{"_id":"5dd0ba088ebc3e54be28b543","slug":"jharkhand-assembly-election-gaurav-vallabh-congress-spokesperson-raghubar-das","type":"story","status":"publish","title_hn":"'एक ट्रिलियन में कितने जीरो' पूछ चर्चा में आए वल्लभ लड़ेंगे सीएम के खिलाफ चुनाव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'एक ट्रिलियन में कितने जीरो' पूछ चर्चा में आए वल्लभ लड़ेंगे सीएम के खिलाफ चुनाव
Sun, 17 Nov 2019 08:46 AM IST
अनवर अंसारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: अनवर अंसारी
Updated Sun, 17 Nov 2019 08:46 AM IST
विज्ञापन
- फोटो : social media
कांग्रेस ने राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ को झारखंड विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर पूर्वी सीट से उम्मीदवार बनाया है। वह मुख्यमंत्री रघुवर दास को चुनौती देंगे। गौरव लंबे अरसे से टीवी चैनलों पर कांग्रेस का पक्ष रखते आ रहे हैं लेकिन भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा से ‘एक ट्रिलियन में कितने शून्य’ पूछकर चर्चा में आ गए थे।
विज्ञापन
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री रघुवर दास लगातार पांच बार जीत चुके हैं। कांग्रेस अबतक राज्य में 27 उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। वल्लभ ने कहा कि वह सीएम को चुनौती देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। सीएम ने झारखंड के लोगों को बेसहारा छोड़ दिया गया है।
विज्ञापन
जमशेदपुर पूर्वी सीट से उम्मीदवार बनाए गए गौरव वल्लभ एक्सएलआरआई, जमशेदपुर में प्रोफेसर रह चुके हैं और वर्तमान में कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता हैं। गौरव को पहचान तब मिली जब उन्होंने एक लाइव टीवी डिबेट में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा से 'ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं' से जुड़ा सवाल पूछ लिया था, तब संबित इस सवाल का तुरंत कोई जवाब नहीं दे पाए थे।
विज्ञापन
झारखंड के कई वरिष्ठ नेताओं ने गौरव को प्रत्याशी बनाने की मांग केंद्रीय नेतृत्व से की थी। गौरव राजस्थान के जोधपुर के पीपाड़ गांव के रहने वाले हैं। उनकी स्कूली शिक्षा पाली जिले से पूरी हुई है। वह लंबे समय से कांग्रेस के प्रवक्ता के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
केंद्रीय नेतृत्व से अनुमति मिलने के बाद गौरव ने भी चुनाव लड़ने की बात कही थी। इसके साथ ही झारखंड विधानसभा चुनाव में सबसे रोमांचक मुकाबला जमशेदपुर पूर्वी सीट पर ही देखने को मिलेगा, जहां से रघुवर दास के कैबिनेट मंत्री सरयू राय भी मैदान में उतरने का मूड बना चुके हैं।
टिकट मिलने के बाद गौरव वल्लभ ने ट्वीट कर कहा कि 'कांग्रेस पार्टी ने मुझे झारखंड के जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से सीएम रघुवर दास जी के खिलाफ उम्मीदवार घोषित किया है। मैं पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता व पदाधिकारियों का मुझ पर भरोसा जताने के लिए कोटि-कोटि आभार प्रकट करता हूं। भरोसा दिलाता हूं की आपके विश्वास पर हमेशा खरा उतरूंगा।'
कांग्रेस राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। सीट बंटवारे की व्यवस्था के अनुसार, 81 सीटों वाली विधानसभा में झामुमो 43, कांग्रेस 31 और राजद सात सीटों पर लड़ेगी।
कांग्रेस पार्टी ने मुझे झारखंड के जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से सीएम रघुवर दास जी के खिलाफ उम्मीदवार घोषित किया है। मैं पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता व पदाधिकारियों का मुझ पर भरोसा जताने के लिए कोटि-कोटि आभार प्रकट करता हूं।भरोसा दिलाता हूँ की आपके विश्वास पर हमेशा खरा उतरूँगा।
— Prof. Gourav Vallabh (@GouravVallabh) November 16, 2019