{"_id":"5fefe7c5e0f51c3c2b20e292","slug":"ms-dhoni-farm-vegetables-to-be-sent-to-dubai-preparations-for-sending-consignments-in-final-stage","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"दुबई में बिकेंगी एमएस धोनी के फार्महाउस की सब्जियां, जानें कैसे भेजी जा रही खेप?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दुबई में बिकेंगी एमएस धोनी के फार्महाउस की सब्जियां, जानें कैसे भेजी जा रही खेप?
Sat, 02 Jan 2021 04:36 PM IST
कुमार संभव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: कुमार संभव
Updated Sat, 02 Jan 2021 04:36 PM IST
विज्ञापन
ms dhoni farm house: अपने फार्महाउस में मटर तोड़ते धोनी।
- फोटो : सोशल मीडिया
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं। कभी वह कड़कनाथ मुर्गे का व्यापार करने को लेकर चर्चा में आ जाते हैं तो कभी अपने वायरल वीडियो की वजह से। धोनी एक बार फिर खबरों में छाए हुए हैं और इसकी वजह है उनके फार्महाउस में होने वाली सब्जियां। दरअसल, धोनी के फार्महाउस की सब्जियां दुबई में बिकेंगी और इसकी खेप भेजने के लिए अंतिम तैयारियां भी पूरी हो चुकी है। बता दें कि रांची में धोनी के फार्महाउस की सब्जियों की काफी डिमांड है। क्या खास है धोनी के फार्महाउस की सब्जियों में और उन्हें कैसे भेजा जा रहा है दुबई, जानते-समझते हैं इस रिपोर्ट में...
विज्ञापन
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी के फार्महाउस की सब्जियों का स्वाद दुबई के लोग चखेंगे। फिलहाल, इन सब्जियों की खेफ भेजने के लिए आखिरी चरण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मोलभाव भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। साथ ही, सब्जियों को दुबई भेजने के लिए एजेंसी का चयन भी हो चुका है। बता दें कि झारखंड के कृषि विभाग ने धोनी की सब्जियों को विदेश भेजने की जिम्मेदारी ली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
झारखंड के किसानों को भी होगा फायदा
बता दें कि धोनी के फार्महाउस की सब्जियों को दुबई भेजने की जिम्मेदारी ऑल सीजन फार्म फ्रेश एजेंसी को दी गई है। यह वही एजेंसी है, जो कृषि विभाग की सब्जियों की खेफ गल्फ देशों में भेजती है। मार्केटिंग कमेटी के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया कि सरकार को नए प्रोजेक्ट पर काम करने की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि धोनी एक ब्रांड हैं और उनकी सब्जियों के साथ झारखंड का नाम भी जुड़ा है। ऐसे में इसका फायदा राज्य के किसानों को भी मिलेगा। अभिषेक ने कहा कि धोनी के फार्महाउस की सब्जियां विदेश जाने के बाद वो एजेंसियां भी झारखंड आएंगी, जो यहां कभी आना नहीं चाहती थीं और विदेशों में राज्य की सब्जियां भेजेंगी।
धोनी के फार्महाउस में इनकी हुई खेती
बता दें कि धोनी का फार्महाउस सेंबो गांव में रिंग रोड पर है। 43 एकड़ में फैले इस फार्महाउस के 10 एकड़ हिस्से में स्ट्रॉबेरी, पत्ता गोभी, टमाटर, ब्रोकली, मटर, ओल और पपीते की खेती की गई। गौरतलब है कि रांची की सब्जी मंडी में धोनी के फार्महाउस की पत्ता गोभी, टमाटर और मटर की काफी ज्यादा डिमांड है।
दुबई में काफी मशहूर हैं धोनी
जानकारी के मुताबिक, दुबई में महेंद्र सिंह धोनी के काफी फैन रहते हैं। जब उनकी टीम चेन्नई सुपरकिंग्स ने दुबई में मैच खेले तो धोनी के काफी फैन स्टेडियम पहुंचे थे। इसके अलावा धोनी इस वक्त दुबई में ही अपने परिवार के साथ नया साल मना रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि दुबई धोनी का खास डेस्टिनेशन है।