टिकट की उपलब्धता में काफी अंतर है। रांची-आनंद विहार टर्मिनस स्पेशल (02877) में 17 अक्तूबर को स्लीपर में 52 और थर्ड एसी में 18 यात्रियों की वेटिंग है। 24 अक्तूबर को इस ट्रेन के स्लीपर में 69 और थर्ड एसी में 52 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची है। वहीं, सेकंड एसी में बुकिंग ‘रिग्रेट’ हो चुकी है। हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल (08637) में 21 अक्तूबर को स्लीपर में 46, थर्ड एसी इकॉनमी में 20 और थर्ड एसी में 17 यात्रियों की वेटिंग है। हालांकि, 4 नवंबर को इस ट्रेन के स्लीपर में 19 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची दर्ज है।
शालीमार और अलीपुरद्वार जाने वालों को मिल सकती है राहत
कुछ पूजा स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों के लिए सीटें उपलब्ध हैं। रांची-शालीमार स्पेशल (08616) में 21 अक्तूबर को स्लीपर श्रेणी में 180 सीटें खाली हैं। हालांकि, थर्ड एसी में आरएसी 13 की स्थिति है, यानी इस श्रेणी में टिकट आरक्षण के बाद सीट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। रांची-अजमेर स्पेशल (09620) में 18 अक्तूबर को स्लीपर श्रेणी में 22 यात्रियों की वेटिंग है, लेकिन आगे की तारीखों में सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, रांची-अलीपुरद्वार स्पेशल (08661) में अक्तूबर और नवंबर के शुरुआती सप्ताह की अधिकतर सीटें खाली हैं। हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल (08609) में 19 और 26 अक्तूबर को स्लीपर श्रेणी में 16 से 18 यात्रियों की वेटिंग चल रही है। हालांकि, थर्ड एसी में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं।
ऐसे में दुर्गा पूजा के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नियमित ट्रेनों में कंफर्म टिकट पाना मुश्किल बना हुआ है। यात्रियों को सलाह है कि टिकट बुक करने से पहले संबंधित ट्रेन और यात्रा की तारीख के अनुसार सीटों की उपलब्धता की जांच कर लें। पूजा स्पेशल ट्रेनों में अलग-अलग तारीखों पर उपलब्ध सीटों को देखकर यात्रा की योजना बनाने से राहत मिल सकती है।