{"_id":"5ef496d68ebc3e42b62d0459","slug":"babulal-marandi-said-to-cm-hemant-soren-if-you-are-impartial-arrest-your-minister-representative","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन से कहा, निष्पक्ष हैं तो अपने मंत्री और प्रतिनिधि को गिरफ्तार कराएं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन से कहा, निष्पक्ष हैं तो अपने मंत्री और प्रतिनिधि को गिरफ्तार कराएं
Thu, 25 Jun 2020 05:52 PM IST
Rohit Ojha
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
Published by: Rohit Ojha
Updated Thu, 25 Jun 2020 05:52 PM IST
विज्ञापन
बाबूलाल मरांडी (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
झारखंड भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनकी निष्पक्षता का सबूत मांगा है। उन्होंने कहा कि अगर वह निष्पक्ष हैं तो बंदोबस्ती के दौरान सोमवार को हुई मारपीट और सरकारी काम की ठेकेदारी के विवाद में राज्य के मंत्री आलमगीर आलम तथा मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कराएं। इस मामले में कथित धमकी भरा ऑडियो टेप सामने आया है।
विज्ञापन
मरांडी ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा है, ‘अगर आप सही में निष्पक्ष हैं और इस मामले में आपकी प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष कहीं से भी कोई संलिप्तता नहीं है तो 24 घंटे के अंदर मंत्री और अपने प्रतिनिधि को गिरफ्तार कराएं। क्योंकि यह मामला सीधे आपकी प्रतिष्ठा से जुड़ा है। इससे आप पल्ला झाड़कर बच नहीं सकते हैं।’ मरांडी ने मांग की है कि इन दोनों लोगों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले की उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से जांच कराई जानी चाहिए।
विज्ञापन
उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा, ‘अगर ऐसा नहीं होता है और मामले में लीपापोती का प्रयास किया जाता है तो माना जाएगा कि सबकुछ आपके संरक्षण में हो रहा है। साथ ही मंत्री और आपके प्रतिनिधि का यह कथन भी अक्षरक्षः सही साबित होगा कि पूरे सिस्टम की चाभी उन्हीं लोगों के हाथ है।’ मरांडी ने पत्र में कहा, ‘मैं आपका ध्यान साहिबगंज जिले के बरहड़वा नगर पंचायत के सैरात, बंदोबस्ती प्रक्रिया में हुई मारपीट और इस प्रक्ररण में आपके मंत्रिमंडल के सहयोगी मंत्री आलमगीर आलम तथा बरहेट विधानसभा से आपके प्रतिनिधि पंकज मिश्रा की भूमिका को लेकर आकृष्ट कराना चाहता हूं।'
विज्ञापन
इनके बारे में समाचार-पत्रों में भी प्रमुखता से खबरें छपी हैं। वहीं, इन लोगों का धमकी भरा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ठेकेदार शंभू भगत, मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र बरहेट के प्रतिनिधि पंकज मिश्रा और राज्य के ग्रामीण विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम की कथित बातचीत का ऑडियो टेप सामने आया है, जिसमें वे ठेकेदार को स्थानीय नीलामी में शामिल न होने की कथित तौर पर हिदायत देते सुनाई देते हैं। यह भी आरोप है कि बात न मानने पर पुलिस के सहयोग से ठेकेदार के साथ मारपीट की गई।