झारखंड के मंत्री ने लालू के नेता को सरेआम पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड में एक हैरअंगेज घटनाक्रम में रघुवरदास सरकार के मंत्री ने आरजेडी नेता को सरेआम दौड़ा दौड़ा कर पीटा। मामला किसी जातीय कार्यक्रम में हुई असहमति और बहस से शुरू हुआ था जिसके बाद मंत्री जी ने कार्यक्रम से बाहर निकलकर आरजेडी नेता को दौड़ा लिया। इस दौरान राजद नेता को बचाने आए एक अन्य नेता की भी पिटाई की गई।
दोनों को गिरा गिराकर पीटा गया। मंत्री के साथ उनके सिक्योरिटी गार्ड्स ने भी दोनों नेताओं को जमकर पीटा। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ शिकायत की गई है। मंत्री द्वारा की गई पिटाई की घटना कैमरे में कैद हो गई है जिसके बाद से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार झारखंड सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रामचन्द्र चन्द्रवंशी रविवार को अखिल भारतीय चन्द्रवंशी सभा के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पलामू जिले के विश्रामपुर में गए थे। बताया जाता है कि राजद नेता शंभू चन्द्रवंशी जातीय सभा में जिलाध्यक्ष पद पर हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रामचन्द्र चंद्रवंशी ने अपने बेटे सागर को नया जिलाध्यक्ष बनाए जाने की मांग की। इस पर शंभू चन्द्रवंशी ने आपत्ति जताई। बताया जाता है कि उस समय हल्की फुल्की बहस के बाद मामला शांत हो गया।
कैमरे में कैद हुए पिटाई करते हुए मंत्री
आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब रामचन्द्र चन्द्रवंशी बाहर निकले तो उनकी निगाह राजद नेता पर पड़ गई। उन्होंने उसके साथ गाली गलौज कर दी। शंभू चन्द्रवंशी ने विरोध किया तो मंत्री ने उन पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए।
बीच बचाव को आए चन्द्रवंशी सभा के एक अन्य नेता अजय वर्मा से भी मारपीट की गई। आरोप है मंत्री ने इसके बाद अपने अंगरक्षकों से भी दोनों की पिटाई करवाई। इस दौरान मंत्री दोनों से गाली गलौज करते हुए भी देखे जा रहे हैं।
हालांकि उन्होंने शंभू और अजय वर्मा पर खुद से गाली गलौज करने का आरोप लगाया, लेकिन कैमरे में ऐसा कहीं सुनाई नहीं पड़ा। मामले में शंभू चन्द्रवंशी और अजय वर्मा की ओर से मंत्री और उनके अंगरक्षकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई है, वहीं मंत्री की ओर से उनके अंगरक्षकों ने उन दोनों के खिलाफ शिकायत की है।