झारखंड में कर चोरी : कारोबारी समूह पर छापे में करोड़ों रुपये की आयकर चोरी का पता चला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आयकर विभाग ने झारखंड के एक समूह पर बीते दिनों मारे गए छापों के बाद जांच में करोड़ों रुपये की कर चोरी पकड़ी है। समूह के करीब 20 ठिकानों पर बीते दिनों जांच की गई थी। यह समूह स्पांज आयरन, आयरन इंगोट्स, आयरन बार व पेट्रोल पंप के कारोबार से जुड़ा है। छापों के वक्त चार करोड़ रुपये की नकदी व आभूषण जब्त किए गए थे।
फर्जी कंपनियों के जरिए बेहिसाबी पैसों की हेराफेरी
सीबीडीटी ने सोमवार को बताया कि आयकर विभाग की कार्यवाही 17 से 20 मार्च के बीच की गई थी। यह समूह लोहे के कारोबार के अलावा पेट्रोल पंप व्यवसाय से भी जुड़ा है। समूह फर्जी कंपनियों के जरिए अपने बेहिसाबी धन की हेराफेरी करता था। आरंभिक जांच में कंपनी द्वारा 185 करोड़ की बिक्री बगैर बिल के करने का पता चला है।
बगैर बिल के नकद में बेचा माल
सीबीडीटी ने अपने बयान में कहा है कि यह समूह अपने वास्तविक उत्पादन को बहीखातों में नियमित रूप से नहीं दर्शाता था। कंपनी द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पाद जैसे- स्पांज आयरन, माइल्ड स्टील, स्टील इंगोट्स, रॉड्स, टीएमटी सरिया आदि का इस्तेमाल कंस्ट्रक्शन उद्योग में होता है। समूह अपने बेहिसाबी उत्पादन से बना माल पूर्वी भारत में बगैर बिल के नकद में बेचता था।
करीब 100 करोड़ रुपये की इस काली कमाई को समूह ने कोलकाता स्थित छद्म कंपनियों के जरिए असुरक्षित कर्ज व अंशपूंजी के रूप में पुन: समूह में लगाया था। इतना ही नहीं इसी तरह का पैसा समूह के मालिकों ने संपत्तियों की खरीदी व महंगे सामान की खरीदी पर भी खर्च किया।
फर्जी कंपनियों से 25 करोड़ का असुरक्षित कर्ज लिया
सीबीडीटी के अनुसार इस समूह ने कोलकाता की फर्जी कंपनियों के जरिए 25 करोड़ रुपये का असुरक्षित कर्ज भी लिया। इससे साफ है कि वह अपना ही पैसा इन छद्म कंपनियों के जरिए पुन: समूह में लोन के रूप में लेकर निवेश करता था। बता दें कि बीते दिनों समूह के 20 ठिकानों पर मारे गए छापे के वक्त 3.07 करोड़ रुपये नकद और 1.28 करोड़ रुपये की ज्वेलरी जब्त की गई थी।