कोड़ा ने मनमोहन को भी कोयला घोटाले में घसीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कोयला घोटाले में आरोपी रहे मधु कोड़ा ने डेढ़ लाख करोड़ के इस घोटाले में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम भी घसीट लिया है। कोडा ने उस दौरान प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह को भी आरोपी बनाने की मांग को लेकर विशेष अदालत में अर्जी दाखिल की है।
मामले में कई साल की जेल काटने के बाद जमानत पर छूटे मधु कोडा फिर सक्रिय होते दिख रहे हैं। पूर्व में भी वह कोयला घोटाले के लिए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह से पूछताछ की मांग कर चुके हैं। इसी कड़ी में कोड़ा ने मनमोहन के खिलाफ अर्जी दाखिल कर दी है।
पूर्व सीएम कोडा का आरोप है कि जिस दौरान कोयला घोटाला हुआ था उस समय कोयला मंत्रालय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के ही अधीन था और उनकी बिना अनुमति के किसी भी कोल ब्लॉक का आवंटन संभव नहीं था। इसलिए उन्हें भी बतौर आरोपी शामिल कर समन भेजा जाना चाहिए।
कोडा को फरवरी में ही मिली थी जमानत
बता दें कि झारखंड के पूर्व सीएम कोडा को इसी फरवरी में जमानत मिली थी। जो काफी समय से कोयला घोटाले में संलिप्तता के आरोपों के चलते जेल की हवा खा रहे थे।
हालांकि उस समय भी सीबीआई ने विशेष अदालत में उन्हें जमानत देने का विरोध किया था। सीबीआई ने उन पर झारखंड के रझारा कोयला ब्लॉक को गलत तरीके से विनी आयरन एंड स्टील उद्योग को आवंटित करने के आरोप लगाए थे।
वहीं कोयला घोटाले में पूर्व कोयला सचिव पारेख और अन्य आरोपी जेल की हवा खा चुके हैं। इनके अलावा भी कई आरोपियों के खिलाफ अभी भी मुकदमा चल रहा है।