दुमका में कोयला ब्लॉक के विरोध में हिंसा: पुलिस पर पथराव के आरोप में 500 अज्ञात लोगों पर केस; 19 जवान घायल
झारखंड के दुमका में प्रस्तावित कोयला ब्लॉक परियोजना के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव के मामले में करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकारीपाड़ा के बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में हुई झड़प में 19 पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिनमें से 12 को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार
झारखंड के दुमका जिले में प्रस्तावित कोयला ब्लॉक विकास परियोजना के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव करने के आरोप में करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, शिकारीपाड़ा प्रखंड के अंचल अधिकारी कपिलदेव ठाकुर की शिकायत पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में रविवार रात उस समय झड़प हो गई, जब पुलिस की एक टीम बिजली उत्पादन कंपनी के एक अधिकारी को बचाने के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उस अधिकारी को बंधक बना लिया था।
पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी
शिकारीपाड़ा थाने के प्रभारी ने पीटीआई को बताया, "इस घटना के संबंध में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
19 पुलिसकर्मी घायल हुए थे
थाना प्रभारी के अनुसार, झड़प में 19 पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जिनमें से 12 को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीजीसीएल) को दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोयला ब्लॉक आवंटित किया गया है।
एचपीजीसीएल के महाप्रबंधक सागर सिंह मीणा, जिन्हें कथित तौर पर ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था, ने सोमवार को बताया कि उनकी टीम इलाके में सर्वे करने और ग्रामसभा की बैठक में शामिल होने गई थी। उन्होंने कहा, "बैठक के दौरान ग्रामीणों का एक समूह उग्र हो गया और उसने हमारे अधिकारियों पर हमला कर दिया। मौके पर पहुंचने वाले पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाया गया।"
ये भी पढ़ें- यूपी: सपा का घोषणा पत्र कल, हर साल 40 हजार देने के साथ हो सकते हैं ये बड़े चुनावी वादे; फ्री बिजली की बात भी
मीणा ने बताया, "मुझे लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा गया। प्रदर्शनकारियों ने मुझे धक्का देकर एक जलाशय में भी गिरा दिया। इसके बाद मैं बेहोश हो गया।" एक अधिकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने मीणा को एक सुनसान जगह पर पाया और अस्पताल पहुंचाया।
