{"_id":"5ee4d2488ebc3e42d56e7754","slug":"monsoon-arrived-in-jharkhand-two-days-ago-cloud-will-remain-cloudy-for-next-five-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"झारखंड में दो दिन पहले ही पहुंचा मानसून, अगले पांच दिनों तक छाए रहेंगे बादल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
झारखंड में दो दिन पहले ही पहुंचा मानसून, अगले पांच दिनों तक छाए रहेंगे बादल
Sat, 13 Jun 2020 06:49 PM IST
Rohit Ojha
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: Rohit Ojha
Updated Sat, 13 Jun 2020 06:49 PM IST
विज्ञापन
मानसून (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड के सभी भागों में मानसून तय समय से दो दिन पहले शनिवार को पहुंच गया। हालांकि शुक्रवार को मानसून जमेशदपुर के इलाकों में पहुंच गया था। शनिवार को राजधानी रांची में भी इसने दस्तक दे दी और इसके प्रभाव से लगभग पूरे राज्य में अगले पांच दिन तक बादल छाए रहने तथा लगभग पूरे राज्य में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।
विज्ञापन
रांची में मौसम विभाग के निदेशक डा. एसडी कोटाल ने बताया कि हाल में बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ के कारण बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते मानसून तय समय से दो दिन पूर्व ही झारखंड पहुंच गया। उन्होंने बताया कि केरल में इस वर्ष एक जून को पहुंचा दक्षिण पश्चिम मानसून ओडिशा और पश्चिम बंगाल होते हुए शुक्रवार को राज्य में प्रवेश कर गया था। आज इसने राजधानी रांची समेत लगभग पूरे झारखंड राज्य में दस्तक दे दी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि आमतौर पर मानसून झारखंड के जमशेदपुर में 14 जून को पहुंचता है। वहीं, रांची में यह 15 जून को पहुंचता है, लेकिन इस बार यह 12 जून को ही जमशेदपुर पहुंच गया और आज रांची भी पहुंच गया। कोटाल ने बताया कि मानसून के चलते पूरे झारखंड में अगले पांच दिन तक गहरे बादल छाए रहने तथा मध्यम से भारी वर्षा होने का अनुमान है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में मानसून के चलते राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इससे पूर्व मानसून के चलते राज्य के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। दो दिनों से हुए मौसम परिवर्तन चलते रांची समेत तकरीबन राज्य के हर हिस्से में लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। शनिवार को रांची समेत कई जिलों में सुबह से काले बादल छाए रहे।
विभाग के अनुसार मानसून शुक्रवार को तेजी से आगे बढ़ा और शनिवार को यह झारखंड में प्रवेश कर गया। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावा, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज और गुमला, हजारीबाग तथा गिरिडीह के कुछ हिस्सों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है।