झारखंड: नवनिर्मित विधानसभा भवन का एक हिस्सा जलकर खाक, दुमका में विस्फोटक बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड में पांच चरणों में हो रहे विधानसभा चुनावों के बीच बुधवार को यहां नवनिर्मित विधानसभा भवन के एक हिस्से में भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार, आग पर रात लगभग दस बजे काबू पाया जा सका। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे विधानसभा भवन की तीसरी मंजिल आग लगी थी, जिसने विकराल रूप धारण कर लिया।
भारी मशक्कत के बाद अग्निशमन दल ने लगभग दस बजे आग पर काबू पाया। आग लगने से विपक्ष के साथ-साथ पत्रकार दीर्घा भी जलकर पूरी तरह खाक हो गया। झारखंड विधानसभा के नए भवन के पश्चिमी भाग के चार अलग-अलग हिस्सों में आग लगी। दर्जनभर दमकल वाहनों के साथ अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए।
आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चला है। पुलिस जांच कर रही है। नए विधानसभा भवन में आग लगने घटना से नई सरकार के गठन के बाद पहले सत्र की कार्यवाही नए विधानसभा भवन में होने पर संशय मंडराने लगा है।
चुनाव से पहले दुमका में विस्फोटक बरामद
उधर, दुमका जिले के नक्सल प्रभावित गोपीकांदर थाना क्षेत्र के लखीबाद स्थित एक बंद पत्थर खदान के पास से भारी संख्या में विस्फोटक बरामद हुआ है। विस्फोटक को छिपाकर रखा गया था। स्थानीय पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सुशील कुमार मंडल नामक व्यक्ति की पत्थर खदान के पास जंगल में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्रियां छिपाकर रखी गई हैं।
जिला पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए विस्फोटक सामग्री बरामद की है। उन्होंने कहा कि बरामद विस्फोटकों का संबंध नक्सलियों से है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है।